1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: NDA की बैठक में PM मोदी ने CM योगी की तरफ देखा भी नहीं? जानें वायरल दावे का सच

Fact Check: NDA की बैठक में PM मोदी ने CM योगी की तरफ देखा भी नहीं? जानें वायरल दावे का सच

 Published : Jun 13, 2024 07:06 pm IST,  Updated : Jun 13, 2024 07:20 pm IST

लोकसभा चुनाव के बाद संसद भवन में NDA की संसदीय दल की बैठक हुई थी। उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पीठ थपथपाई थी। कार्यक्रम के अधूरे वीडियो को शेयर कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।

Fact Check, Fact Check Narendra Modi, Fact Check Yogi Adityanath- India TV Hindi
सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे के साथ अधूरे वीडियो को शेयर किया गया। Image Source : SCREENSHOT

Originally Fact Checked by Vishvas News: लोकसभा चुनाव 2024 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनने के बाद सोशल मीडिया पर एक न्यूज क्लिप वायरल हो रही है। इसमें बताया गया है कि संसद भवन (संविधान सदन) में NDA की संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नजरअंदाज कर दिया। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने घमंड की वजह से मुख्यमंत्री योगी को नजरअंदाज किया है।

विश्वास न्यूज ने जब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे की पड़ताल की तो पाया कि दावा भ्रामक है। दरअसल, संसद भवन में NDA के संसदीय दल की बैठक का पूरा वीडियो देखने से पता चलता है कि पीएम मोदी ने सीएम योगी की पीठ भी थपथपाई थी। सोशल मीडिया पर कार्यक्रम का अधूरा वीडियो वायरल कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर AAditya Gupta (आर्काइव लिंक) ने 9 जून को एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "देश के सबसे बड़े सूबे के मुख्यमंत्री योगी जी की तरफ़ मोदी जी ने देखना भी ज़रूरी नहीं समझा योगी हाथ जोड़े खड़े रहे, इतना घोर घमंड।"

Fact Check, Fact Check Narendra Modi, Fact Check Yogi Adityanath
Image Source : SCREENSHOTयूजर ने सोशल मीडिया पर न्यूज क्लिप को शेयर कर किया था भ्रामक दावा।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो न्यूज के बारे में खोजबीन की। 7 जून को न्यूज 24 के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो न्यूज को अपलोड (आर्काइव लिंक) किया गया है। इसका टाइटल है, संसद में Narendra Modi ने Yogi Adityanath को किया इग्नोर? UP में हार से नाराज़ हैं मोदी? News 24।

इसके बाद हमने डीडी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर इस कार्यक्रम का एक अन्य वीडियो देखा। इसे 7 जून को अपलोड किया गया है। इसमें 1:50 मिनट पर देखा जा सकता है कि जब सीएम योगी पीएम का स्वागत करने जाते हैं, तो पीएम उनकी पीठ थपथपाते हैं।

Zee Bihar Jharkhand और TIMES NOW Navbharat के यूट्यूब चैनल पर भी इस पीएम द्वारा सीएम योगी की पीठ थपथपाने की वीडियो को देखा जा सकता है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 7 जून को ANI के हवाले से छपी खबर के अनुसार, NDA की संसदीय दल की बैठक में सभी नेताओं ने पीएम को शुभकामनाएं दीं। जब यूपी के सीएम ने पीएम मोदी का बधाई दी, तो उन्होंने योगी की पीठ थपथपाई।

Fact Check, Fact Check Narendra Modi, Fact Check Yogi Adityanath
Image Source : SCREENSHOTपीएम मोदी ने सीएम योगी की पीठ थपथपाई थी।

इस बारे में यूपी भाजपा के प्रवक्ता अवनीश त्यागी का कहना है कि ऐसा कुछ भी नहीं है। पीएम ने तो मुख्यमंत्री योगी की पीठ थपथपाई थी।

भ्रामक दावा शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। बदायूं के रहने वाले यूजर एक राजनीतिक दल से प्रभावित हैं।

निष्कर्ष: लोकसभा चुनाव के बाद संसद भवन में NDA की संसदीय दल की बैठक हुई थी। उसमें पीएम मोदी ने यूपी के सीएम योगी की पीठ थपथपाई थी। कार्यक्रम के अधूरे वीडियो को शेयर कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।

Claim Review : पीएम मोदी ने घमंड की वजह से सीएम योगी को नजरअंदाज किया है।

Claimed By : फेसबुक यूजर आदित्य गुप्ता

Fact Check : भ्रामक

(Disclaimer: यह फैक्ट चेक मूल रूप से Vishvas News द्वारा किया गया है, जिसे Shakti Collective की मदद से India TV ने पुन: प्रकाशित किया है)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।