1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नहीं रहे पंकज उधास, 72 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

नहीं रहे पंकज उधास, 72 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

 Reported By: Namrata Dubey, Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Feb 26, 2024 04:17 pm IST,  Updated : Feb 26, 2024 06:28 pm IST

पंकज उधास अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने 72 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। लंबी बीमारी से जूझ रहे मशहूर गजल गायक पंकज उधास ने आज सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया।

 पंकज उधास- India TV Hindi
पंकज उधास। Image Source : X

बॉलीवुड के मशहूर गायक पंकज उधास का निधन हो गया है। सिंगर ने 72 साल की उम्र में आखिरी सांसें ली हैं। बताया जा रहा है कि वो लंब समय से बीमारी से जूझ रहे थे। सिंगर की बेटी नायाब ने उनके निधन की जानकारी दी है। उनका परिवार मुश्किल भरे दौर से गुजर रहा है। पंकज उधास का जन्म 17 मई 1951 को हुआ। वो एक गजल गायक के रूप में उभरे। भारतीय संगीत इंडस्ट्री में उनकी तुलना तलत अजीज़ और जगजीत सिंह जैसे अन्य संगीतकारों से होती थी।

परिवार का स्टेटमेंट

पंकज उधास की बेटी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट जारी कर परिवार का स्टेटमेंट जारी किया है। इस पोस्ट में कहा गया, 'अत्यंत दुख के साथ हम आपको बता रहे हैं कि पद्मश्री पंकज उधास का 26 फरवरी 2024 को निधन हो गया है। वे लंबे वक्त से बीमार थे।' बताया जा रहा है कि सुबह 11 बजे उनकी मुंबई के एक अस्पताल में मौत हुई थी। पंकज उधास का पार्थिव शरीर अभी ब्रीच कैंडी अस्पातल में ही है। भाइयों का इंतजार किया जा रहा है। कल अंतिम संस्कार किया जाएगा।

साल 2006 में मिला था पद्मश्री

उधास को फिल्म 'नाम' में गायकी से प्रसिद्धि मिली, जिसमें उनका एक गीत 'चिठ्ठी आई है' काफी लोकप्रिय हुआ था। उसके बाद से उन्होंने कई फिल्मों के लिए अपनी सदाबहार आवाज दी। इसके अलावा उन्होंने कई एल्बम भी रिकॉर्ड किये और एक कुशल गजल गायक के रूप में पूरी दुनिया में अपनी कला का प्रदर्शन किया। साल 2006 में पंकज उधास को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। 

राजकोट में हुआ था पंकज उधास का जन्म

पंकज उधास का जन्म गुजरात में राजकोट के पास चारखड़ी-जैतपुर में एक जमींदार चारण परिवार में हुआ था। वे तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पंकज के पिता का नाम केशूभाई उधास था। पंकज के बड़े भाई भी सिंगर थे। मनहार उधास बॉलीवुड में हिंदी पार्श्व गायक थे। उन्होंने पंकज से पहले ही बॉलीवुड में अलग पहचान बना ली थी। उनके दूसरे बड़े भाई निर्मल उधास भी एक प्रसिद्ध गजल गायक हैं। सबसे पहले निर्मल ने ही गायकी की दुनिया में कदम रखा। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन