1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. हार्ट अटैक के बाद काल के मुंह में गया था सुपरस्टार्स का गुरु, सलमान बने मसीहा, रणबीर-आलिया भी इन्हें कहते हैं 'सर'

हार्ट अटैक के बाद काल के मुंह में गया था सुपरस्टार्स का गुरु, सलमान बने मसीहा, रणबीर-आलिया भी इन्हें कहते हैं 'सर'

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Apr 02, 2025 10:12 am IST,  Updated : Apr 02, 2025 12:21 pm IST

आज जिस शख्स की हम बात करने जा रहे हैं ये कोई एक्टर नहीं बल्कि कमाल के डांसर हैं। फिल्मी दुनिया में इनका अलग रुतबा है और अपने डांस के दम पर इन्होंने अपनी पहचान घर-घर में बनाई हैं और कई फिल्मी सितारों से भी ज्यादा पॉपुलर हैं।

Remo DSouza- India TV Hindi
रेमो डिसूजा। Image Source : INSTAGRAM

फिल्मी दुनिया में कोई चाहे पर्दे के पीछे काम करे या पर्दे के आगे, उसको अपने हिस्से के अलग संघर्ष से गुजरना पड़ता है। कड़ी मेहनत की बदौलत बॉलीवुड में बड़ा मुकाम हासिल होता है। आज हम बात कर रहे हैं। मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्माता रेमो डिसूजा की। आज इनके बारे में बात करने का खास मौका भी है। कोरियोग्राफर 2 अप्रैल को 51 साल के हो गए। अपने बेहतरीन डांस कौशल के लिए मशहूर रेमो इंडस्ट्री में न सिर्फ अपनी अलग पहचान रखते हैं, बल्कि वो घर-घर में पहचाना जाने वाला नाम हैं। बैकग्राउंड डांसर के तौर पर करियर शुरू करने वाले रेमो ने लंबा सफर तय किया है। डांस प्लस और डांस इंडिया डांस जैसे लोकप्रिय डांस रियलिटी शो में जज बनकर पहचान हासिल करने वाले रेमो कई साल की कड़ी मेहनत के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। 

मिले कई रिजेक्शन

कर्नाटक के बैंगलोर में रेमो का जन्म हुआ। इनके माता पिता ने इनका नाम रमेश गोपी रखा था। उनकी परवरिश गुजरात के जामनगर में हुई। रेमो के पिता भारतीय वायु सेना में थे और वो चाहते थे कि रेमो डांस न करें और कोई स्थिर करियर चुनें, लेकिन कम ही उम्र में रेमो माइकल जैक्सन को अपना गुरु मान बैठे थे और डांसिंग में करियर बनाना चाहते थे। रेमो ने डांस के लिए कोई ट्रेनिंग नहीं ली, उनका जुनून और उनकी मेहनत ही असल ताकत बनी। फिल्मों में काम की तलाश में रेमो मुंबई आ गए। कई रातें उन्होंने खाली पेट गुजारी। कई ऑडिशन देने पर भी उन्होंने ब्रेक नहीं मिला, बल्कि बैकग्राउंड डांसक के तौर भी उन्हें शुरुआत में रिजेक्शन झेलना पड़ा। कई साल तक वो बैकग्राउंड डांसर के तौर पर ही काम किए। फिर अहमद खान के असिस्टेंट बन गए।

इस फिल्म से मिला ब्रेक

रेमो को बतौर कोरियोग्राफर पहला बड़ा ब्रेक फिल्म 'दिल पे मत ले यार' के लिए मिला जो साल 2000 में रिलीज हुई थी। इसके बाद उन्होंने कई हिट गानों को कोरियोग्राफ किया और धीरे-धीरे इंडस्ट्री के सबसे बड़े कोरियोग्राफर बन गए। धूम अगेन, सुन-साथिया, बदतमीज दिल, डिस्को दीवाने, गर्मी जैसे गानों को कोरियोग्राफ कर चुके हैं। उन्हें अपनी शानदार कोरियोग्राफी के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है। कोरियोग्राफी में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने निर्देशन में भी हाथ आजमाए। 'फालतू' से बतौर निर्देशक उन्होंने करियर की शुरुआत की। इसके बाद ABCD, ABCD 2, स्ट्रीट डांसर 3डी और रेस 3 जैसी फिल्मों का निर्देशन करते नजर आए। हाल में ही उनकी फिल्म 'बी हैप्पी' रिलीज हुई है, जिसमें अभिषेक बच्चन लीड रोल में हैं।

हार्ट अटैक से जूझे कोरियोग्राफर

साल 2020 में रेमो की स्थिर जिंदगी में बड़ा यूटर्न आया। अचानक ही रेमो को हार्ट अटैक आया था। इस बात का उन्हें कोई अंदाजा नहीं था। वर्कआउट करते हुए ही रेमो के साथ ये हादसा हुआ और इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाना पड़ा। डॉक्टर्स ने बताया कि कोरियोग्राफर-निर्देशक रेमो डिसूजा को आए हार्ट अटैक की वजह से 100 परसेंट ब्लॉकेज हो गया है। इस दौर में उनके लिए सलमान खान मसीहा बने थे। रेमो ने खुद इस बात का खुलासा किया कि सलमान खान लगातार उनका हालचाल लेते रहे और अपने खास डॉक्टर्स की टीम से उनका इलाज भी कराया। वैसे ठीक होने के कुछ महीनों बाद ही उन्होंने फिर से डांस करना शुरू कर दिया। उनका कहना था, 'डांस मेरी जान है, मैं इसे कभी नहीं छोड़ सकता।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन