1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'सुनीता उछाल रहीं मेरा नाम, लेकिन उसने बचाई इज्जत', रूमर्ड गर्लफ्रेंड को थैक्यू क्यों बोल रहे गोविंदा, सुनाई आपबीती

'सुनीता उछाल रहीं मेरा नाम, लेकिन उसने बचाई इज्जत', रूमर्ड गर्लफ्रेंड को थैक्यू क्यों बोल रहे गोविंदा, सुनाई आपबीती

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Feb 10, 2026 05:21 pm IST,  Updated : Feb 10, 2026 05:21 pm IST

गोविंदा की जिंदगी में काफी उठा पटक चल रही है। उनकी पत्नी के कई बयानों के बाद अब वो सामने आए हैं और इस बार उन्होंने काफी कुछ कहा है। इतना ही नहीं वो अपने कथित अफेयर के बारे में भी बात करते नजर आए।

govinda- India TV Hindi
गोविंदा। Image Source : GOVINDA INSTAGRAM

सुनीता आहूजा पति गोविंदा पर एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के आरोप लगा रही हैं। कई बार वो उन्हें लेकर सवाल खड़े कर चुकी हैं। सुनीता के कई आरोपों के बाद अब ‘हीरो नंबर 1’ स्टार ने पहली बार खुलकर इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सुनीता ने न सिर्फ गोविंदा पर बेवफाई का आरोप लगाया था, बल्कि एक नई एक्ट्रेस कोमल का नाम लेते हुए उनके साथ संबंध होने का दावा भी किया था। अब गोविंदा ने इन आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कई अहम बातें कही हैं। उन्होंने जहां नई एक्ट्रेस और रूमर्ड गर्लफ्रेंड का शुक्रिया अदा किया, वहीं बेटे यशवर्धन आहूजा को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी सफाई दी।

बेटे की मदद करना चाहते थे गोविंदा, उठाया था ये कदम

ANI से बातचीत में गोविंदा ने कहा कि उन्होंने परिवार के हित में कई बड़े फैसले लिए, जिनमें राजनीति छोड़ना भी शामिल है। उन्होंने कहा, 'जब मैंने पॉलिटिक्स छोड़ी तो मुझे लगा कि वहां का कॉम्पिटिशन और जलन मेरे परिवार, खासकर मेरे बच्चों को प्रभावित कर सकती है। इसलिए मैंने अपने परिवार के लिए राजनीति छोड़ दी।' गोविंदा ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने बेटे यशवर्धन के करियर को लेकर कोशिशें की थीं, भले ही इस पर सवाल उठाए गए हों। गोविंदा ने कहा, 'मैंने साजिद नाडियाडवाला से यश की मदद करने के लिए बात की थी। उन्होंने यश को यह समझने के लिए कि फिल्में कैसे बनती हैं, अपना केबिन तक दिया, लेकिन घर पर इस बारे में मुझसे ज्यादा चर्चा नहीं हुई। मेरे घर में ऐसा माहौल बन गया था कि यह मान लिया गया था कि मैं फिल्मों के मामले में नाकाम हो चुका हूं।' उन्होंने आगे कहा कि जब अपने ही परिवार के लोग ऐसा सोचने लगें तो इंसान अंदर से टूट जाता है।

पत्नी के आरोपों से टूटे गोविंदा

अभिनेता ने भावुक होते हुए कहा, 'अगर मेरे अपने लोग ही मुझ पर भरोसा नहीं करेंगे तो मैं कहां जाऊं? मुझे कम से कम 18 डायरेक्टर और 19-20 प्रोड्यूसर मिले हैं। भगवान ने जब मुझे मौका दिया, मैंने पूरी मेहनत से काम किया। यश मुझसे बेहतर एक्टर बनेगा। वह टेक्निकली मुझसे कहीं ज्यादा मजबूत है।' सुनीता आहूजा द्वारा लगाए गए धोखाधड़ी और एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के आरोपों पर गोविंदा ने तल्ख लेकिन भावनात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'मुझ पर ये आरोप पहली बार नहीं लगे हैं। जो आरोप लगा रहा है, वह मेरे बचपन का प्यार है। प्यार के मामले में मेरी जिंदगी कभी सही नहीं रही। अब जो प्यार हो रहा है, लोग उसे बुढ़ापे का नाम दे देते हैं।' उन्होंने अपने बयान में एक प्रतीकात्मक तुलना करते हुए कहा, 'एक बैल को पूरी जिंदगी इस्तेमाल करने के बाद आखिर में स्लॉटरहाउस भेज दिया जाता है।'

एक्ट्रेसेज के हैं शुक्रगुजार

गोविंदा ने साफ किया कि अपने लंबे करियर में उन्होंने हमेशा महिला कलाकारों का सम्मान किया है। उन्होंने कहा, 'मैंने अपने करियर में चार मिस यूनिवर्स रह चुकी सुपरस्टार हीरोइनों के साथ काम किया है। मैंने कभी गलत नजर से नहीं देखा। मेरी कोई भी हीरोइन यह नहीं कह सकती कि मैंने कभी बदतमीजी की हो या किसी को तंग किया हो।' उन्होंने यह भी जोड़ा कि जिस नई एक्ट्रेस का नाम लिया जा रहा है, वह उनके अपने प्रोडक्शन से करियर शुरू कर रही है और वह उसके साथ कभी कुछ गलत करने की सोच भी नहीं सकते।'

कोमल को कहा थैक्यू

गोविंदा ने माना कि सुनीता के आरोपों के बाद इंडस्ट्री में कुछ लोग उनके साथ काम करने से हिचक सकते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं सभी कलाकारों और हीरोइनों का शुक्रगुजार हूं जिनके साथ मैंने काम किया। मेरी फिल्मों की सफलता में मेरे डायरेक्टर्स, गानों और हीरोइनों का बड़ा योगदान रहा है।' उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मां खुद एक हीरोइन थीं, इसलिए उन्होंने हमेशा महिला कलाकारों को सम्मान दिया है। सुनीता द्वारा उन्हें आने वाली अभिनेत्री कोमल से जोड़ने पर गोविंदा ने भी जवाब दिया और कहा, 'यह जो नाम ले रही है कोमल, मैं धन्यवाद देता हूं कि जो मैं आज बच गया हूं वो एक भी शब्द बह बोलती है वो चुप है इतने में तो आज कल यंगस्टर्स जो हैं क्या क्या गाली देते हैं।'

ये भी पढ़ें: सोनू सूद के बाद राजपाल यादव के लिए पसीजा दो और सितारों का दिल, TV सुपरस्टार बोले- हालत देख मेरा दिल टूट गया

सास-बहू वाली सीरीज, कट्टे के दम पर लेडीज चला रहीं ड्रग का धंधा, सस्पेंस-मिस्ट्री और खून-खराबा से लबरेज

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन