1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. हुनर की खान निकली सुदेश लहरी की बेटी, रियेलिटी शो में दिखाया कमाल, गूंज उठीं सीटियां और तालियां

हुनर की खान निकली सुदेश लहरी की बेटी, रियेलिटी शो में दिखाया कमाल, गूंज उठीं सीटियां और तालियां

 Written By: Priya Shukla
 Published : Apr 18, 2026 12:54 pm IST,  Updated : Apr 18, 2026 12:54 pm IST

कॉमेडियन सुदेश लहरी कॉमेडी शो 'लाफ्टर शेफ्स सीजन 3' के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। इस बीच सुदेश लहरी की बेटी का एक वीडियो चर्चा में है, जिन्होंने हाल ही में पूरे परिवार के साथ शो में शिरकत की थी और अपनी कला से सबको हैरान कर दिया।

shikha lehri- India TV Hindi
सुदेश लहरी और बेटी शिखा लहरी। Image Source : INSTA/@SHIKHALEHRI

सुदेश लहरी इन दिनों देश की पसंदीदा रसोई 'लाफ्टर शेफ्स' के तीसरे सीजन के साथ दर्शकों को एंटरटेन कर रहे हैं। इस शो में खाना बनाने के साथ-साथ सुदेश लहरी कॉमेडी का तड़का भी लगाते नजर जाते हैं, जो शो में चार चांद लगा देता है। लेकिन, इन दिनों सुदेश से ज्यादा उनकी बेटी शिखा के चर्चे हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर शिखा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह भी अपने पापा के साथ लाफ्टर शेफ्स में नजर आ रही हैं। सुदेश लहरी का परिवार हाल ही में 'लाफ्टर शेफ्स' में शिरकत की थी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सुदेश लहरी का बेटी के साथ हंसी-मजाक

वायरल वीडियो में भारती सिंह सभी को बताती हैं कि शो में सुदेश लहरी के बच्चे आए हैं, तो सभी चौंक जाते हैं। सुदेश कहते हैं- 'मेरी बेटी कौन आ गई?' फिर वे शिखा को देखते हैं और कहते हैं- 'मैंने इसे मंदिर की सीढ़ियों से उठाया था।' ये सुनते ही सभी हंस पड़ते हैं। खुद शिखा भी अपने पापा की बात सुनकर अपनी हंसी नहीं रोक पातीं। फिर वो पल भी आया, जब शिखा ने अपने हुनर से सबको हैरानी में डाल दिया और पूरा हॉल तालियों और सीटियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

हुनर की खान हैं शिखा

सुदेश लहरी की बेटी ने 'लाफ्टर शेफ्स' के सेट पर अपनी जादूई आवाज से सबको हैरान कर दिया। उन्होंने 'कमली' गाना गाया और उनकी आवाज सुनकर सभी हैरत में पड़ गए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और यूजर शिखा की तारीफ करते नहीं थक रहे। करण कुंद्रा से लेकर निया शर्मा तक, सभी शिखा लहरी की आवाज सुनकर हक्के-बक्के दिखाई दिए और उन्हें अपना एल्बम लॉन्च करने की सलाह दे डाली।

यूजर बोले- अपना एल्बम निकालो

सोशल मीडिया पर शिखा लहरी ने भी 'लाफ्टर शेफ्स' का वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह 'कमली' गाना गाती नजर आ रही हैं, जिसे सुनकर सोशल मीडिया यूजर भी हैरान रह गए। कई ने कमेंट करते हुए शिखा की आवाज की तारीफ की तो वहीं कई ने उन्हें अपना एल्बम निकालने की सलाह दे दी। एक ने लिखा- 'अपना एल्बम निकालो, हिट हो जाओगी।' एक अन्य ने लिखा- 'क्या खूबसूरत आवाज है, पूरा दिमाग हिला दिया।' वहीं एक ने लिखा- 'आखिर बेटी भी तो सुदेश लहरी जी की है, हुनर तो होगा ही।' बता दें, खुद सुदेश लहरी भी एक्टर और कॉमेडियन होने के साथ-साथ कमाल के सिंगर भी हैं।

ये भी पढ़ेंः हेरा फेरी 3 कब आ रही है? अक्षय कुमार ने फिल्म पर दिया बड़ा अपडेट, फैंस को लगेगा झटका

तारा सुतारिया से ब्रेकअप के बाद वीर पहाड़िया ने किया मूव ऑन? मिस्ट्री गर्ल संग दिखे एक्टर, लोग बोले- 'इतनी जल्दी'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन