1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: यूपी में मुस्लिम व्यक्ति ने बेटे की मौत के 5 दिन बाद अपनी बहू से कर ली शादी? जानें क्या है वायरल तस्वीर का पूरा सच

Fact Check: यूपी में मुस्लिम व्यक्ति ने बेटे की मौत के 5 दिन बाद अपनी बहू से कर ली शादी? जानें क्या है वायरल तस्वीर का पूरा सच

 Published : Jul 17, 2025 07:46 pm IST,  Updated : Jul 17, 2025 07:46 pm IST

सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक युवती की दो तस्वीरें वायरल हो रही हैं। यूजर्स इन तस्वीरों को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यूपी के देवरिया में शकील नाम के एक मुस्लिम व्यक्ति ने अपने बेटे की मौत के 5 दिन बाद ही अपनी बहू से शादी कर ली।

fact check- India TV Hindi
फैक्ट चेक Image Source : INDIA TV

इन दिनों सोशल मीडिया पर किसी भी बात को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई तरह के दावे किए जाते हैं। इनमें से कई दावे पूरी तरह फर्जी होते हैं। सोशल मीडिया यूजर्स अपने से ही वीडियो और इमेज को बनाकर अपलोड करते हैं। साथ ही इस पर अजीबोगरीब दावे भी करते हैं। ऐसा ही एक और नया मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक युवती की दो तस्वीरें वायरल हो रही हैं। यूजर्स इन तस्वीरों को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के देवरिया में शकील नाम के एक मुस्लिम व्यक्ति ने अपने बेटे की मौत के 5 दिन बाद ही अपनी बहू से शादी कर ली।

हालांकि फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा फर्जी पाया गया। पड़ताल में सामने आया कि यह तस्वीर हाल की नहीं, बल्कि 2017 से इंटरनेट पर उपलब्ध है। तस्वीर में नजर आने वाले व्यक्ति का नाम राजेश कुमार हिमतसिंका है, जिन्होंने अपनी पत्नी के निधन के बाद अपने से लगभग 40–45 साल छोटी लड़की से शादी की थी। इसी पुरानी तस्वीर को अब सोशल मीडिया यूजर्स भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

क्या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक यूजर ने 11 जुलाई 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, ''यूपी के देवरिया के रहने वाले मो. शकील के दरियादिली के चर्चे है। शकील का बेटा 5 दिन पहले ही इस दुनिया को छोड़कर 72 हूरों की खोजने चल बसा था। पर मो.शकील ने एक पल भी बहू को उसके शौहर की कमी नहीं खलने और अपनी ही बहू के साथ निकाह कर लिया।''

fact check
Image Source : INDIA TVफैक्ट चेक।

वहीं, एक अन्य यूजर ने 12 जुलाई 2025 को समान दावे के साथ वायरल तस्वीर को शेयर किया है।  

पड़ताल में क्या सामने आया?

वायरल दावे का सच जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से सर्च किया, इस दौरान हमें कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। पड़ताल के अगले क्रम में हमने वायरल तस्वीर को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान हमें राजस्थान पात्रिका पर 12 अगस्त 2018 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। यहां पर वायरल विजुअल मौजूद था।  

fact check
Image Source : INDIA TVफैक्ट चेक

पत्रिका की रिपोर्ट के अनुसार, ऑटो एंटरप्राइजेज लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश कुमार हिमतसिंका ने अपनी पहली पत्नी के निधन के कई साल बाद दोबारा शादी की थी। हालांकि, उनकी दुल्हन उनसे लगभग 40–45 साल छोटी बताई जा रही है, जिससे यह मामला चर्चा में आ गया। रिपोर्ट के मुताबिक, युवती की उम्र राजेश कुमार की बेटी से भी कम है।

पड़ताल के अगले क्रम में हमें दैनिक भास्कर की मराठी वेबसाइट दिव्य मराठी पर 8 साल पहले की प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। यहां पर वायरल विजुअल मौजूद था। दिव्य मराठी की रिपोर्ट के अनुसार, यह तस्वीर असम के बिजनेसमैन राजेश कुमार हिमतसिंका की है, जो ‘हिमतसिंका ऑटो एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ के मैनेजिंग डायरेक्टर रह चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, यह तस्वीर 2017 में भी वायरल हुई थी, जब राजेश कुमार ने अपनी पत्नी के निधन के बाद अपने से करीब 40-45 साल छोटी लड़की से शादी की थी।

Fact Check में क्या निकला?

वायरल दावे को लेकर किए गए फैक्ट चेक में सामने आया है कि यह तस्वीर हाल की नहीं, बल्कि 2017 से इंटरनेट पर उपलब्ध है। तस्वीर में नजर आने वाले व्यक्ति का नाम राजेश कुमार हिमतसिंका है, जिन्होंने अपनी पत्नी के निधन के बाद अपने से लगभग 40–45 साल छोटी लड़की से शादी की थी। इसी पुरानी तस्वीर को अब सोशल मीडिया यूजर्स भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।