1. Hindi News
  2. Explainers
  3. Explainer: भारत का रक्षा बजट 6.22 लाख करोड़ रुपए, लेकिन चीन-पाकिस्तान के मुकाबले हम कहां? यहां जानें

Explainer: भारत का रक्षा बजट 6.22 लाख करोड़ रुपए, लेकिन चीन-पाकिस्तान के मुकाबले हम कहां? यहां जानें

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Jul 24, 2024 01:04 pm IST,  Updated : Jul 25, 2024 08:52 am IST

बजट 2024 में भारत के रक्षा मंत्रालय को 6,21,940.85 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ये बजट सशस्त्र बलों को और सुदृढ़ करेगा तथा रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भरता’ को बढ़ावा देगा। आइए जानते हैं रक्षा बजट से जुड़ी खास बातें।

भारत का रक्षा बजट।- India TV Hindi
भारत का रक्षा बजट। Image Source : AP/PTI

भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद में भारत का आम बजट 2024 पेश कर दिया है। इस बजट में देश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए कई बड़े ऐलान किए गए हैं। भारत का रक्षा क्षेत्र भी काफी मायनों में अहम है और हर बार भारत समेत दुनियाभर के लोगों की इस बात पर नजर होती है कि भारत ने रक्षा बजट में क्या ऐलान किए हैं। आपको बता दें कि केंद्रीय बजट 2024-25 में रक्षा मंत्रालय को 6.22 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। लेकिन इस बजट का इस्तेमाल कहां-कहां होगा? सेना के किस अंग को बजट से कितने रुपये मिलेंगे। भारत के दो पड़ोसी देश चीन और पाकिस्तान के मुकाबले भारत का रक्षा बजट कैसा है? आइए जानते हैं इन सभी सवालों के जवाब हमारे इस एक्सप्लेनर में।

कैसा है इस बार का रक्षा बजट?

बजट 2024 में भारत के रक्षा मंत्रालय को 6,21,940.85 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। ये करीब 75 अरब डॉलर हैं। आपको बता दें कि देश के विभिन्न मंत्रालयों में जितना बजट आवंटन हुआ है उनमें सबसे ज्यादा बजट रक्षा मंत्रालय का ही है। रक्षा बजट साल 2024-2025 के लिए पेश कुल बजट का 12.9 फीसद है। ये ये राशि वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 4.79 प्रतिशत ज्यादा है। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बजट के लिए वित्त मंत्री सीतारमण को धन्यवाद कहा है। 

यहां समझ लिजिए 5.22 लाख करोड़ का हिसाब

करीब 6.22 लाख करोड़ के बजट में से पूंजीगत व्यय के लिए सेना को कुल 1.72 लाख करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं। इसमें बड़े पैमाने पर नए हथियार, विमान, युद्धपोत और अन्य सैन्य साजोसामान खरीदना शामिल है। जीविका और परिचालन तत्परता के लिए 92,088 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं। इसके अलावा रक्षा पेंशन बजट बढ़ाकर 1.41 लाख करोड़ रुपये किया गया है। ECHS के लिए 6,968 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। सीमा पर सड़कों के विकास के लिए 6,500 करोड़ रुपये आवंटित; तटीय सुरक्षा के लिए 7,651 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं। नवाचार को बढ़ावा देने के लिए वित्त वर्ष 2023-24 में वित्त वर्ष 2023-24 में आईडेक्स के लिए बजटीय आवंटन 115 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 518 करोड़ रुपये किया गया। 

चीन का रक्षा बजट।
Image Source : REUTERSचीन का रक्षा बजट।

चीन का रक्षा बजट कितना है?

दक्षिण एशिया में भारत का मुख्य प्रतिद्वंदी चीन है। चीन लगातार अपनी सैन्य क्षमता को बढ़ाता जा रहा है जिस कारण भारत भी लगातार तैयारी बढ़ा रहा है। हालांकि, भारत के मुकाबले चीन का रक्षा बजट कई गुना ज्यादा है। अगर आंकड़ों की बात करें तो चीन रक्षा बजट 231.36 अरब डॉलर यानी लगभग 19.61 लाख करोड़ रुपये है। वहीं, भारत का रक्षा बजट 75 अरब डॉलर यानी 6.22 लाख करोड़ रुपये है। 

पाकिस्तान का रक्षा बजट कितना है?

भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर ज्यादातर तनाव देखने को मिलता रहता है। हालांकि, पाकिस्तान के रक्षा बजट की बात करें तो ये भारत के मुकाबले काफी कम है। पाकिस्तान का रक्षा बजट 2,122 अरब पाकिस्तानी रुपये का है। यानी पाकिस्तान का रक्षा बजट करीब 7.6 अरब डॉलर है। यानी भारत का रक्षा बजट पाकिस्तान से करीब 10 गुना ज्यादा है।

सबसे ज्यादा रक्षा बजट अमेरिका का 

अगर सबसे ज्यादा रक्षा बजट की बात करें तो ये अमेरिका के पास है। साल 2023 में अमेरिका ने रक्षा बजट के लिए 858 अरब डॉलर आवंटित किए थे। ये करीब 76 लाख करोड़ की रकम है। भारत, चीन समेत दुनिया के तमाम बड़े देश भी मिलकर अमेरिका के रक्षा बजट को चुनौती नहीं दे सकते। 

ये भी पढ़ें- Explainer: नौकरियों के लिए 3 नई जाॅब स्कीम लाई सरकार, अब फ्रेशर को बुला-बुलाकर Job देंगी कंपनियां, जानें क्यों


Explainer : अब भारत में जमकर आएगा विदेशी पैसा, बजट में हो गया है इंतजाम, इकोनॉमी की बढ़ेगी ताकत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Explainers से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।