2024 के आखिरी में पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ अपने ऑल इंडिया टूर 'दिल लुमिनाटी टूर' को लेकर सुर्खियों में छाए रहे। उनके इस म्यूजिक कॉन्सर्ट सीरीज ने हर तरफ धूम मचाई। इसके बाद एपी ढिल्लों और करण औजला जैसे स्टार्स ने भी अपने म्यूजिक टूर से फैंस का मनोरंजन किया। अब इस लिस्ट में एक और सिंगर का नाम शुमार हो गया है, जिन्होंने हाल ही में अपने ऑल इंडिया टूर का ऐलान किया है। हम बात कर रहे हैं सूफी कलाकार बिस्मिल की, जो अपने 'बिस्मिल की महफिल' के साथ इंडिया के अलग-अलग राज्यों में अपनी आवाज का जादू बिखेरते नजर आएंगे।
ऑल इंडिया टूर का किया ऐलान
बिस्मिल ने सोशल मीडिया के जरिए अपने ऑल इंडिया टूर का ऐलान किया है, जिसने उनके फैंस को खुश कर दिया है। अपनी दिल छू लेने वाली सिंगिंग के लिए मशहूर बिस्मिल सूफी सॉन्ग्स के लिए जाने जाते हैं, जिनकी जादूई आवाज का जादू अब तक लाखों लोगों के दिलों को छू चुका है। अब बिस्मिल अपने ऑल इंडिया टूर के साथ देश के कोने-कोने में अपनी आवाज का जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। योर्ज इंवेंटफुल द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे इस टूर को लेकर बिस्मिल के फैंस बेहद खुश हैं।
पोस्ट के जरिए फैंस को दी गुडन्यूज
म्यूजिक कंपोजर और प्लेबैक सिंगर सलीम मर्चेंट ने एक पोस्ट के जरिए बिस्मिल के ऑल इंडिया टूर की जानकारी दी। वहीं सिंगर ने भी सोशल मीडिया के जरिए फैंस को अपने टूर की जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- 'सूफी सिर्फ सुरों का मेल नहीं, दिलों और रूहों को जोड़ने का जरिया है। इस टूर के जरिए मैं दर्शकों को एक ऐसी जर्नी पर लेकर जाना चाहता हूं जहां म्यूजिक और भक्ति का सगंम हो और इमोशन्स सीमाओं से परे पहुंचें।'
कब और कहां होंगे कॉन्सर्ट
बिस्मिल के कॉन्सर्ट की बात करें तो ये टूर पुणे से शुरू होगा, जिसके बाद नासिक और बरेली में परफॉर्मेंस होगी। इसके बाद ये टूर सूरत, लखनऊ, कोलकाता, लुधियाना और अहमदाबाद पहुंचेगा। इसके अलावा राजधानी दिल्ली में भी इस टूर का आयोजिन होगा और 31 दिसंबर को एक शानदार समारोह के साथ ये टूर खत्म होगा।