ओटीटी प्लेटफॉर्म पर तहलका मचाने के बाद क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'मिर्जापुर' अब सिनेमाघरों में अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार है। थिएटर्स में आधिकारिक दस्तक देने से पहले ही 'मिर्जापुर: द मूवी' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी जबरदस्त पकड़ साबित कर दी है। मुन्ना भैया (दिव्येंदु शर्मा) की वापसी और कालीन भैया-गुड्डू पंडित की खूनी जंग को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। शुरुआती रुझानों और एडवांस बुकिंग के आंकड़ों को देखें तो यह फिल्म भारत में रिलीज के पहले ही दिन 20 से 25 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ एक धमाकेदार शुरुआत कर सकती है। सोमवार को एडवांस बुकिंग खिड़की खुलते ही जिस तरह से रिस्पॉन्स मिला है, उसने बॉक्स ऑफिस एनालिस्ट को भी हैरान कर दिया है।
एडवांस टिकट बिक्री में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
फिल्म की एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े ही इसकी बॉक्स ऑफिस सफलता की गवाही दे रहे हैं। सैक्निल्क के अनुसार महज कुछ ही घंटों के भीतर देश की प्रमुख राष्ट्रीय मल्टीप्लेक्स चेन्स में 20000 से अधिक टिकट बिक चुके थे। ताजा आंकड़ों के अनुसार देश भर में 4668 शो के लिए पहले दिन के 81790 से अधिक टिकटों की अग्रिम बिक्री हो चुकी है। इस बिक्री के साथ फिल्म ने रिलीज से पहले ही 2.34 करोड़ रुपये का ग्रॉस एडवांस कलेक्शन हासिल कर लिया है। ब्लॉक्ड सीट के साथ ये आंकड़ा 3 करोड़ के पार है। बॉक्स ऑफिस की रेस में यह फिल्म इमरान हाशमी स्टारर हालिया रिलीज 'आवारापन 2' की तुलना में कहीं अधिक तेजी से आगे बढ़ रही है।
हर घंटे बिक रहे सैकड़ों टिकट
ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो पर भी दर्शकों की उत्सुकता साफ नजर आ रही है। पिछले 24 घंटों में 15000 से ज्यादा लोगों ने इस फिल्म को देखने में अपनी रुचि दिखाई है। यह उत्सुकता सीधे तौर पर टिकटों की बिक्री में तब्दील होती दिख रही है। सोमवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच केवल एक घंटे में लगभग 1030 टिकट बिक गए। 31 अगस्त की समयसीमा तक सिर्फ बुकमायशो पर ही 17170 से अधिक टिकटों की बिक्री हो चुकी थी, जो 17 हजार के आंकड़े को पार कर गई है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि पूर्वांचल के इस खूनी साम्राज्य को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस कितने बेताब हैं।
नए और पुराने सितारों का संगम
'मिर्जापुर: द मूवी' की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दर्शकों को एक बार फिर पहले सीजन के उसी खौफनाक दौर में ले जाती है। फिल्म में गुड्डू पंडित (अली फजल), मुन्ना भैया (दिव्येंदु शर्मा) और कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) की तिकड़ी एक साथ फिर से भौकाल मचाती दिखेगी। इसके अलावा इस फिल्म में कलाकारों की एक लंबी और दमदार फौज शामिल है। फिल्म में जितेंद्र कुमार (बबलू पंडित की भूमिका में), रवि किशन (मुख्य विलेन के रूप में), अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मालिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंगशा बिस्वास्, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। ओरिजिनल शो का निर्देशन करने वाले गुरमीत सिंह के हाथों में ही फिल्म की कमान है, जिससे फैंस को वही असली 'मिर्जापुर फ्लेवर' मिलने की पूरी उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: 'ये जयचंद मेरी हत्या कराएगा', 'भोजपुरी बवाल' में तेज प्रताप यादव का सनसनीखेज दावा, पल-पल सता रहा डर