1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कुकू कोहली के परिवार में कौन-कौन? अरुणा ईरानी से गुपचुप की थी दूसरी शादी, पहली पत्नी के जिंदा रहते कभी नहीं खोला राज

कुकू कोहली के परिवार में कौन-कौन? अरुणा ईरानी से गुपचुप की थी दूसरी शादी, पहली पत्नी के जिंदा रहते कभी नहीं खोला राज

 Written By: Priya Shukla
 Published : Aug 26, 2026 10:41 am IST,  Updated : Aug 26, 2026 10:41 am IST

दिग्गज फिल्मेकर और अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली अब इस दुनिया में नहीं रहे। कुकू कोहली ने 'फूल और कांटे' से बतौर डायरेक्टर शुरुआत की और इससे पहले पहले राज कपूर और दूसरे फिल्ममेकर्स के साथ काम किया था।

kuku kohli- India TV Hindi
अरुणा ईरानी के साथ कुकू कोहली। Image Source : INSTA/@KUKUKOHLI_OFFICIAL/@VIRALBHAYANI

दिग्गज फ़िल्ममेकर कूकू कोहली अब इस दुनिया में नहीं रहे। कुकू कोहली को दो दिन पहले हार्ट अटैक हुआ था, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन, मंगलवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने हमेशा-हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह दिया। कुकू कोहली ने 1991 की फिल्म 'फूल और कांटे' से बतौर डायरेक्टर अपना करियर शुरू किया था, जिससे अजय देवगन ने बॉलीवुड में शुरुआत की थी। मंगलवार शाम कुकू कोहली को कार्डियक अरेस्ट हुआ, जिसकी पुष्टि उनकी पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी के प्रवक्ता ने की है। अरुणा ईरानी, कुकू कोहली की दूसरी पत्नी थीं। चलिए जानते हैं दिवंगत कुकू कोहली और उनके परिवार के बारे में।

कौन थे कुकू कोहली?

कुकू कोहली हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्देशक थे। निर्देशन के साथ-साथ कुकू राइटर, एडिटर और स्क्रीनराइटर भी थे, जिन्होंने करीब 3 दशक तक हिंदी सिनेमा में काम किया। उनका जन्म जून 1949 को पेशावर में हुआ था। अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने राज कपूर सहित अन्य फिल्ममेकर्स के साथ काम किया। उन्होंने राज कपूर के साथ मिलकर 'बॉबी', 'प्रेम रोग' और 'सत्यम शिवम सुंदरम' जैसी सफल फिल्मों में काम किया और अपने हुनर को निखारा। वहीं 'बेताब' में उन्होंने बतौर सेकंड-यूनिट डारेक्टर काम किया, जिससे सनी देओल और अमृता सिंह ने डेब्यू किया था।

अजय देवगन की डेब्यू फिल्म के निर्देशक

कुकू कोहली ने सनी देओल और डिंपल कपाड़िया स्टारर 'अर्जुन' में भी काम किया। 1991 में कुकू कोहली ने बतौर निर्देशक डेब्यू किया। बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म 'फूल और कांटे' थी, जिससे अजय देवगन ने भी डेब्यू किया था। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और कुकू कोहली की भी किस्मत चल निकली। इसके बाद उन्होंने 'हकीकत', 'अनाड़ी नंबर 1' सहित कई हिट और यादगार फिल्मों का निर्देशन किया और अपने करियर में धर्मेंद्र से लेकर अक्षय कुमार, अजय देवगन, तब्बू, अमिरीश पुरी, ट्विंकल खन्ना, करिश्मा कपूर जैसे चर्चित सितारों के साथ काम किया।

कुकू कोहली के परिवार में कौन-कौन है?

कुकू कोहली की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने रीता कोहली से शादी की थी, जिनसे उनकी दो बेटियां हैं। कुकू कोहली की बेटियों के नाम पूजा और करिश्मा कोहली हैं। बताया जाता है कि रीता कोहली कुछ हेल्थ इश्यूज से जूझ रही थीं, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। लेकिन, रीता के निधन से पहले ही कुकू कोहली ने बॉलीवुड अभिनेत्री अरुणा ईरानी से शादी कर ली, जिनसे उनकी कोई संतान नहीं है। कुकू कोहली ने 1990 में अरुणा ईरानी से गुपचुप शादी की थी और लंबे समय तक अपने रिश्ते को दुनिया की नजरों से छुपाकर रखा। अरुणा ईरानी ने एक बार 'एएनआई' से बातचीत में कुकू कोहली के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा था कि वह किसी का दिल नहीं दुखाना चाहती थीं। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि उनमें अपनी और कुकू कोहली की शादी के बारे में किसी को बताने की हिम्मत नहीं थी, इसीलिए वह तब तक चुप रहीं, जब तक कुकू कोहली की पहली पत्नी रीता जिंदा थीं।

ये भी पढ़ेंः 'कलियों का चमन' पर झूमीं 79 की अभिनेत्री, स्टेज पर दिखाए जोरदार लटके-झटके, डांस देख फैन हुईं टीवी की दादी

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन