1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: फिर से JMM में घर वापसी करने वाले हैं चंपई सोरेन? जानें क्या है पूरा सच

Fact Check: फिर से JMM में घर वापसी करने वाले हैं चंपई सोरेन? जानें क्या है पूरा सच

 Edited By: Amar Deep
 Published : Dec 03, 2024 08:47 pm IST,  Updated : Dec 03, 2024 08:52 pm IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों चंपई सोरेन से जुड़ी एक पोस्ट काफी वायरल हो रही है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि चंपई सोरेन घर वापसी करके जेएमएम ज्वाइन करने वाले हैं। आइये जानते हैं इस दावे का पूरा सच क्या है...

फैक्ट चेक।- India TV Hindi
फैक्ट चेक। Image Source : SCREENSHOT

Originally Fact Checked by Boom: झारखंड विधानसभा चुनाव में जीत के बाद 28 नवंबर 2024 को हेमंत सोरेन ने चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। इस बीच सोशल मीडिया पर भाजपा नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि भाजपा नेता चंपई सोरेन अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) में दोबारा घर वापसी की तैयारी कर रहे।

दरअसल, इसी साल अगस्त महीने में उन्होंने जेएमएम का साथ जोड़ भाजपा का दामन थामा था। वहीं इस बार के झारखंड विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर सरायकेला सीट से चुनाव भी जीता है।

बता दें कि झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में से 56 सीटें इंडिया गठबंधन के हिस्से आईं। इसके साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा वाले इस गठबंधन ने 41 सीटों के बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया और हेमंत सोरेन ने राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

क्या हो रहा है वायरल

वहीं वायरल वीडियो न्यूज एजेंसी ANI का है, जिसमें चंपई सोरेन हेमंत सोरेन की तारीफ करते हुए कह रहे हैं, "हम राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में भाग लेंगे। वे (हेमंत सोरेन) हमारी पार्टी के नेता हैं, उन्होंने राज्य के विकास के लिए कई योजनाएं शुरू कीं और वह न्याय के लिए अपनी लड़ाई में सफल होंगे।' 

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर समाजवादी पार्टी के नेता आई. पी. सिंह ने चंपाई सोरेन के इस वीडियो को शेयर किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'घर वापसी को बेताब पूर्व मुख्यमंत्री श्री चंपई सोरेन। भाजपा को बहुत कम समय में ठोकर मारने वाले नेता बनने जा रहे हैं। JMM छोड़कर भाजपा में चले थे और अब वापस JMM में आना चाहते हैं। JMM को वापसी पर स्वागत करना चाहिए।'

सपा नेता आई पी सिंह की पोस्ट।
Image Source : SCREENSHOTसपा नेता आई पी सिंह की पोस्ट।

पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

वहीं एक्स पर ही एक अन्य वेरिफाइड यूजर संदीप खासा ने भी इस पुराने वीडियो को शेयर करते हुए यही दावा किया है।

संदीप खासा की पोस्ट।
Image Source : SCREENSHOTसंदीप खासा की पोस्ट।

पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

फैक्ट चेक में क्या निकला

टीम ने जब इस दावे की सच्चाई जानने के लिए संबंधित कीवर्ड्स की मदद से वीडियो की तलाश की तो पता चला कि यह वीडियो एएनआई का है। टीम को एएनआई और न्यूज 24 के एक्स हैंडल पर 2 फरवरी 2024 को शेयर किया गया यह वीडियो मिला। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि चंपई सोरेन हेमंत सोरेन की योजनाओं की तारीफ करते नजर आ रहे हैं।

तब जेएमएम में थे चंपई सोरेन 

बता दें कि जिस समय चंपई सोरेन ने यह बयान दिया था उस समय वह राज्य के मुख्यमंत्री थे और झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ थे। दरअसल, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाला था।

उस वक्त 5 फरवरी 2024 से झारखंड में राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू होने वाली थी, जिसमें चंपई सोरेन ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। वायरल वीडियो भी 2 फरवरी 2024 का है, उसी दिन उन्हें झारखंड के सीएम के तौर पर चुना गया था। वह 3 जुलाई 2024 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

इसके बाद चंपई सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का साथ छोड़ दिया और 30 अगस्त 2024 को हिमंत बिस्व सरमा और शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में वह भाजपा में शामिल हो गए। हालांकि हमें फिलहाल की ऐसी भी कुछ खबरें मिलीं, जिसमें चंपई सोरेन की घर वापसी की अटकलें लगाई जा रही हैं।

शेयर किया जा रहा पुराना वीडियो

वहीं अब इस वीडियो के सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद चंपई सोरेन ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगाया है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस संबंध में एक पोस्ट किया है। अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया, "पुराने वीडियो को शेयर कर मेरे बारे में भ्रामक अफवाहें फैलाई जा रही हैं।"

(Disclaimer: यह फैक्ट चेक मूल रूप से BOOM द्वारा किया गया है, जिसे Shakti Collective की मदद से India TV ने पुन: प्रकाशित किया है)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।