1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. बिग बॉस 20 को माही विज ने बताया 'डिवोर्स स्पेशल' सीजन, ईशा रिखी संग बातचीत में किया कमेंट- 'दूसरी पारी चल रही है'

बिग बॉस 20 को माही विज ने बताया 'डिवोर्स स्पेशल' सीजन, ईशा रिखी संग बातचीत में किया कमेंट- 'दूसरी पारी चल रही है'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 08, 2026 09:53 pm IST,  Updated : Sep 08, 2026 09:53 pm IST

बिग बॉस 20 के पहले दिन से ही माही विज अपने अंदाज को लेकर चर्चा में आ गई हैं। अब उनके एक कमेंट की भी काफी चर्चा हो रही है। हाल ही में माही विज ने ईशा रिखी से बातचीत के दौरान इस सीजन को 'डिवोर्स स्पेशल' तक कह दिया।

Bigg Boss 20- India TV Hindi
ईशा रिखी, माही विज। Image Source : INSTAGRAM/@JIOHOTSTARREALITY

बिग बॉस 20 की शुरुआत हो चुकी है और शो का पहला ही  एपिसोड काफी ड्रामे से भरा रहा। एक तरफ माही विज के व्यवहार ने उन्हें बातचीत के केंद्र में लाकर खड़ा कर दिया तो वहीं अरिश्फा खान भी अपने तेज-तर्रार अंदाज से घरवालों को चौंकाती दिखीं। जहां कुछ अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात करते दिखे तो कुछ अपने झगड़ालू स्वभाव को लेकर चर्चा में आ गए। इस बीच माही विज के एक कमेंट ने उन्हें फिर सुर्खियों में ला दिया है। एक्ट्रेस ने ईशा रिखी के साथ बातचीत के दौरान तलाक का मुद्दा उठाने की कोशिश की। हालांकि, न तो ईशा उनके साथ इस मुद्दे पर चर्चा करने में दिलचस्पी लेती दिखीं और न ही मैरी कॉम। इसी दौरान माही ने शो को 'डिवॉर्सी स्पेशल' का भी टैग दे दिया।

माही ने बिग बॉस 20 को 'तलाक स्पेशल' सीजन बताया

माही विज ने अभिनेता जय भानुशाली से इस साल की शुरुआत में तलाक का ऐलान किया था। दोनों ने जनवरी में जॉइंट पोस्ट शेयर करते हुए तलाक की पुष्टी की। हालांकि, तलाक के बाद भी दोनों की बॉन्डिंग काफी अच्छी है और अब भी दोनों अपनी बेटी तारा का साथ में पालन-पोषण कर रहे हैं। जब कनिका मान ने माही से उनके रिलेशनशिप स्टेटस पर सवाल किया और पूछा कि क्या वह सिंगल हैं, तो उन्होंने बस मुस्कुराकर सिर हिलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। बाद में, माही बादशाह की पूर्व पत्नी ईशा से बात करती दिखीं, जहां वह कहती हैं कि उन्हें गॉसिप करना पसंद है। फिर माही आगे कहती हैं- 'बताओ बाहर किसका किसके साथ अफेयर चल रहा है। सेट पर तीन तलाकशुदा महिलाएं हैं, तू, मैं और वो बॉक्सर (मैरी कॉम)। हमारी दूसरी पारी तो चल रही है, ये डिवोर्सी स्पेशल सीजन है।'

ईशा रिखी ने क्यों किया बिग बॉस में आने का फैसला?

इसके बाद माही ने ईशा से पूछा कि उन्होंने बिग बॉस में आने का फैसला क्यों किया। इसके जवाब में ईशा ने कहा कि बहुत से लोग उन्हें नहीं जानते, क्योंकि हमेशा से वह काफी प्राइवेट रही हैं। माही ने बीच में टोकते हुए कहा, 'मगर पिछले दो महीनों से तुम इंटरनेट पर छाई हुई हो।' माही की ये बात सुनकर ईशा ने साफ किया कि वह किसी की गर्लफ्रेंड या एक्स वाइफ के तौर पर नहीं पहचानी जाना चाहती। वह चाहती हैं कि लोग उन्हें उनके नाम से जानें। इसके बाद माही ने मैरी कॉम से उनके तलाक के बारे में पूछा और मैरी ने उनसे इस टॉपिक पर बात करने से मना कर दिया। इस पर माही कहती हैं कि जरूरी नहीं कि एक्स हसबैंड के बारे में निगेटिव बातें ही की जाएं, पॉजिटिव बातें भी हो सकती हैं।

कैप्टेंसी टास्क से बाहर हुए काजी तौकीर

पहले एपिसोड के दौरान कनिका मान ने 'पपेट मास्टर' के तौर पर अपनी पावर का इस्तेमाल किया और सिंगर काजी तौकीर को पहले कैप्टेंसी टास्क से हटा दिया। हालांकि, बिग बॉस ने उन्हें टास्क का मॉडरेटर बना दिया। काजी का हौसला बढ़ाते हुए बिग बॉस ने 'धुरंधर' का डायलॉग कहा, 'घायल नहीं, घातक हूं।'

माही विज का एक्स हसबैंड जय भानुशाली ने किया सपोर्ट

बिग बॉस 20 में माही विज की एंट्री के बाद उनके एक्स हसबैंड और एक्टर जय भानुशाली ने एक पोस्ट शेयर किया था और खुलकर माही को लेकर अपना समर्थन दिखाया। उन्होंने 'डॉन इन द हाउस' लिखते हुए माही विज को डॉन का टैग दिया और उनकी बिग बॉस में एंट्री पर खुशी जाहिर करते हुए बेस्ट ऑफ लक भी कहा। वहीं शो के अपकमिंग एपिसोड की बात करें तो अरशिफा खान माही विज और आम्रपाली दुबे से उन्हें बच्ची कहने पर भिड़ती नजर आएंगी और दोनों से तीखी बहस करती नजर आएंगी। इसके साथ ही, पहला कैप्टेंसी टास्क भी खत्म हो जाएगा और घर का पहला कैप्टन भी चुन लिया जाएगा।

ये भी पढ़ेंः 'मार खाई, बिना सोए ट्रेनिंग की', बिग बॉस 20 में छलका मैरी कॉम का दर्द, एक्स हसबैंड को क्रेडिट दिए जाने से हुईं नाराज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन