1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. वो फिल्म जिसे रिजेक्ट कर खूब पछताए थे शाहरुख खान, 1 शर्त के चलते हाथ से निकली थी सुपरहिट मूवी

वो फिल्म जिसे रिजेक्ट कर खूब पछताए थे शाहरुख खान, 1 शर्त के चलते हाथ से निकली थी सुपरहिट मूवी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Mar 30, 2025 05:46 pm IST,  Updated : Mar 30, 2025 05:46 pm IST

शाहरुख खान ने अपने करियर में कई हिट, सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं और साथ ही साथ कुछ ऐसी फिल्में करने से इनकार भी कर दिया, जो बाद में किसी दूसरे स्टार के हाथ लग गई और बाद में सुपरहिट साबित हुईं। ऐसी ही एक फिल्म को रिजेक्ट करके शाहरुख खूब पछताए थे।

Shah Rukh Khan- India TV Hindi
शाहरुख खान ने रिजेक्ट कर दी थी 1994 की सुपरहिट फिल्म Image Source : INSTAGRAM

शाहरुख खान हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े सुपरस्टार हैं। उनके खाते में 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' से लेकर 'जवान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में हैं। शाहरुख इंडस्ट्री के वो सुपरस्टार हैं, जिनके साथ हर कोई काम करना चाहता है और फैंस के बीच उनकी दीवानगी के तो क्या ही कहने। शाहरुख ने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। 1994 में भी उन्हें एक फिल्म ऑफर हुई थी, जिसे करने से उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद जब ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई तो साल की सबसे बड़ी हिट बनकर सामने आई, जिसे लेकर बाद में शाहरुख खान को भी पछतावा हुआ।

जब शाहरुख खान ने रिजेक्ट कर दी सुपरहिट फिल्म

ये फिल्म थी 'दिलवाले', जिसमें अजय देवगन, रवीना टंडन और सुनील शेट्टी लीड रोल में नजर आए थे। 1994 में रिलीज हुई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी। अब हाल ही में फिल्म के लेखक करण राजदान ने इस फिल्म को लेकर एक खुलासा किया और बताया कि फिल्म में अजय देवगन वाली भूमिका शाहरुख खान को ध्यान में रखते हुए लिखी गई थी, लेकिन उन्होंने एक शर्त के चलते फिल्म करने से इनकार कर दिया।

शाहरुख की जगह अजय देवगन को मिला रोल

सिद्धार्थ कनन के साथ बातचीत में करण राजदान ने कहा- 'दिलवाले में अजय देवगन को जो रोल दिया गया था, वह शाहरुख खान के लिए लिखा गया था। मैं कहानी सुनाने उनके घर गया था, उन्हें स्क्रिप्ट पसंद भी आई। लेकिन, उन्होंने मुझसे एक बात कही- 'करण, आखिरी में हीरोइन को दूसरे लड़के के साथ जाना चाहिए।' मैंने फिल्म का अंत बदलने से इनकार कर दिया तो उन्होंने कहा- 'अगर मैं त्याग नहीं कर सकता तो मैं ये फिल्म नहीं कर सकता।' फिर मैं अजय की फल्म के सेट पर गया और उन्हें ये रोल ऑफर किया और उन्होंने इसके लिए तुरंत हामी भर दी। फिर हमने दूसरे लीड एक्टर के तौर पर सुनील शेट्टी को कास्ट किया।'

सुभाष घई भी कास्टिंग से नहीं थे प्रभावित

करण राजदान आगे कहते हैं- 'सुभाष घई इस कास्टिंग से बिलकुल खुश नहीं थे। मैंने 80 प्रतिशत शूटिंग पूरी होने के बाद उन्हें फिल्म दिखाई और उनकी प्रतिक्रिया ने मुझे चौंका दिया। उन्होंने मुझसे कहा- अगर तुम रोना चाहते हो तो अभी रो लो, क्योंकि वैसे भी फिल्म की रिलीज के बाद तुम रोने वाले हो। मैंने पूछा क्यों- तो बोले 'क्या तुम्हे अजय देवगन से कोई शिकायत है?' वह सुनील पर ज्यादा कमेंट नहीं कर सके, क्योंकि वह नए थे। दूसरी तरफ, रवीना टंडन ने लगभग 12 फ्लॉप दी थीं। लोग मुझे चिढ़ाते हुए कहते थे- 'तेरवीं आपकी होगी।'

शाहरुख ने भी की मुलाकात

करण ने याद किया कि कैसे फिल्म सफल होने के बाद शाहरुख ने भी उन्हें बधाई दी, उनसे मुलाकात की और उन्हें गले लगाया। इस दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि अंत बदलने की उनकी मांग गलत थी। उन्होंने खुशी जाहिर की कि वह अपने दृष्टिकोण पर अड़े रहे। हैरी बाबेजा द्वारा निर्देशित रोमांटिक एक्शन 'दिलवाले' 1994 में रिलीज हुई थी और बंपर ओपनिंग के साथ जबरदस्त कमाई की और सुपरहिट रही। ये इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन