बॉलीवुड में अपनी अदाकारी का जादू चला चुकीं अभिनेत्री शालिनी पांडे इंटरनेट पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते दुरुपयोग का शिकार हो गई हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका एक फर्जी AI-जनरेटेड डीपफेक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद अभिनेत्री को सामने आकर अपनी बात रखनी पड़ी। शालिनी ने स्पष्ट किया कि वायरल हो रहा वीडियो पूरी तरह से नकली है और इसका उनसे कोई संबंध नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से इस तरह की भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री को आगे न बढ़ाने की सख्त अपील की है।
'तकनीक का ऐसा दुरुपयोग बेहद चिंताजनक': शालिनी का फूटा गुस्सा
शालिनी पांडे ने सोमवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक बयान जारी कर इस फर्जी वीडियो की सच्चाई दुनिया के सामने रखी। एआई के गलत इस्तेमाल पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने लिखा कि वह अपने नाम से फैलाए जा रहे फर्जी AI वीडियो पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं। यह वीडियो पूरी तरह से मनगढ़ंत है और इसमें वह बिल्कुल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति, खासकर महिलाओं को निशाना बनाने और नुकसान पहुंचाने के लिए तकनीक का इस तरह का दुरुपयोग देखना बेहद दुखद और परेशान करने वाला है। अपने बयान में अभिनेत्री ने इस तरह के कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि तकनीक के ऐसे दुरुपयोग को कभी भी सामान्य नहीं माना जाना चाहिए। शालिनी ने अपने प्रशंसकों और इंटरनेट उपयोगकर्ताओं से आग्रह किया कि यदि वे इस वीडियो को देखते हैं, तो इसे आगे शेयर, फॉरवर्ड या डाउनलोड न करें और न ही इस पर कोई प्रतिक्रिया दें। इसके बजाय तुरंत उस कंटेंट की रिपोर्ट करें ताकि इसे और फैलने से रोका जा सके। उन्होंने सभी से एक जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करने का अनुरोध किया।
यहां देखें पोस्ट
सोशल मीडिया पर फैंस और यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
शालिनी के इस बयान के बाद उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स खुलकर उनके समर्थन में आ गए हैं। कई यूजर्स ने एआई तकनीक के इस खतरनाक पहलू पर चिंता जताई। एक यूजर ने कमेंट बॉक्स में लिखा कि पहली नजर में उन्हें भी यह सच लगा था, लेकिन बाद में इसकी असलियत का पता चला। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि यह इस बात का ताजा उदाहरण है कि तकनीक जितनी अच्छी है, उतनी ही खतरनाक भी साबित हो रही है। कई लोगों ने यह भी माना कि एआई का ऐसा गलत इस्तेमाल महिलाओं और युवा अभिनेत्रियों के लिए स्थितियां बेहद कठिन बना रहा है।
डीपफेक का शिकार होने वाली शालिनी अकेली अभिनेत्री नहीं
भारतीय फिल्म उद्योग में एआई और डीपफेक तकनीक के शिकार होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। शालिनी पांडे से पहले भी कई बड़े बॉलीवुड सितारे इस साइबर अपराध का सामना कर चुके हैं। इससे पहले अभिनेत्री रश्मिका मंदाना, आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण, कैटरीना कैफ, सुपरस्टार आमिर खान, रणवीर सिंह और क्रिकेट दिग्गज सचिन तेंदुलकर के भी फर्जी एआई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं, जिन पर काफी विवाद हुआ था।
शालिनी पांडे का अब तक का फिल्मी सफर
अभिनेत्री शालिनी पांडे ने साल 2017 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर तेलुगु फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, जिसमें वह विजय देवरकोंडा के साथ मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। इस फिल्म की अपार सफलता के बाद उन्होंने तमिल, तेलुगु और हिंदी सिनेमा में कई बेहतरीन प्रोजेक्ट्स में काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में 'महानटी', '118', '100% काधल', 'जयेशभाई जोरदार' और 'महाराज' शामिल हैं। इसके अलावा वह हाल ही में डिजिटल सीरीज 'डब्बा कार्टेल' और फिल्म 'राहु केतु' में दिखाई दी थीं, जिसमें उनके साथ वरुण शर्मा, पुलकित सम्राट और चंकी पांडे जैसे कलाकार नजर आए थे।
ये भी पढ़ें: सिनेमाघरों में दिखेगा 'मिर्जापुर: द मूवी' का खौफ, सेंसर बोर्ड की कसौटी तो हुई पार, लेकिन इंटीमेट सीन पर चली कैंची