1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. शिल्पा शिंदे को भारी पड़ा कबूलनामा, प्रोड्यूसर पर लगाए झूठे आरोप मामले में AICWA की एंट्री, CM फडणवीस से की जरूरी अपील

शिल्पा शिंदे को भारी पड़ा कबूलनामा, प्रोड्यूसर पर लगाए झूठे आरोप मामले में AICWA की एंट्री, CM फडणवीस से की जरूरी अपील

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 06, 2026 12:29 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 12:29 pm IST

हाल ही में शिल्पा शिंदे ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने हिट शो 'भाबीजी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर पर यौन उत्पीड़न के झूठे आरोप लगाए थे। इस खुलासे के बाद हर तरफ हलचल पैदा हो गई और अब फिल्म और लेबर संघ संगठन AICWA ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से शिल्पा शिंदे के खिलाफ के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह किया है।

shilpa shinde- India TV Hindi
शिल्पा शिंदे। Image Source : INSTAGRAM/@SHILPA_SHINDE_OFFICIAL

टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे फिर सुर्खियों में हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही में 'भाबीजी घर पर हैं' से जुड़े एक सालों पुराने विवाद के बारे में बात की और खुलासा किया कि उन्होंने अपने शो के निर्माता के खिलाफ यौन उत्पीड़न के झूठे आरोप लगाए थे। शिल्पा शिंदे के इस कबूलनामे ने अब एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। हिना खान सहित टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने एक्ट्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब ऑल इंडिया सीने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले की निष्पक्ष और एक्ट्रेस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिल्पा शिंदे को लेकर क्या बोला AICWA?

AICWA ने इस पूरे मामले पर रिएक्शन देते हुए एक पोस्ट साझा किया, जिसमें लिखा, "यौन उत्पीड़न का झूठा आरोप किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा, परिवार, बच्चों, करियर और मानसिक स्वास्थ्य को ऐसा नुकसान पहुंचा सकता है, जो कभी नहीं भरता। इस तरह के आरोप किसी व्यक्ति की इमेज को हमेशा-हमेशा के लिए धूमिल कर सकते हैं और आरोपी के साथ-साथ उसके परिवार के लिए भी खतरनाक हो सकते हैं। AICWA का मानना ​​है कि अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर इस तरह के झूठे आरोप लगाता है तो ये आरोपी को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उन लोगों को भी नुकसान पहुंचाते हैं जो सच में इस तरह की वारदातों से पीड़ित हैं। ये इस तरह के मामलों की विश्वसनीयता पर संदेह पैदा करता है। ये शिकायतें वैध शिकायतों पर संदेह पैदा कर सकती हैं और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में उत्पीड़न से गुजर रहे या गुजर चुके पीड़ितों के लिए अपनी बात सुनाना और उन पर विश्वास करना और भी मुश्किल बना सकती हैं।"

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से एआईसीडब्ल्यूए की अपील

एआईसीडब्ल्यूए ने इस पूरे मामले में सीएम फडणवीस से कार्रवाई की मांग की अपील करते हुए लिखा, "ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करने का आग्रह करता है। अगर ये बात साबित होती है कि ये आरोप झूठे थे और जानबूझकर लगाए गए थे तो ये कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। निर्दोष व्यक्तियों को झूठे आरोपों से बचाने और न्याय की मांग करने वाले वास्तविक पीड़ितों की रक्षा के लिए जवाबदेही बहुत जरूरी है। सच और न्याय की जीत होनी चाहिए। झूठे आरोप और वास्तविक उत्पीड़न दोनों ही गंभीर मामले हैं, और कानून को प्रत्येक मामले से उचित ढंग से निपटना चाहिए।"

शिल्पा शिंदे का कबूलनामा

दरअसल, कुछ साल पहले शिल्पा शिंदे ने अपने शो 'भाबीजी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। अब हाल ही में अभिनेत्री ने हर्ष लिंबाचिया और भारती सिंह के पॉडकास्ट में बात करते हुए इस विवाद के बारे में बात करते हुए कहा, 'ये बात कोई नहीं जानता, मुझे सच कहने से डर नहीं लगता। और मैं ये कहूंगी कि मैं जो कहने जा रही हूं वो बड़ी बात है, मैंने अपने प्रोड्यूसर के ऊपर सेक्शुअल हैरेसमेंट का केस कर दिया था क्योंकि मेरे पास और कोई रास्ता नहीं था, और तब जाकर मैं उसमें से सेटल होकर निकल सकी हूं। तब किसी प्रोड्यूसर ने उनका साथ नहीं दिया और मैंने उसी आधार पर केस किया। पुलिस तो सीधा एफआईआर करने के लिए ये बोलती है कि आपको गंदा लिखना पड़ेगा और मैं लॉ बैकग्राउंड से हूं। मैं आज इसके जरिए बोल रही हूं कि वो झूठ था। मैं ये पहली बार कन्फेस कर रही हूं सच में। फिर हमारी सेटलमेंट हुई और पेमेंट थी जो तीन महीने बाद मिला था वो क्लियर हुआ।'

क्या है शिल्पा शिंदे की कॉन्ट्रोवर्सी

बता दें, एक समय था जब शिल्पा शिंदे 'भाबीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभा रही थीं। 2015 में जब टीवी पर शो ऑन एयर हुआ, शिल्पा घर-घर में फेमस हो गईं। उनके किरदार को खूब पसंद किया गया, लेकिन मार्च 2016 में उन्होंने प्रोड्यूसर पर मेंटल और सेक्शुअल सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाते हुए ये शो अचानक छोड़ दिया। उन्होंने ये भी बताया कि मेकर्स की ओर से उन्हें एक एक्सक्लूसिविटी डील साइन करने के लिए कहा गया था जो उन्हें कहीं और काम करने से रोक देगी।

ये भी पढ़ेंः 'खुद को बोल्ड दिखाना पसंद नहीं', PEDDI के रिलीज होते ही लोगों को याद आया जाह्नवी कपूर का बयान, खूब हो रहीं ट्रोल

सुनसान द्वीप पर फंसी 8 लड़कियां, जिंदा रहने के लिए लड़ती हैं जंग, 'द वाइल्ड्स' की कहानी दिमाग पर कर लेगी कब्जा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन