1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. चिरंजीवी के पैर छूकर सुपरस्टार ने लिया आशीर्वाद, मेगास्टार को खास अंदाज में किया बर्थडे विश, देखें वीडियो

चिरंजीवी के पैर छूकर सुपरस्टार ने लिया आशीर्वाद, मेगास्टार को खास अंदाज में किया बर्थडे विश, देखें वीडियो

 Published : Aug 22, 2025 07:23 pm IST,  Updated : Aug 22, 2025 07:23 pm IST

पद्म भूषण से सम्‍मानित चिरंजीवी और उनके बेटे राम चरण का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक्टर मेगास्टार का जन्मदिन मनाते नजर आ रहे हैं। लेकिन, जब राम चरण ने अपने पिता चिरंजीवी के पैर छुए तो सभी लोग उनकी खूबसूरत बॉन्ड देख ताली बजाने लगे।

chiranjeevi- India TV Hindi
चिरंजीवी और राम चरण Image Source : INSTAGRAM/@ALWAYSRAMCHARAN

मेगास्टार चिरंजीवी 22 अगस्त, 2025 को अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उनके कई प्रशंसक, दोस्त और सहकर्मी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। उनके बेटे राम चरण भी इस जश्न में शामिल हुए हैं। साउथ मेगास्टार और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुके चिरंजीवी का उनके बेटे राम चरण के साथ एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह जन्मदिन का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो 'आरआरआर' एक्टर राम ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है जो लोगों के बीच खास वजह से चर्चा का विषय बना हुआ। इसमें आपको बाप-बेटे की खूबसूरत बॉन्ड देखने को मिलने वाली है। शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर राम चरण ने यह क्लिप पोस्ट की, जिसमें वो चिरंजीवी के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं।

राम चरण ने पिता चिरंजीवी पर लुटाया प्यार

अपने सोशल मीडिया हैंडल पर राम चरण ने चिरंजीवी का जन्मदिन मनाते हुए अपना एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह अपने पिता को गले लगाते और उनके पैर छूते हुए केक खिलाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए, 'पेड्डी' अभिनेता ने लिखा, 'आज सिर्फ आपका जन्मदिन नहीं है नाना, यह आपके अद्भुत व्यक्तित्व का जश्न है। मेरे हीरो, मेरे मार्गदर्शक, मेरी प्रेरणा। मेरी हर सफलता, मेरे हर मूल्य, सब आपसे ही हैं।' उन्होंने अंत में लिखा, '70 साल की उम्र में आप दिल से और भी जवान होते जा रहे हैं और पहले से भी ज्यादा मेरे लिए प्रेरणादायक हैं। मैं आपके स्वास्थ्य, खुशी और आने वाले अनगिनत खूबसूरत सालों के लिए प्रार्थना करता हूं। एक बेहतरीन पिता होने के लिए शुक्रिया। जन्मदिन मुबारक हो।'

मेगा157 की मेकर्स ने की घोषणा

चिरंजीवी और निर्देशक अनिल रविपुडी पहली बार फिल्म 'मन शंकर वरप्रसाद गरु' (एमएसजी) के लिए हाथ मिला रहे हैं। निर्माताओं ने फिल्म की आधिकारिक झलक पोस्ट की, जिसमें मेगास्टार टक्सीडो लुक में नजर आ रहे हैं।

चिरंजीवी का वर्कफ्रंट

'मन शंकर वरप्रसाद गरु' के अलावा, चिरंजीवी फंतासी फिल्म 'विश्वम्भर' में भी दिखाई देंगे। तृषा कृष्णन अभिनीत यह मोस्ट अवेटेड फिल्म पहले 2025 में रिलीज होने वाली थी। हालांकि, विजुअल इफेक्ट्स के बचे हुए काम के कारण निर्माताओं ने इसकी रिलीज 2026 तक टाल दी है। इसके अलावा, मेगास्टार के पास निर्देशक बॉबी कोल्ली और श्रीकांत ओडेला के साथ भी आगामी प्रोजेक्ट हैं। बता दें कि साउथ के मेगास्टार चिरंजीवी को साल 2024 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया गया था। चिरंजीवी को यह सम्मान 45 वर्षों में अपनी 156 फिल्मों के 537 गानों में 24000 डांस मूव्स करने के बाद मिला।

राम चरण की आने वाली फिल्म

राम चरण, बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित 'पेड्डी' में मुख्य भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। यह स्पोर्ट्स एक्शन फिल्म 27 मार्च, 2026 को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, दिव्येंदु भी हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन