महाकुंभ 2025 के भव्य मेले ने कई लोगों को वायरल कर दिया है, जिनमें से एक माला बेचने आईं लड़की मोनालिसा भी हैं। मोनालिसा को कुंभ में जिसने भी देखा वो उनकी खूबसूरत नीली आंखों का दीवाना हो गया। मोनालिसा के कुछ ऐसे वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया है। इन दिनों मोनालिसा खुद को फिल्मों के लिए तैयार कर रही हैं। वह अपनी एक्टिंग क्लास और पढ़ाई के वीडियोज दिखा चुकी हैं। इस बीच एक लड़की का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह गुंडों की पिटाई करती दिख रही है। लोगों की मानें तो ये कोई और नहीं बल्कि महाकुंभ में माला बेचने आई मोनालिसा हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि फिल्म के एक सीन की शूटिंग के लिए लड़की कई गुंडों को एक साथ मारती नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस के सामने करीब 4-5 बदमाश खड़े हैं, जिनके हाथों में डंडे और चाकू नजर आ रहे हैं। इसके बाद जैसे ही वो आगे बढ़ते हैं तो एक्ट्रेस उन पर टूट पड़ती हैं।
क्या किया गया दावा?
सोशल मीडिया हैंडल X पर ये वीडियो शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा है, ''प्रयागराज महाकुंभ से वायरल हुई माला बेचने वाली मोनालिशा अब फिल्मों में शूटिंग कर रही है। गुंडों को मार रही है।'' वहीं, फेसबुक पर ये वीडियो शेयर करते हुए एक अन्य यूजर ने लिखा है, “प्रयागराज महाकुंभ से वायरल हुई माला बेचने वाली मोनालिशा अब फिल्मों में शूटिंग कर रही है। गुंडों को मार रही है। वक्त कितनी गति से बदल गया। इसलिए जो कमजोर है उनपर अपनी ताकत दिखाने से पहले ये भी सोच लेना चाहिए कि पलटते वक्त में कम से कम नजरे न चुरानी पड़े।”

सोशल मीडिया यूजर्स की मानें तो मोनालिसा ने काफी कम समय में ही ये सब सीख लिया है। हालांकि, जब India TV ने इस दावे का फैक्ट चेक किया तो ये दावा पूरी तरह से फर्जी साबित हुआ है। फैक्ट चेक में पता चला कि ये वीडियो मोनालिसा का नहीं, बल्कि एक्ट्रेस शगुन शर्मा का है, जो ‘ये है चाहतें’ सीरियल की शूटिंग कर रहीं थीं।
India TV ने की पड़ताल
सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, इसलिए हमने इस दावे की पड़ताल करने की ठानी। वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये वीडियो 25 जनवरी, 2025 के एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला। थोड़ा और खोजने पर हमें इस शूटिंग के कुछ और वीडियो मिले। गुंडों को पीटती इस महिला के वीडियो 2024 और 2023 में भी पोस्ट किये गए थे। बता दें कि मोनालिसा को फिल्म मिलने की खबरें इसी साल जनवरी में आनी शुरू हुई थीं और शूटिंग का ये वीडियो मोनालिसा को फिल्म मिलने से काफी वक्त पहले का है।
‘Framing Thoughts Entertainment’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर करीब 4 मिनट का एक वीडियो मिला है। इसके डिसक्रिप्शन में बताया गया है कि ये वीडियो ‘ये है चाहतें’ के बिहाइंड द सीन्स का है। ‘ये है चाहतें’ सीरियल साल 2019 में टीवी पर शुरू हुआ था। इसका आखिरी एपिसोड सितंबर 2024 में आया था। एक्ट्रेस शगुन शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर हमें 1 दिसंबर, 2023 का एक पोस्ट मिला जिसमें शगुन ने वही गुलाबी सूट और प्रिंटेड दुपट्टा पहना हैं जो वायरल वीडियो वाली लड़की ने पहना था।
फैक्ट चेक में क्या निकला?
जांच में वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा गलत पाया गया। इंडिया टीवी के फैक्ट चेक ने पाया कि वीडियो में जो लड़की एक्शन कर रही हैं वो मोनालिसा नहीं, बल्कि शगुन शर्मा हैं। वीडियो को फर्जी दावों के साथ शेयर किया जा रहा है, इसलिए लोगों को ऐसी किसी भी फर्जी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है।
यह भी पढ़ें-
Fact Check: निर्मला सीतारमण ने नहीं किया इस निवेश परियोजना का समर्थन, वीडियो गलत दावे के साथ वायरल