महेंद्र सिंह धोनी इंडियन क्रिकेट टीम के सबसे सफल और शानदार कप्तान में से एक हैं। क्रिकेट जगत में हलचल मचाने के बाद अब महेंद्र सिंह धोनी एक नए वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं। रविवार को कैप्टन कूल का एक वीडियो सामने आया, जिसे देखने के बाद अब फैंस ये सवाल कर रहे हैं कि क्या वह एक्टिंग की दुनिया में अपनी नई शुरुआत करने वाले हैं। हाल ही में 'द चेज' का टीजर जारी किया गया, जिसमें महेंद्र सिंह धोनी अभिनेता आर माधवन के साथ दिखाई दिए। इस टीजर ने कैप्टन कूल के फैंस के दिलों की धड़कन बढ़ा दी है और हर तरफ यही सवाल है कि क्या एमएस धोनी अब हीरो बनकर बॉलीवुड में तहलका मचाने वाले हैं।
रविवार को जारी किए गए 'द चेज' के टीजर ने यूं तो महेंद्र सिंह धोनी के फैंस को खुश कर दिया है, लेकिन मेकर्स ने ये साफ नहीं किया है कि ये कोई फिल्म है, सीरीज या फिर हाई प्रोफाइल ऐड, जो एक्शन और ड्रामा से भरा है। इस टीजर में महेंद्र सिंह धोनी और आर माधवन पुलिसिया अवतार में नजर आ रहे हैं और ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे हैं। टीजर में ये तो बताया गया है कि इसे बसन बाला ने डायरेक्ट किया है, जो आलिया की 'जिगरा' के डायरेक्टर थे, लेकिन ये नहीं बताया गया कि आखिर 'द चेज' के पीछे की कहानी क्या है।
इस टीजर को पोस्ट करते हुए आर माधवन ने कैप्शन में लिखा- 'वन मिशन, टू फाइटर्स। तैयार हो जाइये, धमाकेदार चेज शुरू होने वाली है। 'द चेज' का टीजर जारी कर दिया गया है। डायरेक्टेड बाय बसन वाला। कमिंग सून।' माधवन के पोस्ट पर कई यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी और अपनी एक्साइटमेंट जाहिर की है। एक ने कमेंट करते हुए लिखा- 'ओएमजी माही और मैडी, दोनों साथ। ये बहुत ही रोमांचक है।' एक अन्य ने लिखा- 'उम्मीद है ये एक मूवी होगी, कोई विज्ञापन नहीं। क्योंकि, टीजर बहुत ही शानदार है।' एक और लिखता है- 'माही और मैडी साथ में। बात खतम...'
वर्कफ्रंट की बात करें तो आर माधवन हाल ही में फातिमा सना शेख के साथ नेटफ्लिक्स की 'आप जैसा कोई' में नजर आए थे, जो 5 दिसंबर को रिलीज हुई थी और अब वह रणवीर सिंह की 'धुरंधर' में दिखाई देंगे। इस फिल्म में उनके और रणवीर के अलावा संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन भी नजर आएंगी। फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर हैं, जिन्होंने 'उरीः द सर्जिकल स्ट्राइक' से वाहवाही लूटी थी।
संपादक की पसंद