एक साधारण लड़की जो कभी महाकुंभ मेले में माला बेचती थी, आज फिल्मी दुनिया में अपने पहले बड़े ब्रेक के साथ सुर्खियों में है। हम बात कर रहे हैं मोनालिसा भोसले की। वही मोनालिसा, जिनकी सादगी भरी तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी थी। उनके कजरारे नैनों के लोग दीवाने हो गए थे और नशीली आंखों की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही थी। वायरल होने के बाद मोनालिसा को बॉलीवुड फिल्म का ऑफर मिला। ये फिल्म भले ही अभी तक रिलीज नहीं हुई, लेकिन इसी बीच मोनालिसा के हाथ दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट हाथ लग गया है। मोनालिसा जल्द ही मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू करने जा रही हैं, फिल्म *'नागम्मा'* से, जिसमें उनके साथ अभिनेता कैलाश मुख्य भूमिका में होंगे।
मोनालिसा की नई शुरुआत
कोच्चि में हाल ही में फिल्म नागम्मा का मुहूर्त हुआ, जिसे डायरेक्ट कर रहे हैं पी. बीनू वर्गीस। यह उनकी पिछली फिल्म हिमुचरी के बाद अगली निर्देशकीय पेशकश होगी। मोनालिसा की मौजूदगी फिल्म को एक नया चेहरा और ताजगी देने वाली है, जबकि कैलाश का अनुभव कहानी में गहराई लाएगा। लॉन्च इवेंट में दिग्गज फिल्मकार सिबी मलयिल भी मौजूद थे। मोनालिसा ने पेस्टल गुलाबी लहंगे में सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। फिल्म का शूटिंग शेड्यूल सितंबर 2025 के अंत में शुरू होगा।
महाकुंभ से फिल्मों तक
मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली मोनालिसा महाकुंभ के दौरान पहली बार लोगों की नज़रों में आईं। घाट किनारे फूल बेचते वक्त कुछ फोटोग्राफरों ने उनके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए, जो देखते ही देखते वायरल हो गए। लाखों लोग उनकी सादगी और सौंदर्य के कायल हो गए। इस अप्रत्याशित फेम ने उनके जीवन की दिशा ही बदल दी। पिता के सुझाव पर मोनालिसा ने पुराने काम को पीछे छोड़ फिल्मी दुनिया में कदम रखने का फैसला लिया। मोनालिसा को बॉलीवुड निर्देशक सनोज मिश्रा की फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' से पहला बड़ा मौका मिला। इसके बाद वो म्यूजिक वीडियो 'सादगी' में भी दिखीं, जिसमें उनके साथ गायक उत्कर्ष सिंह थे। लेकिन जहां एक ओर मलयालम फिल्म 'नगमा' के जरिए उनका करियर रफ्तार पकड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर उनकी बॉलीवुड फिल्म विवादों में फंस गई।
बदल गया मोनालिसा का लुक
हालांकि विवादों ने शुरुआत को थोड़ी मुश्किल बना दिया है, लेकिन मोनालिसा का सफर अभी शुरू हुआ है। 'नगमा' उनके करियर का वो मोड़ हो सकता है जहां से उनका सपना असलियत में बदलना शुरू हो। इन दिनों मोनालिसा कई एड शूट और इवेंट्स का हिस्सा बन रही हैं। सोशल मीडिया पर भी वो खासा एक्टिव रहती हैं। मोनालिसा का अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। उनके लुक में भी चेंज आ गया है और अब मॉर्डन अवतार में नजर आया करती हैं।