फिल्मों में कलाकारों के लुक और भव्यता को खास पहचान देने वाले डिजाइनर रिम्पल और हरप्रीत इन दिनों अपनी एक और वजह से चर्चा में हैं। संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ और वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ के कॉस्ट्यूम डिजाइन कर चुके इस डिजाइनर कपल के घर की खूबसूरती देखकर फराह खान भी हैरान रह गईं। दोनों इन दिनों नमित मल्होत्रा की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘रामायण’ के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन कर रहे हैं, जिसका बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। हाल ही में फराह खान ने दिल्ली स्थित उनके घर का दौरा किया। इस दौरान घर में मौजूद महंगी कलाकृतियों, प्राचीन वस्तुओं और शानदार इंटीरियर ने सबका ध्यान खींचा। इसके अलावा आप पंकज त्रिपाठी के खूबसूरत घर की भी झलक देख सकते हैं।
10,800 वर्ग फीट में फैला है डिजाइनर कपल का घर
रिम्पल और हरप्रीत का यह आलीशान घर नई दिल्ली के वसंत कुंज स्थित ग्रीन एवेन्यू में है। करीब 10,800 वर्ग फीट में फैले इस घर को तैयार करने और यहां मौजूद कलाकृतियों का संग्रह जुटाने में कपल को पांच साल लगे। यह घर किसी आलीशान महल या कला संग्रहालय से कम नहीं लगता। यहां ऊंची छतें, कई मंजिलों को जोड़ने वाली लिफ्ट, स्विमिंग पूल, महंगे आर्टवर्क और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लाई गई प्राचीन वस्तुएं मौजूद हैं। घर की खासियत यह है कि इसके हर हिस्से में कला और डिजाइन की अलग झलक देखने को मिलती है।
एक पेंटिंग की कीमत सुनकर हैरान रह गईं फराह खान
घर में दाखिल होते ही फराह खान की नजर वहां सजी कलाकृतियों पर पड़ी। इनमें मशहूर भारतीय आधुनिक कलाकार एफएन सूजा की एक पेंटिंग भी शामिल है। इसे देखकर फराह ने कहा कि इस कलाकृति को तो किसी संग्रहालय में होना चाहिए। एफएन सूजा भारतीय आधुनिक कला के प्रमुख कलाकारों में गिने जाते हैं और उनकी पेंटिंग्स की नीलामी में करोड़ों रुपये तक की कीमत लग चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, रिम्पल और हरप्रीत के घर में लगी सूजा की एक अनटाइटल्ड पेंटिंग साल 2023 में नीलामी के दौरान 1.08 करोड़ रुपये में बिकी थी। हालांकि इस घर में सिर्फ एक ही महंगी पेंटिंग नहीं है। यहां थोथा वैकुंठम और शक्ति बर्मन जैसे कलाकारों की कलाकृतियां भी मौजूद हैं। घर के अलग-अलग हिस्सों में रखी मूर्तियां, पेंटिंग्स और एंटीक चीजें इसकी खूबसूरती को और खास बनाती हैं। फराह ने इस संग्रह को देखकर कहा कि एक कलाकार ही दूसरे कलाकार की कला को सही मायने में समझ सकता है। वहीं उनके साथ मौजूद दिलीप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे वे किसी महल में आ गए हों।
भारतीय विरासत और यूरोपियन डिजाइन का अनोखा मेल
रिम्पल और हरप्रीत के घर का इंटीरियर पारंपरिक भारतीय शाही अंदाज और यूरोपियन विंटेज डिजाइन का खूबसूरत मिश्रण है। यहां फारसी कालीन, पुराने जमाने का फर्नीचर, सजावटी सामान और शीशे की सतह वाली कॉफी टेबल देखने को मिलती है। टेबल पर रखे क्रिस्टल से बने फल भी फराह के आकर्षण का केंद्र बने। उन्होंने पूछा कि क्या ये वेनिस से लाए गए हैं। इस पर हरप्रीत ने बताया कि ये इटली के मुरानो से हैं, जो कांच की कलाकारी के लिए मशहूर है। घर की एक दीवार पारंपरिक पिछवाई कला को समर्पित है। इससे घर में भारतीय संस्कृति और विरासत की झलक दिखाई देती है। वहीं, मुख्य लिविंग रूम का डिजाइन अपेक्षाकृत आधुनिक है। यहां ऊंची छत, लकड़ी की खुली बीम, बड़ी खिड़कियां, पत्थर का फर्श और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया गया है। आधुनिक फर्नीचर के साथ पारंपरिक कलाकृतियों और मूर्तियों को इस तरह सजाया गया है कि पूरा स्थान किसी डिजाइन मैगजीन के कवर जैसा नजर आता है।
खुद डिजाइन किया डाइनिंग टेबल और झूमर
इस घर का डाइनिंग एरिया भी अपनी खास डिजाइन के लिए चर्चा में रहा। यहां रखा डाइनिंग टेबल और उसके ऊपर लगा झूमर हरप्रीत ने खुद डिजाइन किया है। उन्होंने बताया कि कई पुराने झूमरों के हिस्सों को मिलाकर एक नया और आकर्षक लाइटिंग पीस तैयार किया गया। डाइनिंग टेबल के डिजाइन के पीछे भी एक दिलचस्प विचार था। हरप्रीत के मुताबिक, इसके लिए पुराने जामावर शॉल से प्रेरणा ली गई और फर्श के रंग से मेल खाते पत्थर का इस्तेमाल किया गया। इस तरह पुराने कपड़े और पारंपरिक डिजाइन की प्रेरणा को आधुनिक इंटीरियर में नई जगह मिली।
गेस्ट बेडरूम से मॉड्यूलर किचन तक दिखी लग्जरी
घर के दौरे के दौरान फराह खान गेस्ट बेडरूम में पहुंचीं तो मजाक में उसे अपना कमरा बता दिया। इस कमरे में चार खंभों वाला कैनोपी बेड, बड़े पर्दे, डिजाइनर फर्नीचर, सजावटी स्क्रीन और एंटीक सामान मौजूद हैं। कमरे की साज-सज्जा इसे किसी लग्जरी हेरिटेज होटल के सुइट जैसा रूप देती है। रिम्पल ने भी मजाक करते हुए कहा कि फराह जब भी उनके घर आती हैं तो वह उनके पैर दबाती हैं। इसके बाद फराह ने घर की मॉड्यूलर किचन भी देखी। यहां टील ब्लू रंग की कैबिनेट, सफेद काउंटरटॉप, पैटर्न वाले फर्श और बीच में बना आइलैंड इसे आधुनिक रूप देते हैं। बड़ी खिड़कियों से प्राकृतिक रोशनी और हवा अंदर आती है।
शादी के सीजन में सबसे ज्यादा बिकते हैं डिजाइनर कपड़े
घर की सैर के दौरान बातचीत फैशन और कारोबार तक भी पहुंची। रिम्पल और हरप्रीत ने बताया कि उनके डिजाइनर परिधानों की बिक्री का बड़ा हिस्सा शादी के सीजन से आता है। हरप्रीत ने भारतीय बाजार की स्थिति पर बात करते हुए कहा कि भारत फैशन इंडस्ट्री से ज्यादा वेडिंग इंडस्ट्री है। फराह खान ने भी उनकी बात से सहमति जताई और कहा कि फैशन जगत में बड़ी रकम शादियों के जरिए आती है। ‘पद्मावत’ और ‘हीरामंडी’ जैसे प्रोजेक्ट्स से पहचान बनाने वाला यह डिजाइनर कपल अब ‘रामायण’ के कॉस्ट्यूम पर काम कर रहा है। फिल्म के परिधानों को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा जरूर है, लेकिन उनके दिल्ली स्थित घर ने कला, विरासत और लग्जरी के अनोखे मेल की वजह से अलग ही सुर्खियां बटोरी हैं।