1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. लोग रणवीर और रणबीर में उलझे रहे, असली लाइमलाइट लूट गया ये धाकड़ हीरो, मॉडलिंग की दुनिया का रहा राजा

लोग रणवीर और रणबीर में उलझे रहे, असली लाइमलाइट लूट गया ये धाकड़ हीरो, मॉडलिंग की दुनिया का रहा राजा

 Written By: Shyamoo Pathak
 Published : Jul 09, 2025 04:02 pm IST,  Updated : Jul 09, 2025 04:02 pm IST

बीते दिनों रामायण और धुरंधर फिल्मों के फर्स्ट लुक और टीजर रिलीज हुए। जिसके बाद रणबीर कपूर और रणवीर सिंह को लेकर डिबेट शुरू हो गई। लेकिन इसी बीच अर्जुन रामपाल ने महफिल लूट ली है।

Arjun Rampal- India TV Hindi
अर्जुन रामपाल Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड फिल्मों के लिए जुलाई का महीना काफी खास रहने वाला है। इस महीने दर्जनभर से ज्यादा फिल्मों ने सिनेमाघरों में दस्तक दी है तो वहीं 2 बड़ी फिल्मों के फर्स्ट लुक भी रिलीज किए गए हैं। ये दोनों फिल्म रणवीर सिंह और रणबीर कपूर की हैं। रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर का हाल ही में टीजर रिलीज हुआ तो एक बार फिर वही पुरानी रणवीर सिंह और रणबीर कपूर वाली बहस इंटरनेट पर सामने आई। रणबीर कपूर भी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म रामायण के फर्स्ट लुक को लेकर चर्चा में हैं। लेकिन इन दोनों में किसका कमबैक धांसू होने वाला है इस बहस में एक और हीरो ने महफिल लूट ली है। ये हीरो कोई और नहीं बल्कि अर्जुन रामपाल हैं। अर्जुन रामपाल बॉलीवुड की दुनिया का वो नाम जिसका कभी इंटरनेशनल मॉडलिंग की दुनिया में सिक्का चलता है और आज भी किसी दिग्गज से कम नहीं है। यूं तो अर्जुन रामपाल कभी सिनेमा और एक्टिंग से दूर नहीं हुए और लगातार फिल्मों में छोटे ही सही लेकिन असरदार किरदार करते नजर आते रहते हैं। बीते दिनों राणा दग्गुबाती के साथ सीरीज 'राना नायडू' में दिखे अर्जुन रामपाल का फिल्म 'धुरंधर' से भी एक दमदार लुक वायरल हो रहा है। डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म धुरंधर में अर्जुन रामपाल एक धांसू किरदार निभाते नजर आने वाले हैं और उनके लुक में इसकी धार भी देखने को मिल रही है। 

एक पार्टी ने बदली अर्जुन रामपाल की जिंदगी

अर्जुन रामपाल का जन्म जबलपुर में हुआ था। अर्जुन जब स्कूल में थे तो माता पिता अलग हो गए और उनकी मां के साथ रहे। अर्जुन की मां एक स्कूल टीचर थीं तो यहीं से स्कूलिंग हुई और दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने के लिए राजधानी आ गए। यहां अर्जुन एक दिन पार्टी में गए और यहीं पर उनकी मुलाकात डिजाइनर रोहित बाल से हुई। रोहित के साथ अर्जुन ने मॉडलिंग शो में हिस्सा लिया और हिट रहे। इसके बाद अर्जुन को 1994 में ही सोसाइटी का 'फेस ऑफ द ईयर' का खिताब मिला। इसके बाद अर्जुन ने मॉडलिंग की दुनिया में अपना नाम कमाया और भारत के पहले मॉडल बने जिसने दुनिया में अपनी पहचान हासिल की। कभी अर्जुन रामपाल की तुलना जॉन अब्राहिम से भी हुआ करती थी। 

एक्टिंग की दुनिया में भी खूब कमाया नाम

बता दें कि अर्जुन रामपाल ने मॉडलिंग के साथ एक्टिंग में भी काम शुरू किया। साल 1997 में अर्जुन रामपाल ने 'किन्ना सोणा' गाने में भी काम किया। इसके बाद डोन्ट मैरी माया म्यूजिक वीडियो में भी अपनी छाप छोड़ी। साल 2001 में अर्जुन ने 'प्यार इश्क मोहब्बत' नाम की फिल्म से करियर की शुरुआत की। हालांकि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं कर पाई फिर भी अर्जुन ने अपनी पहचान पा ली। इसके बाद 'दीवानापन', 'आंखें', 'दिल है तुम्हारा', 'दिल का रिश्ता' और 'वादा' जैसी फिल्मों में काम कर खूब नाम कमाया।

खूब किरदार और दमदार एक्टिंग 

बीते 10 साल में भी अर्जुन रामपाल ने खूब किरदार निभाए हैं लेकिन उन्हें उनके हक की शोहरत नहीं मिल पाई है। इसकी वजह अर्जुन रामपाल की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर कोई खास प्रदर्शन नहीं करना रही है। साल 2015 में आई फिल्म रॉय में अर्जुन रामपाल के साथ रणबीर कपूर की भी नजर आए थे। लेकिन ये फिल्म कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद से अर्जुन रामपाल ने आधा दर्जन से ज्यादा फिल्में कीं लेकिन फ्लॉप रहीं। अभी भी अर्जुन रामपाल ओटीटी सीरीज से लेकर फिल्मों में छोटे लेकिन असरदार किरदार निभाते नजर आते रहते हैं। बीते दिनों राना नायडू नाम की सीरीज में भी अर्जुन रामपाल ने कमाल का काम किया है। लेकिन अब धुरंधर के नए लुक ने उन्हें एक बार फिर से लाइमलाइट में ला दिया है। अब देखना होगा कि क्या एक बार फिर अर्जुन रामपाल की स्टारडम का सिक्का उछलता हुआ दिखने वाला है। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन