1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'उसकी पल्स चल रही थी, मगर...' शेफाली जरीवाला की दोस्त को याद आए एक्ट्रेस के आखिरी पल, इस बात की सता रही चिंता

'उसकी पल्स चल रही थी, मगर...' शेफाली जरीवाला की दोस्त को याद आए एक्ट्रेस के आखिरी पल, इस बात की सता रही चिंता

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 30, 2025 11:53 pm IST,  Updated : Jun 30, 2025 11:53 pm IST

शेफाली जरीवाला के निधन ने पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को झकझोरकर रख दिया है। अभिनेत्री का 42 साल की उम्र में निधन हो गया और उनकी अचानक मौत हर किसी के लिए एक झटके की तरह थी। इस बीच शेफाली की दोस्त ने भी उनके आखिरी पलों पर बात की है।

Shefali Jariwala death- India TV Hindi
28 जून को शेफाली जरीवाला का निधन हो गया। Image Source : INSTAGRAM

शेफाली जरीवाला ने 28 जून को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके अंतिम संस्कार में मीका सिंह से लेकर सुनिधि चौहान सहित कई हस्तियां शामिल हुईं। वह बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना-माना नाम थीं और सिर्फ 42 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। अभिनेत्री की अचानक मौत ने पूरी इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया है। उनका निधन उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। इस बीच शेफाली की दोस्त पूजा घई ने एक्ट्रेस के आखिरी पलों के बारे में बात की है, जो अभिनेत्री के पति पराग त्यागी ने उनके साथ शेयर किए।

पूजा घई ने शेफाली जरीवाला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के खोले राज

पूजा घई ने विक्की लालवानी के साथ बातचीत में शेफाली जरीवाला के निधन के बारे में बात की, जिसमें उन्होंने अभिनेत्री के बारे में कई जरूरी बातें शेर कीं। इस दौरान जब पूजा से शेफाली जरीवाला की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर खुलकर बात की और कहा- 'अच्छी बात ये है कि इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं पाई गई है। मुझे सबसे ज्यादा पराग को लेकर चिंता थी कि उसे पुलिस की पूछताछ से गुजरना पड़ेगा। वो पहले से ही दुखी है और अकेला रहना चाहता है, लेकिन उसे पुलिस की पूछताछ से गुजरना ही पड़ेगा।'

पराग को पूछताछ से गुजरना पड़ेगा

पूजा ने आगे कहा- 'पुलिस अपना काम कर रही है, लेकिन मैंने कई मामलों में देखा है कि सेलिब्रिटीज को इन सबसे गुजरना पड़ता है। कई महीनों पुलिस की पूछताछ और मीडिया की नजरों में रहना पड़ता है, जो उन्हें और भी ज्यादा प्रभावित करती है। उन्हें अपने दुख को महसूस करने तक का समय नहीं मिल पाता। वह लगातार मीडिया और पुलिस की नजरों में रहते हैं और कुछ महीने तो ऐसे ही निकल जाते हैं। इसलिए, मेरी बस यही दुआ है कि पराग जल्द से जल्द इस स्थिति से बाहर निकल जाए। जिससे कि उसे खुद के लिए और इस दर्द से डील करने के लिए कुछ समय मिल सके।'

शेफाली जरीवाला के आखिरी पल

शेफाली जरीवाला के आखिरी पलों को याद करते हुए पूजा ने कहा- 'मुझे परिवार और पराग से जो बात पता चली वो ये थी कि वह यह है कि सत्यनारायण की बहुत सुंदर पूजा हुई थी। वास्तव में, अगले दिन जब हमें शेफाली को अंतिम संस्कार के लिए लाने के लिए घर में प्रवेश करने की अनुमति दी गई, तो मैंने देखा कि पूरा घर पूजा के लिए सजाया गया था। तो घर पर सत्यनारायण की पूजा थी और उन्होंने घर पर एक सुंदर पूजा की व्यवस्था की थी। लेकिन, इसके बाद जो हुआ उसने सबको बुरी तरह झकझोरकर रख दिया।'

पल्स चल रही थी, लेकिन आंखें बंद थीं

पूजा आगे बताती हैं- 'शेफाली ने हमेशा की तरह खाना खाया और पराग से कुत्ते को घुमाने के लिए कहा और जैसे ही वह नीचे गया, उसे वापस बुलाया गया। घर की हेल्पर ने उसे बुलाया और कहा, 'दीदी की तबीयत ठीक नहीं है।' तो, उसने हेल्पर से कहा कि वह कुत्ते को वॉक कराए, ताकि वह ऊपर जाकर शेफाली को देख सके। क्योंकि, कुत्ता बहुत बूढ़ा हो चुका है। वह नीचे लिफ्ट का इंतजार कर रहा था और जैसे ही हेल्पर को अपना डॉग पकड़ाकर ऊपर गया तो उसने देखा कि शेफाली की पल्स चल रही थी, लेकिन वह आंखें नहीं खोल रही थी। उसे तुरंत एहसास हो गया होगा कि कुछ गड़बड़ जरूर है। और वह उसे अस्पताल ले गया... इससे पहले कि उसे बेलेव्यू लाया जाता, वह पहले ही जा चुकी थी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन