1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'कैंसर हुआ तो लगा तीसरी मंजिल से कूद जाऊं', विक्की कौशल के पिता ने सुनाया दर्द भरा किस्सा

'कैंसर हुआ तो लगा तीसरी मंजिल से कूद जाऊं', विक्की कौशल के पिता ने सुनाया दर्द भरा किस्सा

 Published : Jul 20, 2025 09:20 am IST,  Updated : Jul 20, 2025 09:20 am IST

2003 में विक्की कौशल के पिता शाम कौशल की सर्जरी हुई, जिसके बाद उन्हें पता चला कि उन्हें कैंसर है। उन्होंने उस बुरे वक्त को याद करते हुए बताया कि अस्पताल के कमरे में उसका हाल कैसा हो गया था।

vicky kaushal- India TV Hindi
विक्की कौशल Image Source : INSTAGRAM/VICKY KAUSHAL

विक्की कौशल के पिता और एक्शन डायरेक्टर, शाम कौशल को उस समय गहरा सदमा लगा जब डॉक्टरों ने उन्हें कैंसर के बारे में बताया और कहा कि उनके बचने की संभावना बहुत कम है। यह खबर इतनी निराशाजनक थी कि उन्होंने आत्महत्या करने के बारे में भी सोचा लिया था। फिल्मों में अपने धमाकेदार एक्शन शूट के लिए मशहूर शाम कौशल असल जिंदगी में वॉरियर भी हैं, जिन्होंने हाल ही में अपनी कैंसर जर्नी के बारे में खुलकर बात की और उस वक्त उनका हाल कैसा था। ये सब कुछ बताया है।

आत्महत्या करना चाहते थे विक्की कौशल के पिता

अमन औजला के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान, शाम कौशल ने बताया कि जब उन्हें कैंसर की खबर मिली तो उनके दिमाग में आया कि वो अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूद जाए। उन्होंने 2003 में अपनी एक सर्जरी को याद किया, जिसके बाद उन्हें पता चला कि उन्हें कैंसर है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के कमरे में मौजूद लोग बेहद चिंतित लग रहे थे और डॉक्टर ने उन्हें बताया था कि वह बच नहीं पाएंगे। विक्की कौशल के पिता ने अपनी कैंसर जर्नी के बारे में बात करते हुए कहा, 'उन्होंने मुझे शाम को ये खबर दी थी और रात में, मेरे मन में अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदने का एक अजीब सा विचार आया, जहां मेरा कमरा था। मैंने यह फैसला कमजोरी की वजह से नहीं लिया, बल्कि सोचा जब मुझे मरना ही है, तो अभी क्यों नहीं? लेकिन सर्जरी के बाद के दर्द के कारण मैं हिल भी नहीं पा रहा था।' उन्होंने आगे खुलासा किया कि वह अपने अस्पताल के कमरे में भगवान से प्रार्थना करते थे कि उन्हें वहां से जाएं।

कैंसर के बाद बदल गई जिंदगी

उन्होंने आगे कहा, 'बातचीत के बाद, मैं मौत के डर से उबर गया। अगली सुबह, मैं नई उम्मीद के साथ जगा कि बस कुछ सर्जरी हो जाएंगी और मैं ठीक हो जाऊंगा। इस घटना के बाद, जिंदगी के प्रति मेरा नजरिया बदल गया। इसने मेरी इच्छाशक्ति को मजबूत कर दिया। अगले एक साल तक कई टेस्ट और सर्जरी हुईं। मैं मजबूत बना रहा। खुशकिस्मती से, कैंसर मेरे शरीर में नहीं फैला। मैंने भगवान से 10 साल और जीने की दुआ मांगी थी, लेकिन आज 22 साल हो गए हैं। उस दौर ने मेरी जिंदगी बदल दी। मैं कई अच्छे लोगों से मिला। मुझे अच्छा काम मिला। मेरे बच्चे अच्छा कर रहे हैं। मैं जिंदगी में आगे बढ़ गया।'

शाम कौशल के दोनों बेटे भी बॉलीवुड में मचा रहे धूम

1990 में एक एक्शन निर्देशक के रूप में बड़ा ब्रेक मिलने से पहले, शाम ने कई वर्षों तक स्टंटमैन के रूप में काम किया। वह चार दशकों से भी ज्यादा समय से इस इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और उन्हें बॉलीवुड और हॉलीवुड की फिल्मों में अपने योगदान के लिए जाना जाता है। एक्शन निर्देशक के रूप में उनकी पहली फिल्म 'इंद्रजालम' (1990) थी, जो एक मलयालम फिल्म थी। बॉलीवुड में, शाम ने 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' (2012), 'भाग मिल्खा भाग' (2013), 'पीके' (2014), 'पद्मावत' (2018), 'संजू' (2018), 'टाइगर जिंदा है' (2017) और 'सिम्बा' (2018) जैसी फिल्मों में एक्शन निर्देशक का काम किया है। उन्होंने अकादमी पुरस्कार विजेता फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' (2008) जैसी शानदार फिल्मों पर भी काम किया। उनके दोनों बेटे, विक्की कौशल और सनी कौशल बॉलीवुड में बतौर एक्टर काम कर रहे हैं। शाम कौशल की बड़ी बहू का नाम कैटरीना कैफ, जो विक्की कौशल की पत्नी हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन