1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म सीरीज, फिर हो रही है रिलीज, 2 ने मिलकर छापे थे 2,460 करोड़

भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म सीरीज, फिर हो रही है रिलीज, 2 ने मिलकर छापे थे 2,460 करोड़

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 04, 2025 11:39 pm IST,  Updated : Jun 04, 2025 11:42 pm IST

निर्देशक एसएस राजामौली भारतीय सिनेमा के सबसे सफल फिल्म निर्माता-निर्देशकों में से एक हैं, जिनकी फिल्मों की ऑस्कर तक में गूंज चुकी है। अब उनकी दो ब्लॉकबस्टर फिल्में एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं, वो भी नए रोमांचक ट्विस्ट के साथ।

Anushka Shetty- India TV Hindi
री-रिलीज होगी भारत की सबसे कमाऊ फिल्म सीरीज। Image Source : INSTAGRAM

दक्षिण सिनेमा के जाने-माने निर्देशक एसएस राजामौली अपने शानदार विजन के लिए भी खासे मशहूर हैं। उन्होंने भारतीय सिनेमा को कई शानदार फिल्में दी हैं। पिछले दिनों एसएस राजामौली 2022 में रिलीज हुई 'RRR' को लेकर सुर्खियों में रहे, जिसने ऑस्कर तक में धूम मचाई। वहीं इससे पहले उन्होंने भारत की सबसे सफल फिल्म सीरीज 'बाहुबलीः द बिगनिंग' (2015) और 'बाहुबली 2: द कनक्लूजन' (2017) से सिनेमा की दुनिया में धूम मचाई। अब ये दोनों ही फिल्में एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक दे रही हैं, वह भी एक रोमांचिक ट्विस्ट के साथ। जी हां, प्रभास की दो ब्लॉकबस्टर फिल्में फिर से रिलीज हो रही हैं।

क्या है नया ट्विस्ट?

हाल ही में, कई फिल्मों ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है, यहां तक ​​कि तुम्बाड और लैला मजनूं जैसी फिल्मों ने री-रिलीज में भी खूब कमाई की। इसलिए, बाहुबली के निर्माता अक्टूबर में दुनिया भर के सिनेमाघरों में दोनों फिल्मों को फिर से रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि राजामौली दोनों फिल्मों के मुख्य सीनों को मिलाकर एक नई फिल्म बनाने और फिर उसे सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। यानी, एक फिल्म में दोनों का मजा। एसएस राजामौली सिनेमा के मामले में हमेशा से ट्रेंड सेटर रहे हैं,  लेकिन 6 घंटे की मूवी सीरीज को सिर्फ 3 घंटे की फिल्म में बदलना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, इससे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक नया ट्रेंड भी शुरू हो सकता है।

बाहुबली का प्रदर्शन

बाहुबली के प्रदर्शन की बात की जाए तो ये बात किसी से छिपी नहीं है कि ये फिल्म दुनियाभर में तेलुगु सिनेमा की ताकत दिखाने और बॉक्स ऑफिस पर राज करने में सफल रही। इस फिल्म ने प्रभास और राजामौली को भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा सितारा बना दिया। इस फिल्म का निर्माण शोबू यारलागड्डा और प्रसाद देवीनेनी ने अर्का मीडिया वर्क्स के तहत किया था। इस फिल्म में एमएम कीरवानी का संगीत सुपरहिट रहा। संगीतकार ने उसी निर्देशक के साथ अपने अगले सहयोग, आरआरआर के लिए ऑस्कर भी जीता।

बाहुबली और बाहुबली 2 का कलेक्शन

123 तेलुगु डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभास, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया और राणा दग्गुबाती इस फिल्म सीरीज ने दुनियाभर में जबरदस्त कलेक्शन किया। बाहुबली 1 ने जहां 650 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की तो वहीं बाहुबली 2 ने 1,810 करोड़ रुपये कमाए। दोनों फिल्मों ने मिलकर 2,460 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फ्रैंचाइजी बन गई।

इन फिल्मों में नजर आएंगे प्रभास

प्रभास के रीसेंट प्रोजेक्ट्स की बात करें तो अभिनेता आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई 'कल्कि 2898 एडी' में नजर आए थे। वहीं अब अभिनेता हॉरर-कॉमेडी 'द राजा साब' में नजर आएंगे। यह फिल्म इसी साल 5 दिसंबर को रिलीज हो रही है। राजा साहब को मारुति ने लिखा और निर्देशित किया है। सबसे खास बात यह है कि इस फिल्म में प्रभास डबल रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म में प्रभास के अलावा निधि अग्रवाल, मालविका मोहनन और रिद्धि कुमार अहम भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा प्रभास 'स्पिरिट' और 'सलार 2' में भी दिखाई देंगे।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन