1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'रामायण' की सीता बनीं सासू मां, बेटी ने रचाई शादी, दीपिका चिखलिया ने मंडप से दिखाई दूल्हा-दुल्हन की झलक

'रामायण' की सीता बनीं सासू मां, बेटी ने रचाई शादी, दीपिका चिखलिया ने मंडप से दिखाई दूल्हा-दुल्हन की झलक

 Written By: Priya Shukla
 Published : Feb 28, 2026 09:32 am IST,  Updated : Feb 28, 2026 09:32 am IST

रामानंद सागर की 'रामायण' में 'माता सीता' की भूमिका से हर घर में अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया भी अब सास बन गई हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही में अपनी बेटी जूही की शादी की झलक सोशल मीडिया पर शेयर की है।

dipika chikhlia- India TV Hindi
दीपिका चिखलिया की बेटी जूही की हुई शादी। Image Source : INSTAGRAM/@DIPIKACHIKHLIATOPIWALA

टीवी की 'सीता' यानी दीपिका चिखलिया अब सासू मां बन चुकी हैं। दीपिका चिखलिया की बेटी जूही हाल ही में शादी के बंधन में बंधीं, जिसकी झलक अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की है। दीपिका चिखलिया ने बेटी की शादी की तस्वीरों वाला एक वीडियो और अन्य तस्वीरें अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जो अब सुर्खियों में है। उन्होंने ये वीडियो शेयर करते हुए अपनी बेटी और दामाद को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

बेटी की शादी में भावुक हुईं दीपिका चिखलिया

दीपिका चिखलिया ने एक 'मिथिला का कण कण खिला' पर डांस करते हुए अपने जमाई राजा का स्वागत किया, वहीं अन्य तस्वीरों और वीडियो में उन्हें बेटी की शादी को एंजॉय करते देखा जा सकता है। वहीं कुछ तस्वीरों में अभिनेत्री अपनी बेटी की विदाई को लेकर काफी भावुक भी नजर आईं। दीपिका चिखलिया ने बारात के स्वागत से लेकर मंडप और विदाई तक की झलक फैंस के साथ शेयर की है, जिस पर अब सोशल मीडिया यूजर भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

शादी के बंधन में बंधीं दीपिका चिखलिया की बेटी

दीपिका चिखलिया ने एक प्राइवेट सेरेमनी में बेटी की शादी की। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वालीं दीपिका ने बेटी की शादी को इतना निजी रखा कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब उन्होंने सोशल मीडिया पर ये सारी तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, तब जाकर लोगों को पता चला कि वह अब सास बन चुकी हैं। हालांकि, जूही ने कुछ दिन पहले जरूर अपनी शादी की एक रस्म निभाते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर की थीं, इन तस्वीरों में से एक में वह अपनी मम्मी दीपिका चिखलिया और पिता हेमंत टोपीवाला के साथ नजर आ रही हैं। दीपिका चिखलिया के दामाद और जूही के हसबैंड की बात करें तो उनका नाम दिविज अग्रवाल है। दिविज क्या करते हैं, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

दो बेटियों की मां हैं दीपिका चिखलिया

दीपिका चिखलिया की बात करें तो उन्होंने 1991 में बिजनेसमैन हेमंत टोपीवाला से शादी की थी। हेमंत टोपीवाला श्रृंगार बिंदी और कॉस्मेटिक्स के मालिक हैं। कपल की दो बेटियां निधि और जूही हैं। दीपिका तो अक्सर ही लाइमलाइट में बनी रहती हैं, लेकिन उनकी दोनों बेटियां और पति स्पॉटलाइट से दूर ही रहते हैं। दीपिका की बेटियों के प्रोफेशन की बात करें तो निधि प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट हैं और जूही पिता का बिजनेस संभालती हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन