1. Hindi News
  2. Explainers
  3. UP फतेह की तैयारी! CM योगी के साथ दोनों डिप्टी CM के घर गए नितिन नवीन, मैंगो पार्टी भी की, अखिलेश ने क्यों ली चुटकी?

UP फतेह की तैयारी! CM योगी के साथ दोनों डिप्टी CM के घर गए नितिन नवीन, मैंगो पार्टी भी की, अखिलेश ने क्यों ली चुटकी?

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 06, 2026 08:25 am IST,  Updated : Jul 06, 2026 11:19 am IST

अपने 2 दिवसीय लखनऊ दौरे पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगामी यूपी चुनाव को लेकर अपना संदेश साफ कर दिया कि टॉप लीडरशिप एकजुट है और मिलकर यूपी फतेह करेंगे। हालांकि इस बीच सपा नेता अखिलेश यादव ने चुटकी भी ली।

Nitin Nabin- India TV Hindi
नितिन नवीन दोनों डिप्टी सीएम के घर गए, अखिलेश ने ली चुटकी Image Source : NITIN NABIN/X-AKHILESH/PTI

लखनऊ: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का 2 दिवसीय लखनऊ दौरा खत्म हो चुका है। उनके लखनऊ दौरे पर एक बात की चर्चा सबसे ज्यादा रही कि वह सीएम योगी के साथ दोनों डिप्टी सीएम (बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य) के घर गए और वहां मैंगो पार्टी और नाश्ता किया। नितिन नवीन ने सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम को खाने की मेज पर एक साथ लाकर ये साफ कर दिया कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की टॉप लीडरशिप एकजुट है और किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है। 

बृजेश पाठक के घर हुई मैंगो पार्टी

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो पोस्ट कर बताया, "लखनऊ प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के आवास पर उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध आमों का स्वाद लेने का अवसर प्राप्त हुआ।" इस वीडियो में देखा जा सकता है कि नितिन नवीन के साथ सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम मौजूद हैं। 

केशव प्रसाद मौर्य के यहां किया नाश्ता

नितिन नवीन, सीएम योगी के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के घर भी पहुंचे। नितिन ने अपने एक्स हैंडल पर बताया, "उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान आज लखनऊ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से उनके आवास पर भेंट हुई।" नितिन नवीन ने सीएम योगी के साथ केशव प्रसाद मौर्य के यहां नाश्ता भी किया। केशव के यहां नितिन का पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की गई। 

कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया, NDA के सहयोगी दलों से भी मुलाकात

लखनऊ दौरे के समय नितिन नवीन ने कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया और एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं से भी मुलाकात की। नितिन ने अवध क्षेत्र के भाजपा शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को भी संबोधित किया। कुल मिलाकर नितिन नवीन ने ये संदेश देने की कोशिश की कि एनडीए के नेताओं के बीच मजबूत सामजस्य है और सभी यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव को साथ में लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

सपा नेता अखिलेश यादव ने चुटकी क्यों ली?

सपा नेता अखिलेश यादव अक्सर दोनों डिप्टी सीएम और सीएम योगी के रिश्तों को लेकर चुटकी लेते रहे हैं। ऐसे में सीएम और दोनों डिप्टी सीएम का बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बैठकर खाना-पीना सियासी रूप से भी एक बड़ा मैसेज देता है।

एक तरफ नितिन नवीन ने लखनऊ दौरे पर एनडीए के सभी बड़े नेताओं से मुलाकात करके एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की, वहीं सपा नेता अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए नितिन नवीन पर चुटकी भी ली। अखिलेश ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आएं हैं, ‘दर्शन’ करने नहीं जाएंगे?" 

अखिलेश का इशारा साफ था, वह राम मंदिर की बात कर रहे थे। गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला देशभर में चर्चा में बना हुआ है, जिसको लेकर तमाम तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। ऐसे में ये सवाल गहरा गया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ तक आकर लौट गए लेकिन अयोध्या के राम मंदिर नहीं गए, जोकि बीजेपी के सत्ता में आने का सबसे बड़ा मुद्दा था। 

ये भी पढ़ें- 

सीएम आवास पर योगी सरकार की कैबिनेट बैठक आज, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर होगी चर्चा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Explainers से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।