यामी गौतम और प्रतीक गांधी अपनी अपकमिंग फिल्म 'धूम धाम' के साथ दर्शकों के बीच धूम-धाम मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है, जो रोमांच के साथ-साथ सस्पेंस से भी भरा है। फिल्म के टीजर में शादी के बाद पहली रात पर कपल की भागदौड़ देखने को मिली थी और अब ट्रेलर में दूल्हा-दुल्हन और बिन बुलाए बारातियों के बीच की भगदड़ देखने को मिल रही है। धूम धाम के साथ यामी गौतम और प्रतीक गांधी कोयल और वीर के किरदार में दर्शकों के बीच दस्तक को तैयार हैं।
प्रतीक गांधी-यामी गौतम की 'धूम धाम' का ट्रेलर रिलीज
ट्रेलर की शुरुआत सीधे-सादे गुजराती लड़के वीर (प्रतीक गांधी) और तेज-तर्रार दुल्हन कोयल (यामी गौतम) के साथ होती है। वीर, कोयल से शादी के बाद रोमांस के सपने देख रहा होता है, लेकिन दोनों एक-दूसरे में खोते कि इससे पहले ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगती हैं। गोलियों के बीच अफरा-तफरी शुरू होती है और तभी वीर को अपनी दुल्हन कोयल के खतरनाक और खूंखार अंदाज का पता चलता है। वह ना सिर्फ गुंडों से लड़ती है, 'मदर-सिस्टर' की गालियां भी देना जानती है।
वीर-कोयल के बीच चार्ली की एंट्री
धूम-धाम के टीजर की शुरुआत जहां 'लाल दुपट्टे वाली' के साथ होती है तो वहीं ट्रेलर की शुरुआत 'पुकार' के 'के सेरा सेरा' के साथ होती है। करीब ढाई मिनट के इस ट्रेलर में दर्शकों को शादी की पहली रात से लेकर गोली-बंदूक की बारिश तक सब देखने को मिलता है। कोयल और वीर की शादी की पहली रात ही कुछ बंदूकधारी उनके कमरे में घुसते हैं और पूछते हैं- 'चार्ली कहां है?' ये सुनकर दूल्हा-दुल्हन भागने लगते हैं। इससे ये तो पता चलता है कि इसका कोयल की पिछली जिंदगी से कुछ लेना-देना है, लेकिन क्या, चार्ली कौन है और कहां है ? जैसे जवाब तो फिल्म की रिलीज के बाद ही पता चलेंगे।
वैलेंटाइन डे पर रिलीज होगी फिल्म
ऋषभ सेठ के डारेक्शन में बनी फिल्म में यामी गौतम कोयल के रोल में हैं और प्रतीक गांधी वीर का रोल प्ले करते नजर आएंगे। यामी और प्रतीक के अलावा फिल्म में एजाज खान और प्रतीक बब्बर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। अरेंज मैरिज वाली ये अनूठी प्रेम कहानी इसी महीने वैलेंटाइन डे के मौके पर दर्शकों के बीच दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। लेकिन, कहानी में एक ट्विस्ट है। ट्विस्ट ये है कि फिल्म सिनेमाघरों में नहीं बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।