लापता लेडीज को लेकर पूरी दुनिया में तारीफें बटोरने वाली डायरेक्टर किरण राव आज 52वां जन्मदिन मना रही हैं। सुपरस्टार आमिर खान की पत्नी रहीं किरण राव की फिल्म लापता लेडीज ने फिल्म फेयर अवॉर्ड्स में 14 खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया था। आज जन्मदिन के मौके पर फैन्स ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई है। आज हम जानते हैं किरण राव के करियर और जिंदगी की कहानी।
शाही परिवार से रखती हैं ताल्लुक
किरण राव को उनकी फिल्में लापता लेडीज और धोबी घाट के लिए पहचाना जाता है। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि किरण एक शाही परिवार से ताल्लुक रखती हैं और अगर राजशाही खत्म नहीं होती तो वो भी एक राजकुमारी होतीं। आज ही के दिन 1973 को हैदराबाद में जन्मी किरण की स्कूलिंग कोलकाता में हुई थी और यहीं से उन्हें सत्यजीत रे के सिनेमा ने प्रेरित किया। बाद में किरण ने मुंबई जाकर सोफिया कॉलेज से इकॉनोमिक्स में ग्रेजुएशन किया और दिल्ली के जामिया मीलिया से कम्यूनिकेशन की डिग्री भी ली। इसके बाद मुंबई जाकर अपने पैशन को फॉलो करने लगीं। किरण राव के पिता वाणपार्थी नाम से किंगडम के राजकुमार हुआ करते थे जो हैदराबाद रियासत के अंदर पड़ता था। वर्तमान में ये एक जिला है जो तेलंगाना राज्य में पड़ता है।
लगान फिल्म से शुरू किया था करियर
बता दें कि किरण राव ने साल 2001 में आई फिल्म 'लगान' से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर अपने करियर की शुरुआत की थी। यही वो फिल्म थी जिसने उनकी मुलाकात आमिर खान से कराई थी। दोनों के बीच प्यार हो गया और बाद में दोनों ने शादी कर ली। किरण ने मॉनसून वेडिंग, साथिया और स्वदेस जैसी फिल्मों में भी बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया था। साल 2005 में किरण राव ने आमिर खान से शादी रचा ली और प्रोड्यूसर बन गईं। बाद में किरण राव ने सितारे जमीं पर, जाने तू या जाने न, पीपली लाइव, मुंबई डायरीज समेत करीब दर्जनभर फिल्में बतौर प्रोड्यूसर बनाईं।
डायरेक्टर बन रचा इतिहास
बता दें कि किरण राव अपने फिल्मी दुनिया के लिए पैशन के चलते खूब काम करती हैं। बीते दिनों रिलीज हुई किरण राव की फिल्म 'लापता लेडीज' ने 14 फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया था। इतना ही नहीं पूरी दुनिया में इस फिल्म की तारीफें देखने को मिली थीं। किरण राव को भी इस फिल्म की कहानी और महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर चल रही आंधी के बीच सराहना मिली है। आज जन्मदिन के मौके पर फैन्स ने सोशल मीडिया पर किरण राव को बधाई दी है।
ये भी पढ़ें- The Family Man 3 Trailer: जयदीप अहलावत बदलेंगे पूरा खेल, बेटे के सामने श्रीकांत तिवारी खोलेगा राज