1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. ‘आशिकी’ से रातोंरात बने स्टार, अब शादियों में डांस कर गुजारा कर रहे राहुल रॉय, बोले- ‘मुझे भी रोटी कमानी है’

‘आशिकी’ से रातोंरात बने स्टार, अब शादियों में डांस कर गुजारा कर रहे राहुल रॉय, बोले- ‘मुझे भी रोटी कमानी है’

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 08, 2026 09:00 am IST,  Updated : Sep 08, 2026 09:00 am IST

अपने गुड लुक्स से हर किसी के दिल पर राज करने वाले एक्टर राहुल रॉय आज गुजारे के लिए शादियों में डांस करने लगे हैं। उन्होंने खुद इस पर बात की और बताया कि गुजर-बसर के लिए वो क्या करते हैं।

rahul roy- India TV Hindi
राहुल रॉय। Image Source : MEETESHTANEJA/INSTAGRAM

90 के दशक में अपनी चॉकलेटी इमेज और शानदार स्क्रीन प्रेजेंस से लाखों दिलों पर राज करने वाले अभिनेता राहुल रॉय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनके कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिनमें वह शादी और दूसरे निजी कार्यक्रमों में डांस करते नजर आए। इन वीडियोज को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं, लेकिन अब अभिनेता ने खुद सामने आकर बताया है कि इन कार्यक्रमों में परफॉर्म करना उनके लिए महज मनोरंजन नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी और करियर को दोबारा खड़ा करने की कोशिश का हिस्सा है।

स्ट्रोक के बाद नए सिरे से जिंदगी शुरू करने की कोशिश

राहुल रॉय ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में अपनी मौजूदा परिस्थितियों के बारे में खुलकर बात की। अभिनेता के मुताबिक साल 2020 में ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। लंबे समय तक इलाज और रिकवरी के कारण वह फिल्मों से दूर रहे और काम का सिलसिला लगभग रुक गया। अब वह धीरे-धीरे दोबारा इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल का कहना है कि बीते करीब पांच साल उनके लिए एक तरह के ठहराव का दौर रहे। इस दौरान उनका मुख्य ध्यान स्वास्थ्य सुधारने पर था और काम के मौके बेहद सीमित हो गए थे। अब जब उन्हें दोबारा कैमरे के सामने आने का मौका मिल रहा है तो वह इसे बेहद सकारात्मक तरीके से देख रहे हैं। अभिनेता ने कहा कि वह उन लोगों के आभारी हैं, जो मुश्किल समय के बाद भी उन पर भरोसा कर रहे हैं और उन्हें काम दे रहे हैं। 

आर्थिक परेशानियों के बीच शादियों में करते हैं परफॉर्म

राहुल रॉय ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर भी बेबाकी से बात की। उन्होंने बताया कि उनके सामने कई तरह की वित्तीय जिम्मेदारियां हैं और उन्हें अपने खर्चों के लिए कमाई करनी पड़ती है। इसी वजह से वह शादी और इवेंट्स में डांस परफॉर्मेंस भी कर रहे हैं। अभिनेता के मुताबिक एक कार्यक्रम से उन्हें कभी दो लाख तो कभी चार लाख रुपये तक की कमाई हो जाती है। सोशल मीडिया पर इस तरह के काम को लेकर ट्रोल किए जाने पर राहुल ने साफ कहा कि बाहर से देखने वाले लोग उनकी असल परिस्थितियों को नहीं जानते। उनके लिए यह काम पूरी मेहनत से कमाई करने का जरिया है। उनका मानना है कि कोई भी काम छोटा नहीं होता, खासकर तब जब इंसान अपने जीवन को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश कर रहा हो। इसी कड़ी में राहुल कहते हैं-

मेरे भी खर्चे हैं और मुझे पैसों की जरूरत है। 2020 में ब्रेन स्ट्रोक के बाद काम मिलना मुश्किल हो गया था। तब से पांच साल बीत चुके हैं और गुजारा करने के लिए मैं जो कुछ भी कर सकता था, वह कर रहा था। कभी-कभी मैं शादियों में डांस करके ₹2 लाख या ₹4 लाख कमा लेता हूं। जो लोग मुझे ट्रोल करते हैं, उन्हें नहीं पता कि यह कितनी मेहनत का काम है। मुझे भी तो अपनी रोजी-रोटी चलानी है।

कानूनी विवाद और संपत्ति को लेकर भी खुलासा

अभिनेता ने बातचीत में बताया कि वह पिछले कई वर्षों से करीब 30 लाख रुपये से जुड़े एक कानूनी मामले का सामना कर रहे हैं। इस मामले को सुलझाने की कोशिश वह अपने भाई के साथ मिलकर कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के एक मुश्किल दौर का भी जिक्र किया। राहुल के मुताबिक कुछ साल पहले उनके सामने तलाक की स्थिति भी आई थी। उस दौरान उन्होंने अपनी संपत्तियां पत्नी को ट्रांसफर कर दी थीं। अब वह अपनी जिंदगी को फिर से व्यवस्थित करने और आर्थिक तौर पर मजबूत होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अभिनेता ने इसे अपनी जिंदगी में एक नई शुरुआत बताया है।

‘आशिकी’ ने रातोंरात बदल दी थी किस्मत

राहुल रॉय ने साल 1990 में फिल्म ‘आशिकी’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म में उनके साथ अनु अग्रवाल नजर आई थीं। महेश भट्ट के निर्देशन में बनी यह फिल्म जबरदस्त हिट साबित हुई और राहुल देखते ही देखते युवा दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गए। हालांकि इसके बाद उनके करियर में लगातार सफलता नहीं रही और 90 के दशक में कई फिल्मों के असफल होने के बाद उन्होंने टेलीविजन का रुख किया। साल 2007 में राहुल रॉय ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के पहले सीजन में हिस्सा लिया और विजेता बने। उन्होंने कैरल ग्रेसियस को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया और एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि जीती।

अब फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में वापसी की तैयारी

स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलों के बावजूद राहुल रॉय अब दोबारा एक्टिंग की दुनिया में सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी हालिया फिल्म कानू बहल की साइकोलॉजिकल ड्रामा ‘आगरा’ थी, जो नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई। अब वह अपने अगले प्रोजेक्ट ‘सुपर बादशाह’ को लेकर भी तैयार हैं। कुकू टीवी के इस शो में राहुल अंडरवर्ल्ड डॉन की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जबकि करणवीर बोहरा भी इसका हिस्सा हैं।

ये भी पढ़ें: ‘ऑपरेशन गंगा’ को मिला असली मिलिट्री टच, मोहनलाल की फिल्म में स्क्वाड्रन लीडर वर्लिन पंवार की एंट्री

 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन