फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने उनके खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर को खारिज करने और विदेश यात्रा की इजाजत मिले इसलिए बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। पिछली दो सुनवाई में इजाजत नही मिलने की वजह से शिल्पा शेट्टी ने इस महीने विदेश जाने का प्लान रद्द किया और याचिका वापस ले ली। कोर्ट में उनके वकील ने कहा कि शिल्पा शेट्टी इस ट्रेवल प्लान की याचिका वापस ले रही हैं।
शिल्पा ने बदला पूरा प्लान
वकील ने ये भी कहा कि आगे चलकर दिसंबर में या फिर कभी उन्हें विदेश जाना होगा तो उसे आधार पर याचिका दायर करेंगी। बता दें 60 करोड़ की कथित धोखाधड़ी मामले की मुंबई पुलिस की EOW जांच कर रही है, जिसके लिए शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। अदालत ने आवेदन वापस लेने की अनुमति देते हुए जरूरत पड़ने पर दोबारा आवेदन दाखिल करने की छूट दे दी है। साथ ही अदालत में अब मुख्य लुक आउट सर्कुलर के खिलाफ दायर याचिक पर सुनवाई 17 नवंबर के लिए सूचीबद्ध की गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद अगस्त में सामने आया था, जब लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक और व्यवसायी दीपक कोठारी ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ 60 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। कोठारी के अनुसार यह मामला 2015 से 2023 के बीच का है। उन्होंने बताया कि इस दौरान दंपति ने अपनी कंपनी, बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड के लिए 75 करोड़ रुपये का ऋण लेने का अनुरोध किया था। यह कंपनी लाइफस्टाइल उत्पादों को प्रमोट करने और एक ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म चलाने के उद्देश्य से स्थापित की गई थी।
कोठारी ने क्या आरोप लगाए?
शुरुआत में यह कर्ज 12% ब्याज दर पर दिया गया था। लेकिन बाद में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने कोठारी को यह कर्ज निवेश में बदलने के लिए मनाया, साथ ही मासिक रिटर्न और मूल राशि की पूरी वापसी का आश्वासन दिया। कोठारी का दावा है कि उन्होंने अप्रैल 2015 में 31.95 करोड़ रुपये और उसी वर्ष सितंबर में 28.53 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। अब उनका कहना है कि यह पैसा व्यवसाय के विस्तार में निवेश होने के बजाय निजी खर्चों में इस्तेमाल किया गया।
ये भी पढ़ें: करोड़ों की गाड़ियां, कई बंगले और लैविश लाइफस्टाइल, लग्जरी लाइफ जीती हैं 'ड्रीम गर्ल' हेमा मालिनी, जानें नेट वर्थ