बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी इन दिनों देश के साथ-साथ विदेशों में भी सुर्खियां बटोर रही हैं क्योंकि बॉलीवुड के बाद अब वह हॉलीवुड फिल्म में धूम मचाती नजर आने वाली हैं। हाल ही में दिशा 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आई थीं और अब वह हॉलीवुड डेब्यू के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह ऑस्कर विनिंग डायरेक्टर केविन स्पेसी की अपकमिंग फिल्म 'हॉलीगार्ड सागाः द पोर्टल ऑफ फोर्स' से हॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं, जिसके बारे में उन्होंने हाल ही में खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने ऑस्कर विनिंग डायरेक्टर केविन स्पेसी के साथ काम करने का अपना अनुभव भी साझा किया।
दिशा पाटनी का हॉलीवुड डेब्यू
प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट, अली फजल और तब्बू जैसे कलाकारों के नक्शेकदम पर चलते हुए, दिशा पाटनी भी अब हॉलीवुड में कदम रख चुकी हैं। दिशा ऑस्कर विजेता केविन स्पेसी के निर्देशन में बन रही सुपरनैचुरल थ्रिलर फिल्म 'हॉलीगार्ड्स सागा: द पोर्टल ऑफ फोर्स' में नजर आने वाली हैं। अब दिशा ने हाल ही में केविन स्पेसी के साथ काम करने और अपनी हॉलीवुड जर्नी के बारे में बात की और बताया कि कैसे हॉलीवुड फिल्मों में एंट्री ऑडिशन पर निर्भर करता है। अगर आपको पश्चिमी देशों के सिनेमा में एंट्री चाहिए तो ऑडिशन देना अनिवार्य है। दिशा के अनुसार, भारत में रहकर ग्लोबल प्रोजेक्ट्स में एंट्री की उम्मीद भी नहीं की जा सकती।
केविन स्पेसी के बारे में क्या बोलीं दिशा पाटनी?
'वैरायटी इंडिया' से बात करते हुए दिशा पाटनी ने अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म 'हॉलीगार्ड सागा' के निर्देशक केविन स्पेसी के बारे में भी खुलकर बात की। केविन स्पेसी की तारीफ करते हुए दिशा ने कहा, 'वह कमाल के हैं। वह खुद भी एक एक्टर हैं, जिसके चलते वह दूसरे एक्टर्स को समझते हैं। वह कलाकारों को एक्सपेरिमेंट की काफी आजादी देते हैं। शूटिंग के दौरान वह हमसे अक्सर कहते थे कि अपने अनुभवों का इस्तेमाल करो। वो हमें खुद से ऐसे सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित करते थे, जैसे- 'अगर आप इस सिचुएशन में हुए तो कैसे रिएक्ट करेंगे?' क्या आप ये कर सकते हैं? या फिर अगर आपके साथ ऐसा होता है तो आपको कैसा महसूस होगा?' वह अपने किरदार को समझने के लिए कलाकारों को पूरी क्रिएटिव फ्रीडम देते हैं। हर सुबह, वह शूटिंग से पहले हमारे साथ बैठते थे और फिर सीन समझाते थे। मुझे यह बहुत खास लगा।'
भारत में बैठकर ग्लोबल रोल पाना आसान नहीं
इसी दौरान दिशा पाटनी ने बताया कि उन्हें इस फिल्म में एंट्री कैसे मिली। एक्ट्रेस ने अपने हॉलीवुड डेब्यू और ऑडिशन प्रोसेस के बारे में बात करते हुए कहा, 'पश्चिमी देशों में ऑडिशन टेम्प्लेट सबसे ज्यादा अहम चीज है। अगर आपको काम चाहिए तो आपको रोल के लिए ऑडिशन देना होगा। हालांकि, किस्मत भी कई बार अहम भूमिका निभाती है। कभी-कभी वे (हॉलीवुड फिल्ममेकर्स) आपका काम देखकर ही आपको कोई प्रोजेक्ट या ऑडिशन ऑफर कर देते हैं। और हां ये आपके वीजा और लॉजिस्टिक्स से जुड़े अन्य मामलों पर भी निर्भर करता है, क्योंकि आपको वहां फिजिकली मौजूद रहना होता है। आपको भारत में बैठे-बैठे ग्लोबल रोल नहीं मिलेंगे। हां, आप यहां से ऑडिशन दे सकते हैं, लेकिन सबसे अच्छा है कि आप वहां जाएं, वहां के तौर-तरीके सीखें और उस पर काम करें। मुझे लगता है किसी भी देश में काम करने का यही तरीका सबसे अच्छा तरीका है।'
ये भी पढ़ेंः 'आवारापन 2' का टीजर देख बंटे नेटिजन्स, किसी को लगा तूफान तो कोई बोला- सिर्फ पुरानी यादें बेचने की कोशिश