1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पहली फिल्म रही फ्लॉप, फिर मिला माधुरी दीक्षित का साथ और पलट गई कपूर खानदान के इस बेटे की किस्मत

पहली फिल्म रही फ्लॉप, फिर मिला माधुरी दीक्षित का साथ और पलट गई कपूर खानदान के इस बेटे की किस्मत

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 16, 2024 07:09 pm IST,  Updated : Sep 16, 2024 07:09 pm IST

बॉलीवुड में अपना लक आजमाने के बाद संजय कपूर ने कुछ सालों के लिए बड़े पर्दे से दूरी बना ली और फिर वेब सीरीज के जरिए दर्शकों के बीच धमाकेदार वापसी करके सबको चौंका दिया। अभिनेता 'द लास्ट आवर' जैसी सीरीज का हिस्सा रह चुके हैं।

sanjay kapoor- India TV Hindi
संजय कपूर ने प्रेम से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड में एक नहीं बल्कि दो कपूर खानदानों का राज है। पहला तो पृथ्वीराज कपूर का परिवार और दूसरा बोनी कपूर-अनिल कपूर का परिवार सालों से इंडस्ट्री में छाया हुआ है। बोनी कपूर और अनिल कपूर के बच्चे भी अब फिल्मी दुनिया का हिस्सा हैं। सोनम कपूर, जाह्नवी कपूर के बाद खुशी कपूर भी फिल्मी दुनिया में कदम रख चुकी हैं। इस परिवार का एक और सदस्य है, जिसने सालों पहले फिल्मी दुनिया में एंट्री की थी, लेकिन उम्मीदों के अनुसार इनका करियर नहीं चल सका। हम बात कर रहे हैं अनिल कपूर और बोनी कपूर के भाई संजय कपूर की, जो फिल्मों के बाद अब वेब सीरीज की दुनिया का जाना-माना नाम बन गए हैं।

बोनी कपूर-अनिल कपूर के भाई संजय कपूर

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर बॉलीवुड पर 4 दशकों से छाए हुए हैं तो वहीं उनके बड़े भाई बोनी कपूर एक सफल फिल्ममेकर हैं। लेकिन, इन दोनों के भाई संजय कपूर अपने दोनों भाईयों की तरह सफलता हासिल नहीं कर सके। संजय कपूर ने 1995 में रिलीज हुई 'प्रेम' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। लेकिन, फिल्म को वो सफलता नहीं मिल पाई जिसकी अभिनेता को उम्मीद थी। लेकिन, फिर इसी साल संजय कपूर के हाथ एक ऐसी फिल्म लगी, जिसने उन्हें रातों रात स्टार बना दिया।

1995 में रिलीज हुई 'राजा' ब्लॉकबस्टर थी

यहां हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं उसका नाम था 'राजा'।  इस फिल्म में संजय कपूर 80-90 के दौर की सुपरहिट हीरोइन माधुरी दीक्षित के साथ नजर आए थे। इस एक्शन रोमांटिक ड्रामा में माधुरी दीक्षित और संजय कपूर की जोड़ी खूब पसंद की गई। फिल्म में माधुरी और संजय कपूर के अलावा दलीप ताहिल, मुकेश खन्ना, परेश रावल और हमानी शिवपुरी जैसे कलाकार सहायक भूमिका में नजर आए थे। फिल्म 2 जून 1995 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और मेकर्स को जबरदस्त मुनाफा देकर गई।

'राजा' का फिल्मफेयर में भी रहा बोलबाला

दर्शकों ने इस फिल्म पर खूब प्यार लुटाया। इस फिल्म के लिए माधुरी दीक्षित को बेस्ट एक्ट्रेस का स्क्रीन अवॉर्ड भी मिला था। 41वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में भी 'राजा' का ही बोलबाला रहा। फिल्म के लिए माधुरी दीक्षित को बेस्ट एक्ट्रेस, परेश रावल को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और रीता भादुड़ी को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस सहित 11 नॉमिनेशन मिले थे। हालांकि, भले ही इस फिल्म से संजय कपूर रातोंरात स्टार बन गए, लेकिन इसके बाद उनकी किसी फिल्म का दर्शकों पर वो जादू नहीं चल पाया जो राजा ने चलाया। जिसके चलते, फ्लॉप फिल्में देने के बाद धीरे-धीरे संजय कपूर फिल्मी दुनिया से दूर होते गए।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन