जब भी हिंदी सिनेमा के सबसे टॉप कॉमेडियन्स की गिनती होती है, इनमें जगदीप का नाम जरूर लिया जाता है। जगदीप ने अपने अभिनय से दर्शकों को सालों हंसाया और फिर एक दिन अचानक ही इस दुनिया को अलविदा कह गए। हालांकि, अपने फिल्मी करियर के साथ-साथ जगदीप अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहे। उन्होंने एक-दो नहीं बल्कि तीन शादियां की थीं, जिसके चलते उनके परिवार में हमेशा तनाव बना रहा। इन तीन शादियों से जगदीप के छह बच्चे हुए, जिनमें से एक का आज जन्मदिन है। हम बात कर रहे हैं फिल्मी दुनिया के जाने-माने अभिनेता और डांसर जावेद जाफरी की, जो आज अपना 63वां जन्मदिन मना रहे हैं। आज जावेद जाफरी के जन्मदिन के मौके पर आपको उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताते हैं।
विरासत में मिली कॉमेडी
जावेद जाफरी को विरासत में अपने पिता से कॉमेडी मिली, लेकिन एक्टिंग और डांसिंग को उन्होंने खुद ही निखारा और इसी के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री में अलग पहचान भी हासिल की। जावेद जाफरी ने अपना करियर 1985 में आई फिल्म 'मेरी जंग' से शुरू किया था। इस फिल्म में उन्होंने निगेटिव भूमिका निभाई थी। इसके बाद धीरे-धीरे उन्होंने फिल्मी दुनिया में अपने दम पर अपनी पहचान हासिल की। 2005 में आई सलाम नमस्ते में उन्होंने अपने पिता की ही तरह कॉमेडी से सबके दिल जीत लिए। इसके बाद वह कई फिल्मों में अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसाते दिखे। 2007 में रिलीज हुई 'धमाल' में निभाया मानव का किरदार उनके फैंस का फेवरेट किरदार है।
भाईयों का टीवी और फिल्मों में रहा जलवा
जावेद जाफरी के भाई नावेद और हुसैन जाफरी भी फिल्मी दुनिया का जाना-माना नाम हैं। जहां जावेद ने फिल्मों से लेकर टीवी और रियलिटी शोज तक में अपना जलवा बिखेरा तो वहीं उनके भाई नावेद भी उनके साथ डांस रियलिटी शो 'बूगी वूगी' में साथ नजर आए। जावेद के बच्चे भी अब फिल्मों का रुख कर चुके हैं। उनके बड़े बेटे मीजान जाफरी ने 2019 में ही 'मलाल' से डेब्यू कर लिया था, जिसमें वह शिवा मोरे के किरदार में दिखाई दिए थे। फिल्म में उनके साथ संजय लीला भंसाली की भांजी शरमिन सेगल लीड रोल में थीं। मीजान के अलावा भी जावेद के दो बच्चे अलाविया और अब्बास जाफरी हैं।
30 साल छोटी है बहन
जावेद जाफरी के भाईयों, बच्चों और अन्य सदस्यों के बारे में तो सभी जानते हैं, लेकिन क्या आप उनकी उस बहन के बारे में जानते हैं जो उनसे 30 साल छोटी है। हम बात कर रहे हैं मुस्कान जाफरी की, जो जावेद जाफरी से 31 साल छोटी हैं। दरअसल, मुस्कान, जावेद की सौतेली बहन हैं। वह अभिनेता के पिता जगदीप और उनकी तीसरी पत्नी नाजिमा की बेटी हैं, जिनके साथ जावेद जाफरी और उनके परिवार का रिश्ता सालों तक खिंचाव भरा रहा। हालांकि, अब सालों बाद कुछ महीने पहले जावेद जाफरी को अपनी सौतेली बहन मुस्कान के साथ देखा गया था, जिसने हर तरफ हलचल पैदा कर दी थी।
क्या करती हैं मुस्कान जाफरी?
जावेद जाफरी की 31 साल छोटी बहन मुस्कान जाफरी एक फेमस एक्ट्रेस हैं और सोशल मीडिया पर जबरदस्त फैन फॉलोइंग रखती हैं। मुस्कान एक बेहतरीन एक्ट्रेस होने के साथ-साथ एक वॉयस ओवर आर्टिस्ट भी हैं और थिएटर की दुनिया में भी एक्टिव हैं। मुस्कान, पिछले दिनों 'मिसमैच्ड' में भी नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों को इंप्रेस किया। इसके अलावा मुस्कान ब्रिटिश टीवी शो 'द गुड कर्मा हॉस्पिटल' में भी नजर आ चुकी हैं। मुस्कान एक शानदार एक्ट्रेस और वॉयस ओवर आर्टिस्ट होने के साथ-साथ क्लासिकल डांसर भी हैं और उन्होंने विदेशी फॉर्म में भी डांस की ट्रेनिंग ली है।
ये भी पढ़ेंः 'कितने पैसे चाहिए तेरे को?' वाराणसी में दिखा सनी देओल का रौद्र रूप, छीना कैमरा, सहम उठे पैपराजी