बॉलीवुड एक ऐसी इंडस्ट्री है, जहां काम और नाम कमाना काफी मुश्किल है। खासतौर पर आउटसाइडर्स को इस इंडस्ट्री में अपना मुकाम हासिल करने के लिए काफी कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। और अगर कोई कलाकार टीवी से फिल्मों का रुख करता है तो उन्हें सबसे पहले खुद पर लगे टीवी एक्टर या एक्ट्रेस के ठप्पे को मिटाने के लिए मेहनत करनी पड़ती है। टीवी से फिल्मी दुनिया का रुख कर चुके कई कलाकार जहां ऐसा करने में सफल रहे तो कई ने निराशा के बाद वापस टीवी का रुख कर लिया। लेकिन, आज हम आपको एक ऐसे स्टार के बारे में बताते हैं जिसने न सिर्फ टीवी से लेकर बॉलीवुड तक का सफर तय किया, बल्कि नेशनल अवॉर्ड तक हासिल किया। हम बात कर रहे हैं 'छपाक' और '12th फेल' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके विक्रांत मैसी की, जिनका करियर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
पहला एक्टिंग ब्रेक
विक्रांत मैसी बचपन से ही एक एक्टर बनने का ख्वाब आंखों में लिए थे। एक बार उन्होंने अपने पहले एक्टिंग ब्रेक के बारे में बात करते हुए बताया था कि वॉशरूम के बाहर उन्हें पहला एक्टिंग ऑफर मिला था। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह वॉशरूम के बाहर लाइन में खड़े थे, तभी एक टीवी एग्जीक्यूटिव महिला ने उनसे पूछा- 'एक्टिंग करोगे?' विक्रांत हमेशा से ही एक्टर बनना चाहते थे और वह इस ऑफर को न नहीं कह पाए। उन्हें इस शो के लिए महीने में सिर्फ चार एपिसोड शूट करने थे और एक एपिसोड का 6 हजार मिलना था। विक्रांत ने हिसाब लगाया और तुरत इस ऑफर के लिए हामी भर दी।
टीवी से बॉलीवुड तक का सफर
विक्रांत मैसी ने टीवी से अपना करियर शुरू किया। उन्होंने 'बालिका वधू' में 'श्याम' की भूमिका निभाई थी। इस किरदार से उन्हें घर-घर में पहचान मिली। इस सीरियल में विक्रांत की शादी आनंदी की ननद सुगना से होती है, जो विधवा और प्रेग्नेंट होती है। बालिका वधू में विक्रांत को उनके रोल की वजह से खूब पसंद किया गया। इसके अलावा विक्रांत ‘धरम वीर', ‘बाबा ऐसो वर दीजो', ‘झलक दिखला जा 4' में भी नजर आए। मगर एक सीरीज ने उनकी किस्मत पूरी तरह बदल दी और इसी सीरीज के बाद उन्होंने धीरे-धीरे फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाई।
मिर्जापुर ने बदली किस्मत
यूं तो विक्रांत ने कई प्रभावशाली भूमिकाएं निभाईं, लेकिन 'मिर्जापुर' में बबलू पंडित की भूमिका से हर तरफ छा गए। विक्रांत के बॉलीवुड डेब्यू की बात करें तो उन्होंने रणवीर सिंह और सोनाक्षी सिन्हा स्टारर 'लुटेरा' से डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने रणवीर सिंह के दोस्त की भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्हें 'दिल धड़कने दो' में भी सपोर्टिंग रोल में देखा गया। लेकिन, उन्हें असल पहचान दिलाई '12वीं फेल' ने दिलाई। इस फिल्म के लिए विक्रांत को बेस्ट एक्टर का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला। ये उनके करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है।
ये भी पढ़ेंः आशिकी लड़ाने के बाद गैंगस्टर बनेगा चॉकलेटी हीरो, अली अब्बास की फिल्म में दिखेगा खूंखार अवतार, नई मूवी पर आया अपडेट