1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. OTT Release: सस्पेंस, क्राइम और भरपूर एक्शन, इस हफ्ते OTT पर रिलीज हो रही 7 जबरदस्त फिल्में और सीरीज

OTT Release: सस्पेंस, क्राइम और भरपूर एक्शन, इस हफ्ते OTT पर रिलीज हो रही 7 जबरदस्त फिल्में और सीरीज

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : May 11, 2026 10:41 am IST,  Updated : May 11, 2026 10:41 am IST

इस हफ्ते ओटीटी पर मनोरंजन का महासंग्राम शुरू हो रहा है। 1000 करोड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म के डिजिटल प्रीमियर से लेकर सैफ अली खान और रणदीप हुड्डा के दमदार पुलिसिया अवतार तक एक्शन और थ्रिलर का शानदार तालमेल दर्शकों का इंतजार कर रहा है।

Ott release this week- India TV Hindi
सैफ अली खान और रणवीर सिंह। Image Source : IMDB

गर्मी के इस बढ़ते सितम के बीच घर के भीतर सुरक्षित रहकर मनोरंजन का आनंद लेना सबसे सुखद अनुभव होता है। ओटीटी की दुनिया इन दिनों उत्साह से लबरेज है और पिछले हफ्ते की तरह ही यह हफ्ता भी दर्शकों के लिए एक्शन, थ्रिल और भावनाओं का अनूठा संगम लेकर आया है। यदि आप भी इस वीकेंड कुछ बेहतरीन देखने की योजना बना रहे हैं तो प्राइम वीडियो, नेटफ्लिक्स, जियो हॉटस्टार और जी5 पर रिलीज होने वाली प्रमुख फिल्मों और सीरीज की सूची पर एक नजर जरूर डालें। इस लिस्ट में धुरंधर 2 से लेकर कर्तव्य तक शामिल हैं।

धुरंधर: द रिवेंज

सिनेमाघरों में एक महीने से अधिक समय तक तहलका मचाने के बाद, साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' अब ओटीटी पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर माधवन जैसे दिग्गज कलाकारों की टोली नजर आएगी। इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होकर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है। जो लोग थिएटर में इसे देखने से चूक गए थे, वे 15 मई से इसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं। फिल्म की कहानी और इसके जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस ने इसे एक 'कल्ट' फिल्म का दर्जा दिला दिया है।

कर्तव्य

अपराध और न्याय की जटिलताओं को दर्शाती फिल्म 'कर्तव्य' इस सप्ताह का एक और बड़ा आकर्षण है। पुलकित द्वारा निर्देशित इस क्राइम ड्रामा का निर्माण शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान ने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। फिल्म में सैफ अली खान एक पुलिस अधिकारी की मुख्य भूमिका में हैं, जबकि उनके साथ रसिका दुगल, संजय मिश्रा और मनीष चौधरी जैसे मंझे हुए कलाकार अपनी कलाकारी का जौहर दिखाएंगे। सैफ का पुलिसिया अंदाज हमेशा से दर्शकों को पसंद आता रहा है, और यह फिल्म उसी रोमांच को आगे बढ़ाती है। यह फिल्म 15 मई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी।

एग्जाम

दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक ए. सरकुनम इस बार एक बेहद संवेदनशील विषय लेकर आए हैं। 'एग्जाम' एक तमिल ड्रामा सीरीज है जो प्रतियोगी परीक्षाओं के दबावपूर्ण माहौल में एक भावुक सफर को दर्शाती है। यह सीरीज उन छात्रों और परिवारों की कहानी है जो सफलता की होड़ में अपनी भावनाओं और रिश्तों को दांव पर लगा देते हैं। तनाव और मानवीय संवेदनाओं से भरी यह सीरीज 15 मई से प्राइम वीडियो पर प्रसारित की जाएगी।

इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2

रणदीप हुड्डा एक बार फिर यूपी पुलिस के जांबाज अधिकारी अविनाश मिश्रा के रूप में वापसी कर रहे हैं। 'इंस्पेक्टर अविनाश' का दूसरा सीजन इस हफ्ते रिलीज हो रहा है, जिसमें अविनाश मिश्रा (एसटीएफ प्रमुख) खतरनाक गैंगस्टरों का सफाया करते नजर आएंगे। सीरीज में उर्वशी रौतेला, अमित सियाल, शालीन भनोट और राहुल मित्रा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। उत्तर प्रदेश की आपराधिक पृष्ठभूमि पर आधारित यह थ्रिलर सीरीज 15 मई से जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकेगी।

द क्रैश

सच्ची घटनाओं पर आधारित कहानियों के शौकीनों के लिए 'द क्रैश' एक अनिवार्य विकल्प है। यह क्राइम डॉक्यूमेंट्री 2022 की उस भयावह घटना पर आधारित है, जिसमें ओहायो की 17 वर्षीय मैकेंजी शिरिला ने जानबूझकर अपनी कार 100 मील प्रति घंटे की रफ्तार से एक इमारत से टकरा दी थी। इस दर्दनाक हादसे में उसके प्रेमी डोमिनिक रूसो और दोस्त डेवियन फ्लैगन की मौत हो गई थी। मैकेंजी को 12 गंभीर अपराधों का दोषी पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। यह डॉक्यूमेंट्री 15 मई से नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होगी।

मार्टी, लाइफ इज शॉर्ट

प्रसिद्ध कनाडाई कॉमेडियन और लेखक मार्टिन शॉर्ट के जीवन पर आधारित यह डॉक्यूमेंट्री उनके 50 साल लंबे शानदार करियर का जश्न मनाती है। इसमें उनके थिएटर से लेकर स्टैंड-अप कॉमेडी तक के उतार-चढ़ाव भरे सफर को करीब से दिखाया गया है। फिल्म में उनके दुर्लभ फुटेज और करीबी दोस्तों व साथी कलाकारों के विशेष साक्षात्कार शामिल हैं। यह प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री 12 मई से नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।

बर्लिन एंड द लेडी विद एन एरमाइन

दुनियाभर में मशहूर सीरीज 'मनी हाइस्ट' का स्पिन-ऑफ 'बर्लिन' एक नई कहानी के साथ वापस आ रहा है। स्पेन के सेविले शहर में सेट यह आठ एपिसोड की सीरीज बर्लिन (पेड्रो अलोंसो) और उसकी टीम की एक और बड़ी डकैती पर आधारित है। इस बार यह डकैती केवल धन के लिए नहीं बल्कि प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है। रोमांच और मास्टर प्लान से भरी यह सीरीज 15 मई से नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

ये भी पढ़ें: UN में सेवा और 30 साल की कलेक्टरी, फिर सिनेमा के जुनून में छोड़ी IAS की कुर्सी, पहली ही फिल्म ने जिताया नेशनल अवॉर्ड

8 करोड़ में बनी 'दृश्यम' से तगड़ी सस्पेंस थ्रिलर, जीते 3 नेशनल अवॉर्ड, 100 करोड़ी फिल्म से चमकी हीरोइन की किस्मत, बनी सुपरस्टार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन