1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'पद्मावत' के जौहर सीन की आलोचना पर ट्रोल हुईं स्वरा भास्कर, अब बदले सुर, बोलीं- 'बात का गलत अनुवाद हुआ'

'पद्मावत' के जौहर सीन की आलोचना पर ट्रोल हुईं स्वरा भास्कर, अब बदले सुर, बोलीं- 'बात का गलत अनुवाद हुआ'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 02, 2026 08:45 am IST,  Updated : Sep 02, 2026 08:45 am IST

स्वरा भास्कर ने 'पद्मावत' के जौहर वाले सीन पर अपने कमेंट को लेकर सफाई पेश की है। अभिनेत्री ने एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।

swara bhasker- India TV Hindi
स्वरा भास्कर। Image Source : INSTAGRAM/@REALLYSWARA

स्वरा भास्कर भले ही लंबे समय से किसी फिल्म या किसी एक्टिंग प्रोजेक्ट में नजर नहीं आई हैं, लेकिन सुर्खियों में हमेशा बनी रहती हैं। अभिनेत्री इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने संजय लीला भंसाली की 2018 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पद्मावत' के जौहर वाले सीन की आलोचना की थी। अपने इस बयान के वायरल होते ही स्वरा भास्कर फिर ट्रोल्स से घिर गईं। कई ने स्वरा के इस बयान को रानी पद्मावती और उन महिलाओं का अपमान बताया, जिन्होंने अपनी इज्जत की रक्षा करने के लिए जौहर कर लिया था। हालांकि, अब स्वरा भास्कर ने इन आरोपों पर सफाई दी है। उनका कहना है कि उनकी बात का सही मतलब सामने नहीं आया और बयान का गलत अनुवाद किया गया है। स्वरा ने अपना रुख साफ करते हुए कहा कि उन्होंने रानी पद्मावती के लिए 'कायर' नहीं कहा था।

स्वरा भास्कर ने दी सफाई

स्वरा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपने बयान पर सफाई दी है और कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि रानी पद्मावती कायर थीं। स्वरा वीडियो में कहती हैं- 'सोशल मीडिया पर मेरा एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसे गलत तरीके से ट्रांसलेट किया गया है। मैंने कभी नहीं कहा कि रानी पद्मावती और कोई भी सती कायर थीं। ये शर्मनाक है। मुझ पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। अगर आप मुझे गाली देना चाहते हैं तो दीजिए, लेकिन असल बयान के आधार पर दीजिए। रेप के बाद भी महिलाओं को जीने का हक है।'

बयान पर क्या बोलीं स्वरा भास्कर?

स्वरा आगे कहती हैं- 'इवेंट में मुझसे पूछा गया था कि संजय लीला भंसाली सर को मैने जो ओपन लेटर लिखा था, वो क्या था? तो जवाब में मैंने वो बात बताई जिसे लेकर मुझे दिक्कत थी। अब मेरे बयान का गलत अनुवाद हो रहा है। मैंने ये नहीं कहा कि रानी पद्मावती और बाकी औरतों ने जो जौहर किया वो कायर हैं। मैंने ये बताया कि फिल्म का क्लाइमैक्स देखते समय मेरे मन में क्या विचार आया था। क्लाइमैक्स देखते समय मेरे मन में यही विचार आया था कि भगवान न करे कि मैं कभी रेप का शिकार होती। मुझे ऐसा महसूस होता कि मैं कायर हूं कि मैंने खुद को खत्म नहीं किया।'

समाज और सिनेमा से किए सवाल 

स्वरा ने समाज और सिनेमा से सवाल करते हुए पूछा कि 'क्या हमें ऐसी फिल्म बनानी चाहिए जिससे हमें ये मैसेज मिलता है कि एक महिला की शारीरिक पवित्रता उसकी जिंदगी से ज्यादा मूल्यवान है? क्या रेप सर्वाइवर्स को ये संदेश देना चाहिए कि उसे मर जाना चाहिए था, उसकी जिंदगी बच गई है तो वो बुरी बात है।' स्वरा ने अपनी बात ये कहते हुए खत्म की कि कभी महिलाओं की जीने की इच्छा को कम मत समझिए।

कैसे शुरु हुआ विवाद

दरअसल, 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुई 'महिला, जीवन स्वतंत्रता' कार्यक्रम के दौरान स्वरा ने पद्मावत के जौहर सीन पर बात करते हुए फिल्म में दिखाए गए जौहर वाले सीन को परेशान करने वाला बताया था और इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसी टिप्पणी की, जिसे लेकर पर ट्रोल्स से घिर गईं। बता दें, 2018 में रिलीज हुई इस फिल्म में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती की भूमिका निभाई थी और शाहिद कपूर ने महाराजा रतन सिंह का किरदार निभाया था। वहीं रणवीर सिंह ने सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभाई थी।

ये भी पढ़ेंः स्वरा भास्कर अस्पताल में हुईं भर्ती, डेंगू से हाल हुआ बेहाल, तस्वीर शेयर कर दी हेल्थ अपडेट

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन