भारतीय टेलीविजन पर एक बार फिर से क्लासिक हास्य और व्यंग्य का दौर लौट रहा है। टीवी इतिहास के सबसे लोकप्रिय और कल्ट कॉमेडी शोज में से एक का नया सीजन दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बार शो के मुख्य किरदारों में अभिनेत्री श्रुति शर्मा की एंट्री हुई है, जो 'गठबंधन', 'नजर 2', 'नमक इस्क का' और 'मिट्ठी' जैसे सीरियल्स में अपने शानदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं। श्रुति ने इस प्रोजेक्ट को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा कि वह खुद इस शो को देखते हुए बड़ी हुई हैं। बचपन में स्कूल से लौटकर मां के साथ खाना खाते हुए इस शो को देखना उनकी सबसे प्यारी यादों में शामिल है और आज इसके नए सीजन में लीड रोल निभाना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
क्या है कहानी का ताना-बाना और मूल प्लॉट?
आज जिस शो की बात कर रहे हैं इसका नाम है 'ऑफिस ऑफिस', जिसमें पंकज कपूर मुसद्दी लाल के रोल में नजर आए थे। इस कल्ट कॉमेडी सीरीज की कहानी सरकारी दफ्तरों के भीतर फैले भ्रष्टाचार, लालफीताशाही और आम आदमी के रोजमर्रा के संघर्षों पर आधारित है। शो का मुख्य पात्र मुसद्दी लाल नाम के एक सीधे-सादे और मध्यमवर्गीय व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमता है, जो भ्रष्ट अधिकारियों के जाल और दफ्तर के अंतहीन चक्करों में फंसा रहता है। शो ने बेहद संजीदा और कड़वी सच्चाई को हास्य और तीखे सैटायर के मिश्रण के साथ पर्दे पर उतारा है, जिससे देश का हर आम नागरिक खुद को इस कहानी से जुड़ा हुआ महसूस करता है।
IMDb रेटिंग और शानदार कलाकार
यह शो भारतीय टेलीविजन के इतिहास में सबसे बेहतरीन रेटिंग पाने वाले शोज़ में शुमार है। आईएमडीबी पर इसे 8.8/10 की शानदार रेटिंग मिली है, जो इसकी जबरदस्त लोकप्रियता को दर्शाती है। इस सिटकॉम के पहले सीजन का निर्देशन राजीव मेहरा ने किया था। शो के कलाकारों की बात करें तो इसमें पंकज कपूर ने मुसद्दी लाल के किरदार को अमर बना दिया। उनके साथ ही उषा जी के रोल में असावरी जोशी, शुक्ला जी के रोल में संजय मिश्रा, पटेल जी के रोल में देवेन भोजानी, पांडे जी के रोल में हेमंत पांडे, भाटिया जी के रोल में मनोज पाहवा और व्रजेश हीरजी जैसे दिग्गज अभिनेताओं ने अपनी कॉमिक टाइमिंग से इसे एक कल्ट क्लासिक बनाया था।
पिछले सीजन को कहां देखें और नए सीजन में क्या है खास?
यदि आप इस शो की पुरानी यादों को ताजा करना चाहते हैं तो इसके पिछले सीजन्स को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो-हॉटस्टार पर ऑनलाइन देखा जा सकता है। वहीं अब इसके नए सीजन 'ऑफिस ऑफिस पार्ट 2' में दर्शकों को वही पुराना सैटायर नए जमाने की समस्याओं के साथ देखने को मिलेगा। नए सीजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पुरानी यादों के साथ-साथ एक नया दृष्टिकोण और फ्रेश कास्ट जैसे श्रुति शर्मा को शामिल किया गया है, जो आज की पीढ़ी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। शो को प्राइम-टाइम स्लॉट मिलना भी इसकी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
कब और कहां देख सकते हैं नया सीजन?
लंबे समय से इस शो का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए खुशखबरी यह है कि 'ऑफिस ऑफिस पार्ट 2' का यह नया सीजन आज यानी 25 मई 2026 से रिलीज हो रहा है। दर्शक इस नए सीजन के सभी मजेदार एपिसोड्स का आनंद टेलीविजन पर इसके निर्धारित प्राइम-टाइम स्लॉट में ले सकते हैं। शो की टीम को पूरी उम्मीद है कि पुराना अंदाज और नया तड़का दर्शकों को गुदगुदाने में पूरी तरह सफल रहेगा।