सोशल मीडिया के दौर में हर दिन कई फेक न्यूज और फेक वीडियो वायरल होते रहते हैं। इन वीडियो को इस तरीके से पेश किया जाता है कि कोई भी इसे सच मान ले और इसके जाल में फंस जाए। आम लोग इन फेक न्यूज और वीडियो पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं और इन्हें आगे फॉरवर्ड कर देते हैं। इन्हीं फेक न्यूज से आपको सावधान करने के लिए हम लेकर आते हैं फैक्ट चेक। फेक न्यूज का ताजा मामला भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के एक वीडियो से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि तेजस्वी सूर्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश पर यह बयान दिया। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वो भारत में जितना रहते हैं, उससे ज्यादा विदेश में रहते हैं। उनका मन विदेश में है, लेकिन वे मजबूरी में यहां राजनीति कर रहे हैं। सत्र के बीच विदेश यात्रा करना उनकी गंभीरता को दिखाता है।
यूजर्स दावा कर रहे हैं कि तेजस्वी सूर्या ने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कही है। हालांकि फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। आइए जानते हैं पूरा मामला।
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने 12 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो शेयर किया। वीडियो तेजस्वी सूर्या को कहते हुए सुना जा सकता है कि वो भारत में जितना रहते हैं, उससे ज्यादा विदेश में रहते हैं। लेकिन वे मजबूरी में यहां राजनीति कर रहे हैं। सत्र के बीच विदेश यात्रा करना उनकी गंभीरता को दिखाता है। इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजुअल चल रहा है। वहीं, एक अन्य यूजर ने इंस्टाग्राम पर 12 दिसंबर 2025 को समान दावे के साथ वायरल वीडियो को शेयर किया है।
पड़ताल:
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को गौर से देखने पर हमें इसके फर्जी होने का शक हुआ। वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से चेक किया। इस दौरान हमें न्यूज चैनल cnnnews18 के इंस्टाग्राम पर चैनल पर यह वीडियो मिला जिसे 10 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा, “राहुल गांधी जी एक तरह से नॉन-रेज़िडेंट भारतीय राजनेता हैं। भारत को ऐसे नेता प्रतिपक्ष की जरूरत है, जो भारत में रहता हो, इस देश की सच में परवाह करता हो और अपने दायित्व को गंभीरता से निभाता हो।
आगे वह कहते दिखते हैं, ''राहुल गांधी भारत में जितना समय बिताते हैं, उससे ज्यादा समय विदेश में रहते हैं। उनका मन विदेश में है, लेकिन मजबूरी में वे यहां राजनीति कर रहे हैं। एक सांसद के लिए भी संसद सत्र के दौरान छुट्टी लेना संभव नहीं होता। इसके बावजूद, चल रहे संसद सत्र के बीच उनका विदेश जाना उनकी गंभीरता को दर्शाता है। मुझे उम्मीद है कि अगले कार्यकाल में कांग्रेस देश के लिए एक अधिक जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष चुनेगी।''
वायरल दावे का सच जानने के बाद हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड से सर्च किया, तब हमें जनसत्ता की वेबसाइट पर 10 दिसंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली, जहां वायरल विजुअल मौजूद था। इसमें तेजस्वी सूर्या ने राहुल गांधी को “नॉन-रेजिडेंट इंडियन पॉलिटिशियन” बताया है। यह भी समान दावे के साथ रिपोर्ट प्रकाशित थी।
फैक्ट चेक में क्या निकला?
हमारी पड़ताल में सामने आया कि तेजस्वी सूर्या ने यह टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संदर्भ में की थी, जिसे यूजर्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जोड़कर भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। इसमें कहीं भी वायरल दावे वाला बयान नहीं है। फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है।