1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'अंदर चल रही थी 'जुदाई' की रिकॉर्डिंग, बाहर सीढ़ी पर बैठी रो रही थीं मोना', सिंगर ने सुनाया श्रीदेवी-बोनी कपूर से जुड़ा किस्सा

'अंदर चल रही थी 'जुदाई' की रिकॉर्डिंग, बाहर सीढ़ी पर बैठी रो रही थीं मोना', सिंगर ने सुनाया श्रीदेवी-बोनी कपूर से जुड़ा किस्सा

 Written By: Priya Shukla
 Published : May 09, 2026 07:11 am IST,  Updated : May 09, 2026 07:11 am IST

'जुदाई' फिल्म की शूटिंग के दौरान ही मोना शौरी को श्रीदेवी और बोनी कपूर के बारे में पता चला था, जिसने उन्हें बुरी तरह तोड़कर रख दिया था। सालों बाद सिंगर जसपिंदर नरूला ने ये पूरा किस्सा साझा किया है।

mona shouri- India TV Hindi
मोना शौरी कपूर, बोनी कपूर और श्रीदेवी। Image Source : INSTAGRAM/@ARJUNKAPOOR/@BONEY.KAPOOR

फिल्मी दुनिया में ऐसे स्टार्स की कमी नहीं है, जिसने किसी दूसरे के लिए अपने पति या पत्नी को खुद से अलग कर दिया। ऐसे कई सेलिब्रिटी हैं जिन्होंने दो या दो से ज्यादा शादियां की हैं। बोनी कपूर भी इन्हीं सेलेब्स में से एक हैं। बोनी कपूर ने पहली शादी मोना शौरी से की थी, जिनसे उनके दो बच्चे अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर थे। लेकिन, फिर उनकी जिंदगी में श्रीदेवी आईं और उन्होंने श्रीदेवी के लिए अपनी पहली पत्नी मोना शौरी को छोड़ दिया। इसका मोना पर काफी गहरा असर हुआ था। इस बीच सिंगर जसपिंदर नरूला ने उस दिन से जुड़ा किस्सा साझा किया है, जब मोना को पहली बार श्रीदेवी और बोनी कपूर के रिश्ते के बारे में पता चला था और वह बुरी तरह टूट गई थीं।

जुदाई के गाने की शूटिंग के दौरान फूट-फूटकर रोई थीं मोना

ये किस्सा 'जुदाई' फिल्म का है, जिसमें श्रीदेवी, अनिल कपूर और उर्मिला मातोंडकर लीड रोल में थे। इस फिल्म का गाना 'मुझे एक पल चैन न आए' जसपिंदर नरूला ने गाया था। इस फिल्म के दौरान जहां श्रीदेवी और बोनी कपूर का अफेयर चल रहा था तो वहीं मोना कपूर को भी इसकी भनक लग चुकी थी। हालिया इंटरव्यू में जसपिंदर नरूला ने ये पूरा किस्सा याद करते हुए बताया कि कैसे मोना शौरी ने उनसे अपना दर्द बयां किया था।

सीढ़ी पर बैठी रो रही थीं मोना

जसपिंदर नरूला ने 'बॉलीवुड ठिकाना' से बातचीत में इस पर बात करते हुए कहा- 'मैं श्रीदेवी से कुछ दो-तीन बार ही मिली थी। लेकिन, अब कई सालों बाद मोना कपूर की करीबी दोस्त होने के नाते, मुझे समझ आ रहा है कि वह उस दौरान किस दर्द से गुजर रही थीं। ये गाना इमोशनली तौर पर अलग मायने रखता है। जब ये गाना रिकॉर्ड हो रहा था, उस समय वह बेहद दर्द में थीं। मैं मोना कपूर के बहुत करीब थी। बाद में उन्होंने मुझे बताया था कि जब मैं 'मुझे एक पल चैन न आवे' रिकॉर्ड कर रही थी, तब वह रो रही थीं। उस दौरान एक का घर बन रहा था तो एक का टूट रहा था।'

लगभग उसी समय उन्हें सब पता चला था- जसपिंदर नरूला

जसपिंदर नरूला कहती हैं- 'उन्होंने मुझसे कहा- तुम अंदर वो गाना गा रही थी और मैं सुपर साउंड स्टूडियो के बाहर सीढ़ी पर बैठकर रो रही थी। इसी दौरान मुझे सब पता चला था। मुझे उन्होंने यही कहा था।' इसी के साथ जसपिंदर ने बताया कि कैसे वह खुद भी इस गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान गंभीर समस्या से जूझ रही थीं। उनके कान में पस जमा हो गई थी, जिसके चलते उनका कान पूरी तरह बंद हो गया था। ऐसे में उन्होंने बहुत ही मुश्किल से ये गाना साथी सिंगर हरिहरन के साथ रिकॉर्ड किया था।

बोनी कपूर ने मोना को कैसे बताया था श्रीदेवी के साथ रिश्ते का सच?

 बता दें, इससे पहले बोनी कपूर ने भी बताया था कि उन्होंने मोना को अपने और श्रीदेवी के रिश्ते के बारे में कैसे बताया था। उन्होंने चंदा कोचर के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा था- 'मैंने अपनी पहली पत्नी को सब सच-सच बता दिया था, मैंने उसके सामने अपने दिल की बात कबूल की थी।' बोनी ने अपनी अंगूठी की ओर इशारा करते हुए कहा-  'ये अंगूठी देखो और वो देखो जो श्रीदेवी ने पहनी थी, दोनों मोना ने ही खरीदी थीं। मैंने उसे सब खुलकर बता दिया था, इसीलिए उसने दोनों बच्चों की परवरिश उनके मन में किसी के लिए नफरत पैदा किए बिना की।'

ये भी पढ़ेंः ऋतिक रोशन ने 'कहो ना प्यार है' का हुकस्टेप किया रीक्रिएट, शादी में मचाई धूम, वीडियो वायरल

Cannes में फिर दिखेगा बॉलीवुड हसीनाओं का रुतबा, ऐश्वर्या राय के अलावा 2 और टॉप एक्ट्रेस दिखाएंगी फैशन का जलवा

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन