Wednesday, February 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: बांग्लादेश में लगाई जाती है बाघों की मंडी, बेचे जाते हैं रॉयल बंगाल टाइगर? पूरी तरह फर्जी है वीडियो

Fact Check: बांग्लादेश में लगाई जाती है बाघों की मंडी, बेचे जाते हैं रॉयल बंगाल टाइगर? पूरी तरह फर्जी है वीडियो

Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61 Published : Jul 11, 2025 09:31 am IST, Updated : Jul 11, 2025 09:51 am IST

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बांग्लादेश में लगने वाले एक मार्केट का है, जहां बंगाल टाइगर को बेचा जाता है। हालांकि फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला है।

Fact Check Tiger market is organised in Bangladesh Royal Bengal Tigers are sold the video is complet- India TV Hindi
Image Source : PTI फैक्ट चेक

सोशल मीडिया पर एक वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है, जिसमें एक मार्केट में कुछ लोग बाघों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए लोगों द्वारा दावा किया जा रहा है कि यह बाजार बांग्लादेश के बागेरहाट में स्थित है, जहां रॉयल बंगाल टाइगर बेचे जाते हैं। वीडियो में एक रिपोर्टर वहां खड़े लोगों से टाइगर का दाम पूछता दिख रहा है। हालांकि जब इसकी पड़ताल की गई तो पता चला कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे एआई के माध्यम से जनरेट किया गया है। इस वीडियो को जनरेट करने के लिए गूगल के एआई टूल VEO की मदद ली गई है। 

दावा

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक यूजर ने 5 जुलाई 2025 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "मैंने अब तक कई बाजार देखे हैं, लेकिन ऐसा बाजार पहली बार देखा है।" वायरल वीडियो में कुछ लोग एक मार्केट में टाइगर के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। साथ ही एक रिपोर्टर वहां मौजूद लोगों से टाइगर की कीमत पूछता हुआ दिखाई देता है। वहीं, एक अन्य यूजर ने समान दावे के साथ वायरल वीडियो को 1 जुलाई को शेयर किया है। यहां क्लिक करके आप पोस्ट का लिंक देख सकते हैं।

पड़ताल:

वायरल दावे का सच जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन इस दौरान हमें कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। पड़ताल के अगले क्रम में पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क ने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। जांच के दौरान हमें यह वीडियो 28 जून 2025 को एक एक्स पोस्ट पर मिला। "AI पूरी तरह बेकाबू हो गया है एडिटिंग के मामले में। इन्होंने बागेरहाट में टाइगर मार्केट ही बना डाला! ये सब ठीक है, लेकिन बांग्लादेश जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की चीज़ें गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं — जैसे चुनाव में गड़बड़ी, प्रोपेगेंडा, धार्मिक हिंसा आदि। क्योंकि यहां की आम जनता इंटरनेट पर जो भी देखती है, उस पर आसानी से यकीन कर लेती है।" पोस्ट का लिंक देखें।

Fact Check Tiger market is organised in Bangladesh Royal Bengal Tigers are sold the video is complet

Image Source : PTI
फैक्ट चेक

एक्स पर दिए गए कैप्शन के अनुसार, यह वीडियो एआई जनरेटेड है। साथ ही, वीडियो के नीचे दाहिने कोने में 'VEO' का वॉटरमार्क भी दिखाई देता है, जो इस बात का संकेत है कि यह वीडियो गूगल के एआई टूल VEO 3 की मदद से तैयार किया गया है।वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने ‘Hive Moderation’ नामक एक एआई विश्लेषण टूल का उपयोग किया। इस टूल के मुताबिक, वीडियो के एआई जनरेटेड होने की संभावना 90 प्रतिशत से अधिक पाई गई। हमारी पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो पूरी तरह से एआई जनरेटेड है और इसे गूगल के एआई टूल VEO की मदद से तैयार किया गया है।

(इनपुट-भाषा)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement