1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: ईरानी हमले के बीच भागकर बंकर में घुसे बेंजामिन नेतन्याहू? जानें वायरल Video का सच

Fact Check: ईरानी हमले के बीच भागकर बंकर में घुसे बेंजामिन नेतन्याहू? जानें वायरल Video का सच

 Published : Oct 02, 2024 08:11 pm IST,  Updated : Oct 02, 2024 08:57 pm IST

India Tv Fact Check: बेंजामिन नेतन्याहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि वह ईरानी हमले के बीच भागकर बंकर में जा रहे हैं। हालांकि, फैक्ट चेक में ये दावा गलत साबित हुआ है।

Fact Check- India TV Hindi
फैक्ट चेक। Image Source : SCREENSHOT

India Tv Fact Check: इजरायल और ईरान के बीच इस वक्त जंग के हालात बने हुए हैं। दरअसल, इजरायल इस वक्त गाजा में हमास और लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ जंग लड़ रहा है। ऐसे में अब ईरान ने भी इजरायल पर सैकड़ों मिसाइलों से हमला किया है। इस तनाव के बीच सोशल मीडिया पर कई झूठी खबरें और वीडियोज भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से जुड़ा हुआ एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि नेतन्याहू ईरान के हमले से डरकर बंकर में भाग रहे हैं। हालांकि, India Tv की ओर से किए गए फैक्ट चेक में ये दावा गलत साबित हुआ है।

क्या हो रहा है वायरल?

ईरान द्वारा मंगलवार की रात इजरायल पर किए गए हमले के बाद बेंजामिन नेतन्याहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल किया जा रहा है। इस वीडियो में नेतन्याहू भागकर कहीं जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को ईरानी समर्थक यूजर्स द्वारा शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंंजामिन नेतन्याहू ईरान के हमले से डरकर बंकर में भाग रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर MINHAJ SHEIKH द्वारा इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया गया है- "ईरानी मिसाइल हमले के बाद इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू तेल अवीव में बंकर ढूंढने के लिए भागा।" वहीं, True Watchman नाम के एक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- "ईरान के हमले के बाद इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू मौत के डर से भागकर बंकर में छिपे हुए।"

Fact Check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक।

India Tv ने की पड़ताल?

सोशल मीडिया पर बेंजामिन नेतन्याहू का ये वीडियो जमकर वायरल हो रहा था। ऐसे में हमने इसकी पड़ताल करने की ठानी। सबसे पहले सबसे पहले हमने गूगल ओपन सर्च पर जाकर बेंजामिन नेतन्याहू के बंकर में जाने की खबर सर्च की। हमें India Tv की एक खबर मिली जिसका शीर्षक था- "ईरान ने इजरायल पर दागे 200 से ज्यादा मिसाइल, बंकर में गए नेतन्याहू, अमेरिका भी एक्शन में।" हालांकि, हमें इस खबर में और अन्य खबरों में भी नेतन्याहू का बंकर में जाते हुए कोई वीडियो नहीं मिला। ऐसे में हमने वायरल हो रहे वीडियो का स्क्रीनग्रैब लेकर गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। ऐसे करके सर्च करने पर हमें बेंजामिन नेतन्याहू का एक ट्वीट मिला। नेतन्याहू के आईडी पर ये ट्वीट 14 दिसंबर 2021 को किया गया है। इस वीडियो में नेतन्याहू भाग कर कहीं जाते दिख रहे हैं। ये वीडियो वायरल हो रहे वीडियो से पूरा मैच कर रहा था। नेतन्याहू की ओर से पोस्ट किए गए इस वीडियो में लिखा है- "मुझे आपके लिए दौड़ने पर हमेशा गर्व होता है। इसे आधे घंटे पहले नेसेट में लिया गया था।" यानी कि नेतन्याहू इजरायल की संसद में जाने की बात कह रहे हैं। मामला साफ था कि नेतन्याहू के संसद में जाते हुए 3 साल पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

Fact Check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक।

Fact Check में क्या निकला?

India Tv की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया है कि ईरान के मिसाइल हमले के बीच बेंजामिन नेतन्याहू बंकर में गए थे। हालांकि, सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल किया जा रहा है वह 3 साल पुराना है और इजरायली संसद का है। इसका वर्तमान घटना से कोई लेना-देना नहीं है। लोगों को ऐसे पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है।

ये भी पढ़ें- Fact Check: तो क्या भारत को UNSC में मिल गया वीटो पावर? जानें क्या है पूरा सच


Fact Check: तिरुपति मंदिर का पंडित बताकर सोने से लदे एक शख्स का वीडियो हो रहा वायरल, जानें दावे की सच्चाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।