बॉलीवुड एक्टर राघव जुयाल आज अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर बॉलीवुड सितारों समेत तमाम फैन्स ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। साल 2013 में आज से करीब 12 साल पहले राघव जुयाल ने अपने करियर की शुरुआत बतौर डांसर की थी। देहरादून से भागकर मुंबई आए राघव जुयाल के डांस को लोगों ने जब देखा तो हैरान रह गए। हालांकि कम ही लोग जानते हैं कि उन्हें पहले शो से बाहर कर दिया गया था। लेकिन बाद में उनकी वाइल्डकार्ड एंट्री कराई और उन्होंने धूम मचा दी। आज डांसिंग के साथ ही राघव जुयाल एक बेहतरीन एक्टर भी हैं और बॉलीवुड के स्टार बन गए हैं। आज जन्मदिन के मौके पर जानते हैं राघव जुयाल के करियर की अब तक की कहानी।
डांसिंग रियालिटी शो ने दिया मौका
राघव का जन्म आज ही के दिन 1991 में देहरादून में हुआ था। राघव के पिता पेशे से एक वकील हैं और उन्हें भी पढ़ने के लिए समझाया करते थे। लेकिन राघव का दिल डांस में लगा रहता था। बचपन से ही राघव डांसिंग शो और कॉम्पटीशन में हिस्सा लिया करते थे। इसी सिलसिले में राघव ने डांसिंगर रियालिटी शो डीआईडी में हिस्सा लिया था। यहां ऑडिशन में ही राघव ने कमाल किया और अपने स्लोमोशन स्टाइल से सभी को चौंका दिया। हालांकि शो में पहुंचने के बाद भी राघव टॉप-8 से बाहर हो गए थे। हालांकि बाद में उन्हें वाइल्ड कार्ड एंट्री दिलाई और फिर से सुपरहिट हो गए।
डांसिंग से होस्टिंग और फिर एक्टिंग
राघव ने बतौर डांसर शो में हिस्सा लिया और खूब नाम कमाया। राघव इस शो के जरिए खूब पॉपुलर हो गए और बाद में इसी शो को होस्ट करने लगे। राघव की होस्टिंग को कोरियोग्राफर रैमो डिसूजा का साथ मिला और शो सुपरहिट रहा। इसमें राघव ने अपनी होस्टिंग के साथ कॉमेडी का भी जोरदार तड़का लगाया। राघव यहां स्टार बने और फिर एक्टिंग की तरफ मुड़ गए। साल 2014 में राघव को फिल्म 'सोनाली केबल' में एक सपोर्टिंग रोल मिला था। हालांकि ये फिल्म कोई खास कमाल नहीं कर पाई। लेकिन 2015 में आई फिल्म एबीसीडी-2 में राघव को बतौर सेकेंड लीड काम करने का मौका मिला। खास बात ये रही कि इस फिल्म में श्रद्धा कपूर और वरुण धवन भी अहम किरदारों में नजर आए। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और डायरेक्टर रैमो डिसूजा ने भी खूब तारीफें बटोरीं।
धाकड़ एक्टर के रूप में उभरे राघव
इस फिल्म ने राघव को फिल्मी दुनिया में भी खूब नाम दिलाया। इसके बाद राघव ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और कई बेहतरीन फिल्मों में कमाल किया। 2020 में आई फिल्म 'स्ट्रीट डांसर' में भी राघव ने दमदार किरदार निभाया और खूब तारीफें बटोरीं। इसके बाद सीरीज अभय में काम किया। साल 2023 में सलमान खान स्टारर फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में भी राघव जुयाल ने कमाल का काम किया। इसके बाद किल फिल्म में राघव के एक्शन ने महफिल लूट ली। बीते साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म युध्रा में राघव ने दमदार एक्शन दिखाया। आज जन्मदिन के इस खास मौके पर फैन्स ने राघव जुयाल को बधाई दी है।