आज का दिन पूरी दुनिया में महिलाओं के नाम रहता है और लोगों को समाज में इनके महत्वपूर्ण योगदान को याद दिलाया जाता है। देश, धर्म और हर तरह के कल्चर के समाज को सभ्य बनाने में महिलाओं की खासा भूमिका रही है। आज हर क्षेत्र में महिलाओं की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है और ये बहुत खुशी देने वाली बात है। फिल्मी दुनिया जहां 100 साल पहले महिलाओं का दिखना लगभग असंभव था आज यहां महिलाएं अपने टैलेंट से दुनियाभर में तारीफें बटोर रही हैं। इस खास दिन पर हम आपको बताते हैं बॉलीवुड की 3 ऐसी एक्ट्रेस की कहानी जिन्होंने ग्लैमर का मोह छोड़कर एक सामान्य किरदार निभाए। इन किरदारों के लिए इन हीरोइन्स को अपना लुक भी बदलना पड़ा।
1-ऐश्वर्या राय: अपनी खूबसूरती के लिए मिस वर्ल्ड का खिताब जीत चुकीं ऐश्वर्या राय ने अपने करियर में कई बेहतरीन किरदार निभाए हैं। ऐश्वर्या इंटरनेशनल स्केल पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व करती रहीं हैं। साल 2016 में आई फिल्म 'सरबजीत' में उन्होंने अहम किरदार निभाया था। इस किरदार के लिए उन्होंने अपना पूरा लुक बदल दिया था। इतना ही नहीं इस किरदार को निभाकर ऐश्वर्या ने उस बहादुर महिला के जज्बे, त्याग और अपने भाई के प्रति अटूट प्रेम की एक मिसाल पेश की थी। ये किरदार असल जिंदगी पर बना था। इस किरदार के लिए ऐश्वर्या की खूब तारीफ भी हुई थी। फिल्म में ऐश्वर्या राय के साथ रणदीप हुड्डा लीड रोल में नजर आए थे। जिन्होंने इस किरदार के लिए काफी लुक बदला था।
2-आलिया भट्ट: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने 13 साल के करियर में अब तक कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। आलिया ने कई ग्लैमरस रोल निभाए और खूब तारीफें बटोरीं। लेकिन साल 2016 में आई पॉपुलर फिल्म 'उड़ता पंजाब' में उन्होंने एक लड़की का किरदार निभाया था। इस किरदार के लिए आलिया को काफी ट्रांसफोर्मेशन करना पड़ा था। फिल्म में आलिया के साथ शाहिद, करीना कपूर और दिलजीत दोसांझ लीड रोल में नजर आए थे। फिल्म में इस किरदार के लिए आलिया की खूब तारीफें भी हुई थीं।
3-दीपिका पादुकोण: 4 फिल्म फेयर अवॉर्ड जीतने वाली एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण भी महिलाओं की आवाज अपनी फिल्म में उठा चुकी हैं। साल 2020 में दीपिका ने फिल्म छपाक की थी जिसमें उन्होंने एक एसिड अटैक विक्टिम लड़की का रोल प्ले किया था। फिल्म को मेघना गुलजार ने डायरेक्ट किया था। अपनी-अपनी फील्ड की इन 2 टैलेंटेड महिलाओं ने एक बेहतरीन फिल्म बनाई थी जो एक ऐसी लड़की की कहानी बताती है जिसपर तेजाब से हमला हुआ था। ये फिल्म बेहद भावुक करने वाली और असल जिंदगी पर बनी थी। इस फिल्म के लिए दीपिका के साथ डायरेक्टर मेघना गुलजार की भी खूब तारीफ हुई थी।