1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. जूनियर NTR के घर पसरा मातम, इस फैमिली मेंबर की मौत से दर्द में परिवार, CM चंद्रबाबू नायडू ने जाहिर की संवेदना

जूनियर NTR के घर पसरा मातम, इस फैमिली मेंबर की मौत से दर्द में परिवार, CM चंद्रबाबू नायडू ने जाहिर की संवेदना

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Aug 19, 2025 06:28 pm IST,  Updated : Aug 19, 2025 07:58 pm IST

जूनियर NTR के नंदमुरी परिवार में शोक व्याप्त है। जयकृष्ण नंदमुरी की पत्नी पद्मजा का निधन हो गया है। इस दुखद मौके पर सीएम चंद्रबाबू नायडू और लोकेश नारा ने शोक जताया है।

Junior NTR aunt Daggubati Venkateswara Rao sister Padmaja demise - India TV Hindi
जयकृष्ण की पत्नी और जूनियर एनटीआर की चाची पद्मजा का हैदराबाद में निधन। Image Source : KRRISH RADHA KRISHNA'S FB/ @JRNTR/INSTA

नंदमुरी परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है। दिग्गज अभिनेता और पूर्व मुख्यमंत्री नंदमुरी तारक रामा राव (NTR) के बेटे नंदमुरी जयकृष्ण की पत्नी पद्मजा का मंगलवार 19 अगस्त की सुबह निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, पद्मजा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और उन्हें हाल ही में सांस लेने में परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली। पद्मजा, केवल नंदमुरी परिवार की सदस्य ही नहीं थीं, बल्कि उनका संबंध तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति के कई बड़े नामों से भी जुड़ा हुआ था। वह दग्गुबाती वेंकटेश्वर राव की बहन थीं और इसी नाते अभिनेता जूनियर एनटीआर की चाची भी थीं।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और परिवार ने जताया दुख

पद्मजा के निधन की खबर सुनकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू व्यक्तिगत रूप से शोक व्यक्त करने के लिए हैदराबाद रवाना हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट में लिखा, 'मेरे बहनोई नंदमुरी जयकृष्ण की पत्नी और दग्गुबाती वेंकटेश्वर राव की बहन पद्मजा के निधन की खबर से गहरा आघात पहुंचा है। यह क्षति हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि पद्मजा की आत्मा को शांति मिले।' इसी तरह, आंध्र प्रदेश के मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश ने भी दुख प्रकट करते हुए कहा, 'मेरे चाचा नंदमुरी जयकृष्ण की पत्नी पद्मजा के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह हमारे परिवार की मजबूत स्तंभ थीं। उनका स्नेह और मार्गदर्शन हमेशा हमारे साथ रहा। इस अपूरणीय क्षति से उबरना आसान नहीं होगा।'

यहां देखें पोस्ट

परिवार से जुड़ी यादें

पद्मजा को उनके सादगीपूर्ण स्वभाव, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक गरिमा के लिए जाना जाता था। परिवार और फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें एक सशक्त, लेकिन शांत व्यक्तित्व के रूप में देखा जाता था। उनके बेटे नंदमुरी चैतन्य कृष्ण ने अभिनय के क्षेत्र में कदम रखते हुए फिल्म ‘धाम’ से बतौर नायक डेब्यू किया था। इसके बाद वह हाल ही में चर्चित फिल्म ‘ब्रीद’ में भी नजर आए। चैतन्य की फिल्मी पारी को लेकर पद्मजा अक्सर चर्चा में रहती थीं और परिवार के हर फैसले में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती थी।

कब होगी अंतिम विदाई?

पद्मजा के निधन की खबर मिलते ही न केवल राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों, बल्कि आम लोगों ने भी सोशल मीडिया पर शोक जताया। परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद में पारिवारिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन