1. Hindi News
  2. Explainers
  3. Explainer: करूर से कुंभ और सतारा तक... 2003 से 1500 जिंदगियां लील गई भीड़ की बेकाबू लहर; क्यों नहीं थमते ये हादसे?

Explainer: करूर से कुंभ और सतारा तक... 2003 से 1500 जिंदगियां लील गई भीड़ की बेकाबू लहर; क्यों नहीं थमते ये हादसे?

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 28, 2025 10:53 am IST,  Updated : Sep 28, 2025 12:04 pm IST

करूर में विजय की रैली में मची भगदड़ ने 39 मासूम जिंदगियां छीन लीं, जो देश में भीड़ प्रबंधन की भयानक नाकामी की एक और गवाही है। साल 2025 देश के लिए त्रासदियों का साल साबित हो रहा है।

करूर में विजय की रैली में मची भगदड़- India TV Hindi
करूर में विजय की रैली में मची भगदड़ Image Source : PTI

देश एक बार फिर भगदड़ की दर्दनाक त्रासदी से सदमे में है। तमिलनाडु के करूर में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय की रैली में मची भगदड़ ने 39 मासूम जिंदगियां छीन लीं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। यह आंकड़ा शायद और बढ़ सकता है, जो देश में भीड़ प्रबंधन की भयानक नाकामी की एक और गवाही है।

साल 2025 देश के लिए त्रासदियों का साल साबित हो रहा है। मंदिरों, रेलवे स्टेशन और धार्मिक आयोजनों में हुई भगदड़ों ने आस्था और उत्साह के पलों को मातम में बदल दिया है।

जब जश्न के बीच पसरा मातम

IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत का जश्न मनाने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जुटी भीड़ बेकाबू हो गई। विक्ट्री परेड शुरू होने से पहले मची भगदड़ ने 11 लोगों की जान ले ली और 50 से अधिक घायल हुए।

महाकुंभ भगदड़, आस्था में चीत्कार

महाकुंभ के दौरान 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर संगम क्षेत्र में भगदड़ मच गई। स्नान के लिए जगह पाने की धक्का-मुक्की ने 30 तीर्थयात्रियों को लील लिया और 60 लोग घायल हो गए।

रेलवे स्टेशन पर त्रासदी

15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर मची भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई और 15 घायल हो गए।

गोवा के मंदिर में मची भगदड़

3 मई 2025 को गोवा के शिरगाओ गांव में श्री लैराई देवी मंदिर के वार्षिक उत्सव के दौरान भगदड़ मची, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और करीब 100 लोग घायल हो गए।

वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़

तिरुमाला हिल्स स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में 8 जनवरी 2025 को वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए टिकट लेने के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच हुई धक्का-मुक्की में 6 श्रद्धालुओं की जान चली गई और दर्जनों लोग घायल हो गए।

'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग के दौरान महिला की मौत

हैदराबाद में 4 दिसंबर 2024 को अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ में एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

देश में मची अन्य बड़ी भगदड़-

  1. 2 जुलाई, 2024 हाथरस (उत्तर प्रदेश): स्वयंभू बाबा नारायण साकार हरि के 'सत्संग' में भगदड़, 121 लोगों की मौत।
  2. 31 मार्च, 2023 इंदौर (मध्य प्रदेश): रामनवमी पर बावड़ी (कुएं) के ऊपर बनी स्लैब ढहने से हादसा, 36 लोगों की मौत।
  3. 1 जनवरी, 2022 माता वैष्णो देवी मंदिर (जम्मू-कश्मीर): भारी भीड़ के कारण मची भगदड़, 12 लोगों की मौत।
  4. 29 सितंबर, 2017 एलफिंस्टन रोड स्टेशन (मुंबई): रेलवे पुल पर भारी भीड़ के कारण भगदड़, 23 लोगों की मौत।
  5. 14 जुलाई, 2015 को गोदावरी नदी तट पर भगदड़ में 27 लोगों की मौत, 20 घायल।
  6. 3 अक्टूबर, 2014 गांधी मैदान (पटना, बिहार): दशहरा समारोह के तुरंत बाद मची भगदड़, 32 लोगों की मौत।
  7. 13 अक्टूबर, 2013 रतनगढ़ मंदिर (दतिया, मध्य प्रदेश): नवरात्रि उत्सव के दौरान भगदड़, 115 लोगों की मौत।
  8. 19 नवंबर, 2012 अदालत घाट (पटना, बिहार): छठ पूजा के दौरान पुल ढहने से भगदड़, 20 लोगों की मौत।
  9. 8 नवंबर, 2011 हरिद्वार (उत्तराखंड): गंगा नदी के किनारे घाट पर भगदड़, 20 लोगों की मौत।
  10. 14 जनवरी, 2011 पुलमेडु (केरल): एक जीप दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद भगदड़, 104 श्रद्धालुओं की मौत, 40 से अधिक घायल।
  11. 4 मार्च, 2010 राम जानकी मंदिर (प्रतापगढ़, UP): कृपालु महाराज के मंदिर में भगदड़, लगभग 63 लोगों की मौत।
  12. 30 सितंबर, 2008 चामुंडा देवी मंदिर (जोधपुर, राजस्थान): बम विस्फोट की अफवाह के कारण भगदड़, 250 श्रद्धालुओं की मौत।
  13. 3 अगस्त, 2008 नैना देवी मंदिर (बिलासपुर, HP): चट्टान गिरने की अफवाह से भगदड़, 162 लोगों की मौत।
  14. 25 जनवरी, 2005 मंधारदेवी मंदिर (सतारा, महाराष्ट्र): वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान भगदड़, 340 से अधिक लोगों की मौत।
  15. 27 अगस्त, 2003 कुंभ मेला (नासिक, महाराष्ट्र): स्नान के दौरान भगदड़, 39 लोगों की मौत।

ये भी पढ़ें-

Explainer: ब्रांडेड और पेटेंट दवाओं पर 100% टैरिफ लगाने का भारत पर क्या पड़ेगा असर, ट्रंप के इस फैसले से US को क्या होगा नुकसान, जानिए

Explainer: शांति प्रिय लेह-लद्दाख में मचे बवाल से चार लोगों की मौत, अचानक क्यों भड़की हिंसा?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Explainers से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।