सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में कई तरह के फोटो और वीडियो वायरल होते हैं। इनमें से कई फोटो और वीडियो भ्रामक दावों के साथ शेयर और अपलोड किए जाते हैं। इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ऐसे ही भ्रामक वीडियो और फोटो की सत्यता की जांच करती है।
जानिए क्या हो रहा वायरल?
ऐसा ही एक वीडियो एक मौलाना को पीटे जाने से जुड़ा हुआ है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मौलाना को पीटे जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव पर की गई टिप्पणी को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मौलाना के साथ मारपीट की है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर याति शर्मा नाम की यूजर ने वीडियो में अपलोड करते हुए लिखा, 'अखिलेश यादव ने तो चुप्पी साध रखी है डिंपल यादव के अपमान पर लेकिन सपाई तो अब मौलाना लोगों को नहीं छोड़ रहे हैं भाई। आज एक और मौलाना को सपाईयों ने कूट दिया।'
30 मई, 2025 का है वीडियो
इस वायरल वीडियो की जांच पड़ताल की गई है। इसमें सामने आया ये वीडियो मई महीने में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुई समाजवादी पार्टी की एक बैठक का है। जहां आपसी विवाद के चलते पार्टी के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई थी। पिटाई का ये वीडियो NDTV के यूट्यूब चैनल पर मिला है, जिसे 30 मई 2025 को प्रकाशित किया गया था। वीडियो में बताया गया कि उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी की एक बैठक के दौरान हुई, जहां पार्टी के नेताओं के बीच आपसी कहासुनी मारपीट में बदल गई।

सपा की बैठक में हुई मारपीट
इससे जुड़ी एक खबर ABP न्यूज की वेबसाइट पर भी मिली। इसमें खबर में स्पष्ट किया गया कि यह वीडियो बुलंदशहर में सपा की एक आंतरिक बैठक के दौरान हुई मारपीट का है।

फर्जी है वायरल दावा
इस तरह फैक्ट चेक में सामने आया कि वायरल वीडियो का डिंपल यादव पर की गई टिप्पणी से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो मई महीने में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुई समाजवादी पार्टी की एक बैठक का है, जहां आपसी विवाद के चलते पार्टी के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई थी। फैक्ट चेक की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ है।