1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: क्या दिल्ली में जमीन के नीचे धंस गया मेट्रो स्टेशन? यहां जानें वायरल Video का सच

Fact Check: क्या दिल्ली में जमीन के नीचे धंस गया मेट्रो स्टेशन? यहां जानें वायरल Video का सच

 Published : Oct 01, 2025 10:32 pm IST,  Updated : Oct 01, 2025 10:32 pm IST

Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि दिल्ली में मेट्रो स्टेशन जमीन के नीचे धंस गया है। हालांकि, फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावे का सच कुछ और ही सामने आया है।

Fact Check- India TV Hindi
फैक्ट चेक। Image Source : SCREENSHOT

Fact Check: इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में हर रोज बड़ी संख्या में फेक न्यूज वायरल होती रहती है। इन झूठी खबरों से बचना काफी जरूरी होता है। अब भारत की राजधानी दिल्ली से जुड़ी हुई एक झूठी खबर भी काफी वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर तेजी से धंसती सड़क का एक वीडियो शेयर हो रहा है। कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो दिल्ली का है और ऐसा अंडरग्राउंड मेट्रो बनाने की वजह से हुआ है। हालांकि, फैक्ट चेक में ये दावा झूठा साबित हुआ और सच कुछ और ही सामने आया है।

क्या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि सड़क धंसते ही वहां बड़ा गड्ढा बन जाता है और उसमें पाइप से पानी भरने लगता है। लोग मोबाइल से यह नजारा रिकॉर्ड कर रहे होते हैं, तभी पास की एक इमारत भी गिरने लगती है। यह देखते ही लोग घबरा जाते हैं और भागकर अपनी जान बचाते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक यूजर ने 26 मार्च 2025 को इस वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- "दिल्ली में जमीन के नीचे मेट्रो चलाने का नतीजा।"

Fact Check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक।

पड़ताल में क्या सामने आया?

वायरल वीडियो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने इसके एक की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से जांचा। इस दौरान हमें मिलता-जुलता विजुअल ‘BBC NEWS’ की एक रिपोर्ट में मिला, जिसे 24 सितंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। BC की रिपोर्ट के मुताबिक, थाईलैंड की सामसेन रोड पर वजीरा अस्पताल और सामसेन मेट्रोपॉलिटन पुलिस स्टेशन के सामने सड़क धंसकर एक विशाल गड्ढा बन गया। घटना को 12 घंटे से अधिक हो चुके थे, लेकिन अधिकारी लगातार गड्ढे में पानी भरने से रोकने और मिट्टी के और खिसकने से बचाने में जुटे रहे। रिपोर्ट में बताया गया कि यह धंसाव वजीरा अस्पताल मेट्रो स्टेशन (पर्पल लाइन प्रोजेक्ट) के निर्माण स्थल पर हुआ, जो दो मेट्रो सुरंगों से जुड़ा है। इसका असर बड़े क्षेत्र तक फैला और वजीरा अस्पताल परिसर में स्थित थिपाकोर्न रस्मिचोत भवन, जो आउटपेशेंट बिल्डिंग है, तक पहुंच गया।

Fact Check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक।

BBC से मिले सुराग के बाद हमने संबंधित कीवर्ड से खोज की। इस दौरान हमें न्यूज वेबसाइट ‘Aaj Tak’ पर वायरल वीडियो मिला। आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, बैंकॉक में सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। जिस सड़क पर गाड़ियां चल रही थीं, वहां करीब 50 मीटर गहरी खाई बन गई। इस हादसे में कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। बैंकॉक के गवर्नर ने इसके पीछे सबवे निर्माण को मुख्य कारण बताया, वहीं आसपास भी कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। बैंकॉक की ये तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोगों को हैरान व डरा रही।

Fact Check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक।

फैक्ट चेक में क्या निकला?

दिल्ली में  अंडरग्राउंड मेट्रो बनाने की वजह से जमीन धंसने का दावा झूठा साबित हुआ है। पड़ताल में स्पष्ट हुआ कि यह वीडियो दिल्ली का नहीं, बल्कि थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक का है। यहां सामसेन मेट्रोपॉलिटन पुलिस स्टेशन के सामने सड़क धंसने से एक विशाल गड्ढा बन गया था। लोगों को ऐसी फर्जी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- Fact Check: बिहार में बीजेपी नेता को पहनाई गई साड़ी, क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?

Fact Check: क्या PM मोदी से मिलने के बाद भगवामय हो गए पप्पू यादव? जानें वायरल वीडियो का सच

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।