नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने मंगलवार को कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल्द ही राष्ट्रीय राजधानी के स्टेडियमों और खेल कॉम्प्लेक्स को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। दिल्ली सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, "सरकार ने सभी उम्र के लोगों में खेल को बढ़ावा देने के लिए एक जुलाई से 'पे और प्ले' स्कीम के तहत कई स्टेडियम और खेल परिसरों को खोलने का निर्देश दिया है।"
इस योजना के अनुसार कोई भी व्यक्ति निर्धारित शुल्क जमा कर इन खेल परिसरों की सुविधा उठा सकेगा।
यह सुविधा सुबह छह बजे से सुबह 9.30 बजे तक उपलब्ध कराई जाएगी।
स्कूली छात्र और विकलांग इन सुविधाओं का मुफ्त में इस्तेमाल कर सकेंगे। साथ ही 45 साल तक के लोगों को हर महीने 100 रुपये खर्च करने होंगे। इससे अधिक वय के लोगों को 75 रुपये प्रति महीने देने होंगे।
महिलाओं और गरीबी रेखा से नीचे के लोगों को 45 रुपये प्रति महीने खर्च करने होंगे।
एक अन्य योजना के तहत विभिन्न अकादमी, क्लब या कोई व्यक्ति सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों के अंदर खेलों और शरीरिक शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर सकेंगे।
विज्ञप्ति के अनुसार यह सेवा नि:शुल्क दी जाएगी।
सरकार के अनुसार इस योजना के लिए सदस्यता देने की शुरुआत त्यागराज स्टेडियम, लुडलो कैसल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और छत्रसाल स्टेडियम में शुरू हो चुकी है।