मनोज बाजपेयी स्टारर 'द फैमिली मैन' ओटीटी की दुनिया के सबसे मशहूर और सफल वेब सीरीज में से एक है। इस सीरीज में मनोज बाजपेयी के किरदार के अलावा उनके दोस्त जेके तलपड़े को भी खूब पसंद किया गया। इस हिट वेब सीरीज में जेके तलपड़े का किरदार मशहूर एक्टर शारिब हाशमी ने निभाया है, जो इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। शारिब हाशमी की पत्नी नसरीन हाशमी एक बार फिर कैंसर की चपेट में आ गई हैं। नसरीन अब तक 5 बार कैंसर को मात दे चुकी हैं। उनकी 5 बार सर्जरी हो चुकी है, लेकिन अब छठी बार कैंसर ने उन्हें जद में ले लिया है, जिससे शारिब बुरी तरह टूट गए हैं।
छठी बार कैंसर की चपेट में नसरीन
शारिब हाशमी और उनकी पत्नी नसरीन ने हाल ही में 'हॉटरफ्लाई' के साथ हुई बातचीत में बताया कि नसरीन के मुंह के कैंसर का छठी बार वापस आ गया है। शारिब और नसरीन दोनों ने कैंसर के डर, अस्पताल में भर्ती होने, इमोशनल ब्रेकडाउन और और बार-बार के इलाज के बारे में खुलकर बात की। शारिब ने माना कि उन्हें जब 2018 में नसरीन की बीमारी के बारे में पता चला तो वह बुरी तरह टूट गए थे। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए कहा- 'उसकी अब तक 5 बार सर्जरी हो चुकी है और ये छठी बार लौट आया है। इस बार ये पूरे शरीर में फैल गया है। इलाज चल रहा है, ये भी बीत जाएगा। नसरीन जिस हिम्मत के साथ इसका सामना कर रही थीं, उसने हम सबको हिम्मत दी। उसे जो कैंसर है, वो काफी आक्रामक प्रकृति का है, इसलिए बार-बार अटैक कर रहा है। लेकिन, वो इसका बहुत हिम्मत के साथ सामना कर रही है।'
हमेशा नसरीन के साथ रहे शारिब
बातचीत के दौरान नसरीन ने बताया कि कैसे इतने व्यस्त शेड्यूल के बाद भी शारिब हर सर्जरी में उनके साथ रहे और अस्पताल में भर्ती रहने से ठीक होने के दौरान उनका साथ दिया। नसरीन ने कहा- “वह कभी भी मेरा साथ नहीं छोड़ते। अगर शूटिंग होती और वह व्यस्त होते, तब भी वह किसी न किसी तरह समय निकालकर अस्पताल पहुंच जाते थे। अस्पताल में भर्ती होने से डिस्चार्ज होने तक, वह अपना बैग लिए वहीं बैठे रहते थे। वह तब तक नहीं हिलते जब तक डिस्चार्ज नहीं मिल जाता। उनका यूं हमेशा मेरे साथ रहना मुझे बहुत अच्छा लगता है। उनका मेरे लिए मौजूद रहना मेरे दिल को सुकून देता है। वह हर मायने में मेरे साथ रहे हैं।”
शारिब और नसरीन की लव स्टोरी
शारिब हाशमी और नसरीन हाशमी की लव स्टोरी की बात करें तो दोनों 27 दिसंबर 2003 को शादी के बंधन में बंधे थे, मगर दोनों का साथ सालों का था। दोनों की मुलाकात तब हुई, जब दोनों काफी यंग थे और करीब तीन दशक से नसरीन और शारिब साथ हैं। दोनों का एक बेटा और एक बेटी हैं। शारिब ने यूं तो अपने करियर की शुरुआत 2008 में कर दी थी, लेकिन 2012 में उन्हें कुमुद मिश्रा के साथ 'फिल्मिस्तान' में प्रमुख भूमिका मिली। वहीं 'द फैमिली मैन' वेब सीरीज में जेके तलपड़े का किरदार निभाने के बाद वह और भी मशहूर हो गए।
ये भी पढ़ेंः कहां गई हिटलर दीदी? 43 की उम्र में भी कम नहीं हुआ है चार्म, नया अवतार देखकर उड़ जाएंगे होश, सामने आया वीडियो