1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: कांवड़ियों के ट्रक के आगे कूदकर मुस्लिम युवक ने किया सुसाइड? जानें इस खौफनाक वायरल VIDEO का सच

Fact Check: कांवड़ियों के ट्रक के आगे कूदकर मुस्लिम युवक ने किया सुसाइड? जानें इस खौफनाक वायरल VIDEO का सच

 Published : Jul 24, 2025 09:55 pm IST,  Updated : Jul 24, 2025 09:55 pm IST

सोशल मीडिया पर एकवीडियो शेयर हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कांवड़ियों के ट्रक के नीचे आता हुआ दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह घटना यूपी के सहारनपुर जिले के देवबंद इलाके की है, जहां 'वाहिद' नाम के युवक ने कांवड़ियों के ट्रक के पहियों के नीचे आकर जान दे दी।

fact check- India TV Hindi
फैक्ट चेक Image Source : SCREENSHOT

इन दिनों सोशल मीडिया पर किसी भी बात को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई तरह के दावे किए जाते हैं। इनमें से कई दावे पूरी तरह फर्जी होते हैं। सोशल मीडिया यूजर्स अपने से ही वीडियो और इमेज को बनाकर अपलोड करते हैं। साथ ही इस पर अजीबोगरीब दावे भी करते हैं। ऐसा ही एक और नया मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एकवीडियो शेयर हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कांवड़ियों के ट्रक के नीचे आता हुआ दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह घटना यूपी के सहारनपुर जिले के देवबंद इलाके की है, जहां 'वाहिद' नाम के युवक ने कांवड़ियों के ट्रक के पहियों के नीचे आकर जान दे दी।

हालांकि फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा फर्जी निकला। पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो हालिया नहीं, बल्कि आठ साल पुराना है। घटना जुलाई 2017 की है, जब उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित देवबंद में ‘वाहिद’ नाम के एक युवक ने कांवड़ियों के ट्रक के पहियों के नीचे कूदकर जान दे दी थी। वायरल वीडियो का इस साल हुई कांवड़ यात्रा से कोई संबंध नहीं है।

क्या हो रहा है वायरल?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “कल सहारनपुर के देवबंद में "वाहिद" नामक शख्स की, कांवड़ के ट्रक के नीचे आकर मौत हो गई। दंगा शुरु ही हुआ था, कि पुलिस के हाथ एक विडियो लगा। ये विडियो कांवड़ यात्रा की विडियो बनाते हुए एक लड़के के कैमरे में कैद हो गई। इस विडियो में साफ दिख रहा है कि यह शख्स भाग कर ट्रक के पहियों के नीचे खुद लेट गया, और मौके पर ही इसकी मौत हो गई। गंभीर सवाल यह है कि वो शख्स "वाहिद" था, उसने ऐसा क्यों किया?? किसने उसको कहा ऐसा करने के लिए?? जरा सोचिए कि अगर बदकिस्मती से ये विडियो ना होता तो क्या होता?? सरकार को चाहिए कि इस घटना के तह तक जाएं और पर्दे के पीछे से इस तरह के खेल चलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाय। ये कांवड़ यात्रा को लगातार बदनाम करने की साजिशों की एक कड़ी है। "आखिर कौन है जो हिंदुओं को 'आतंकी' घोषित करने के प्रयास में लगा हुआ है। अगर इस सवाल पर गहराई से सोचा जाय, तो उत्तर खुद ही मिल जाएगा।” 

fact check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक

वहीं, एक अन्य यूजर ने फेसबुक पर 21 जुलाई 2025 को समान दावे के साथ वायरल वीडियो को शेयर किया है।

पड़ताल:

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के एक की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च के ज़रिए खंगाला। जांच के दौरान हमें हिंदुस्तान न्यूज़ वेबसाइट पर 18 जुलाई 2017 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली, जिसमें यही वायरल दृश्य मौजूद था। लाइव हिंदुस्तान की 18 जुलाई 2017 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान एक मुस्लिम युवक की मौत हो गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 18 जुलाई की सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार के लिए रवाना हो रहे थे। इसी दौरान, कांवड़ियों को लेकर जा रहा एक मिनी ट्रक जैसे ही मंगलौर पुलिस चौकी के पास पहुंचा, वहां सड़क किनारे खड़ा वाहिद नामक युवक अचानक उसके पिछले पहिए के नीचे लेट गया।

fact check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक

ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वाहिद, देवबंद के लहसवाड़ा मोहल्ले निवासी शाहिद का बेटा था। घटना के बाद परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार करने का फैसला किया था।

Fact Check में क्या निकला?

हमारी पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो हालिया नहीं, बल्कि आठ साल पुराना है। घटना जुलाई 2017 की है, जब उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित देवबंद में ‘वाहिद’ नाम के एक युवक ने कांवड़ियों के ट्रक के पहियों के नीचे कूदकर जान दे दी थी। वायरल वीडियो का वर्तमान में चल रही कांवड़ यात्रा से कोई संबंध नहीं है। लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।